खाना खाने के बाद मन करता है कि थोड़ा मीठा हो जाये. कद्दू की सब्जी अधिकांश लोगो को पसंद नहीं आती लेकिन अगर कद्दू का हलवा बनाया जाय तो इसे सभी पसन्द करते हैं. तो आइये फिर बनाना शुरू करें कद्दू का हलवा.
कद्दू का हलवा बनाने के लिये कद्दू एकदम पका होना चाहिये.  आप कच्चे कद्दू का हलवा भी बना सकते हैं लेकिन पका कद्दू मिठास लिये हुये होता है जो हलवे के लिये अधिक उपयुक्त होता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kaddu Halwa

  • कद्दू  - 500 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ)
  • घी - 1/4 कप
  • दूध - 1/4 कप
  • चीनी - 1/2 कप
  • मावा - 1/2 कप 
  • बादाम - 6-7
  • किशमिश - 1 टेबल स्पून
  • छोटी इलाइची - 4 (पाउडर)
  • पिस्ते - 6-7

विधि - How to make Kaddu Halwa

कढ़ाही में कसा हुआ कद्दू और दूध डालिए और दोनों को चलाकर 5 मिनिट के लिए ढककर इसे उबलने दीजिए. 5 मिनिट बाद, इसे चैक कीजिए.  
कद्दू के नरम होने के बाद, इसमें चीनी डालकर मिलाइये. इसे 2 मिनिट के लिए फिर से ढक दीजिए.2 मिनिट बाद कद्दू को चैक कीजिए. आप देखेंगे कि इसमें चीनी घुल गई है और कद्दू का रस भी निकल आया है.  चमचे से थोड़ी थोड़ी देर में चलाते हुये कद्दू से रस खतम होने तक इसे खुला ही पकाइए.
इसी बीच बादाम और पिस्तों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.  मावा को भी बारीक तोड़ लीजिए. 
कद्दू से रस जल जाने के बाद, इसमें 1 चमचा घी डालकर इसे भून लीजिए. फिर इसमें मावा मिला लीजिए और इनको 3 से 4 मिनिट लगातार चमचे से चलाते हुए भून लीजिए. बाद में,  हलवे में बादाम और किशमिश डालकर मिला दीजिये. हलवे के गाढ़े होने पर इसमें इलाइची पाउडर मिला दीजिए. 
कद्दू का हलवा बनकर तैयार हो गया है.  कद्दू के हलवा को प्याले में निकालिये.  कतरे हुये पिस्ते और बादाम को हलवे के ऊपर से डालकर सजाइये.  गरमा गरम कद्दू का हलवा परोसिये और खाइये. 
4 सदस्यों के लिये पर्याप्त
सुझाव
  • दूध डालने से कद्दू के तले पर लगने का डर नही होता.
  • मावा की जगह कन्डेन्सड मिल्क का उपयोग भी कर सकते हैं.