
डॉक्टर भीमराव रामजी आंबेडकर की 127 वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित
राष्ट्र आज भारत के संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव रामजी अम्बेडकर की 127वीं जयन्ती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। उनका जन्म 1891 में आज ही के दिन मध्यप्रदेश के महु कस्बे में हुआ था। वे भारत के पहले विधि मंत्री भी रहे।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आम्बेडकर जयंती पर उनके जन्म स्थान मध्य प्रदेश में महू में आयोजित समारोह में भाग लिया । उन्होंने आम्बेडकर स्मारक में डॉ0 आम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री द्वारा आयुष्मान भारत योजना का शुभारम्भ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जांगला गांव में आयुषमान भारत योजना के तहत पहले स्वास्थय और कल्याण केन्द्र का उद्घाटन किया। बीजापुर की गिनती देश के 115 सबसे गरीब जिलों में की जाती है। श्री मोदी विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए वहां पहुंचे थे ।
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में बस्तर इंटरनेट योजना के पहले चरण का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने वन-धन योजना का भी शुभारम्भ किया। इसका उद्देश्य जनजातीय लोगों को वन उत्पादों के मूल्य संवर्द्धन करना है।
तेलंगाना में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का शुभारंभ
पैट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने आज तेलंगाना में गरीब महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की महत्वकांक्षी प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की शुरूआत की। सूर्यपेट में एक समारोह में श्री प्रधान ने गरीबी रेखा से नीचे की महिलाओं को कुछ मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन भी प्रदान किये। केन्द्र ने इस योजना के लिए आठ हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया है।
अमरीका, ब्रिटेन और फ्रांस ने दण्ड स्वरूप सीरिया पर संयुक्त हवाई हमलों की शुरूआत की
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि सीरिया पर अमरीका-ब्रिटेन और फ्रांस ने मिलकर कार्रवाई की है।उन्होंने अपने देश के सशस्त्र बलों से सीरिया के तानाशाह बशर अल-असद के रासायनिक हथियार स्थलों पर सुनियोजित तरीकों से हमले शुरू करने के आदेश दिए हैं। श्री ट्रंप ने कहा कि इन हमलों से सीरिया सरकार द्वारा रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल पर अकुंश लगाया जा सकेगा।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने आज तालिका में 6 स्वर्ण पदक और जोड़े
ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में आज दसवें दिन भी भारत का स्वर्णिम प्रदर्शन जारी रहा। विनेश फोगाट ने महिलाओं की 50 किलोग्राम भारवर्ग फ्रीस्टाइल कुश्ती में आज भारत को 23वां स्वर्ण पदक दिलाया। वहीं सुमित ने 125 किलोग्राम भारवर्ग के फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता है। 86 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में सोमवीर ने कनाडा के एलेक्जेंडर मूरे को हराकर कांस्य पदक जीता। साक्षी मलिक ने 62 किलोग्राम भारवर्ग में फ्रीस्टाइल में न्यूजीलैंड की टायला फोर्ड को हराकर कांस्य पदक जीता है।
महिला मुक्केबाज़ी में एस.सी. मैरीकॉम ने 45 से 48 किलोग्राम भारवर्ग में नॉदर्न आयरलैंड की क्रिस्टिना ओहारा को हराकर भारत को स्वर्ण पदक दिलवाया। पुरुषों के 52 किलोग्राम भारवर्ग में गौरव सोलंकी ने भी स्वर्ण पदक जीता।निशानेबाज़ी में पचास मीटर राइफल थ्री पोज़ीशन में संजीव राजपूत ने स्वर्ण पदक जीता।
