राजस्थानी रेसिपी- लसोड़ा सब्जी काफी मसालेदार और मज़ेदार होती है. बिना फ्रिज के 2 से 3 दिन तक खाने योग्य रहने वाली यह सब्जी ट्रेवल पर पूरी पराठे के साथ ले जाने के लिए बेस्ट है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Labede ki Sabji

  • लसोड़ा- 250 ग्राम
  • जीरा- ½ छोटी चम्मच
  • अजवाइन- ½ छोटी चम्मच
  • हींग- 1 पिंच
  • हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर- 1.5 छोटी चम्मच
  • सौंफ पाउडर- 1.5 छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटी चम्मच
  • अमचूर पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • तेल- 4 से 5 टेबल स्पून

विधि - How to make Lasoda Sabzi

लसोड़े उबालिए
लसोड़े की मोटी डंडिया हटा दीजिए और धो लीजिए. इसके बाद, किसी बड़े बर्तन में 2 से 2.5 कप पानी डालकर उबाल लीजिए. बर्तन को ढक दीजिए ताकि जल्दी उबाल आ जाए. पानी में उबाल आने के बाद इसमें लसोड़े डाल दीजिए और लसोड़ों को नरम होने तक ढककर उबाल लीजिए. 
6 से 7 मिनिट बाद लसोड़े को हल्का सा दबाकर चैक कर लीजिए, इसमें क्रेक पड़ रहा है, तो लसोड़े उबल गए हैं और नही पड़ रहे तो कुछ देर और उबाल लीजिए. बाद में, गैस बंद कर दीजिए और लसोड़ों को पानी में से निकालकर छलनी में डाल दीजिए और इन्हें ठंडा होने दीजिए. लसोड़ों को उबलने में कुल 10 मिनिट लगे हैं.
लसोड़े काटिए
लसोड़ों के ठंडा होने के बाद लसोड़े काटना शुरू कर दीजिए. इसके लिए, पहले चाकू से लसोड़े की टोपी छीलकर निकाल दीजिए और इन्हें 2 या 4 टुकड़ों में काट लीजिए और बीज हटा दीजिए.
सब्जी बनाइए
पैन में 4 से 5 टेबल स्पून डालकर गरम कर लीजिए. तेल गरम होते ही इसमें जीरा, अजवाइन डाल दीजिए और हल्का सा चटखा लीजिए. फिर, इसमें हींग डाल दीजिए और गैस धीमी कर दीजिए ताकि मसाले जले ना. साथ ही, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और सौंफ पाउडर डाल दीजिए. इन मसालों के बाद पैन में लसोड़े, नमक, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर भी डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए और 3 से 4 मिनिट धीमी आग पर पका लीजिए.
4 मिनिट बाद, लसोड़े की मसालेदार सब्जी बनकर तैयार है. सब्जी को प्याले में निकाल लीजिए. स्वाद में शानदार स्पाइसी लसोड़े की सब्जी को भोजन की थाल में साइड डिश की तरह परोसिए. इस सब्जी को फ्रिज में रखकर 5 से 6 दिनों और बिना फ्रिज में रखे 2 से 3 दिनों तक खाया जा सकता है. किसी भी पिकनिक या यात्रा पर इस सब्जी को पूरी या पराठे के साथ ले जाकर भरपूर मजा ले सकते हैं.
सुझाव
  • लसोड़े काफी लसलसे होते हैं, इसलिए हाथ चिपचिपे हो जाते हैं, लेकिन सब्जी बनने के बाद लसोड़े बिल्कुल भी लसलसे नही लगते. 
  • 7 से 8 सदस्यों के लिए पर्याप्त