आसियान देशों के सभी 10 नेता गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे
उच्चतम न्यायालय ने 1984 के दंगों से संबंधित जांच के पूर्व न्यायाधीश एस०एन० धींगड़ा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया
उच्चतम न्यायालय ने सिक्ख विरोधी दंगों से संबंधित 186 मामलों की आगे जांच की निगरानी के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एस एन धींगड़ा की अध्यक्षता में तीन सदस्यों का विशेष जांच दल गठित किया है। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक मिश्र की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने विशेष जांच दल को दो महीने में इन मामलों की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी।31 अक्तूबर 1984 की सुबह नई दिल्ली में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर दंगे भड़के जिसमें सिर्फ दिल्ली में ही दो हजार 733 लोग मारे गए थे।
इसरो, कल कार्टोसैट दो श्रृंखला का उपग्रह, अंतरिक्ष में भेजेगा
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो कल कार्टोसैट दो श्रृंखला का उपग्रह अंतरिक्ष में भेजेगा। पी एस एल वी रॉकेट से 30 उपग्रह आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किये जाएंगे। प्रक्षेपण के साढे 17 मिनट बाद पी एस एल वी रॉकेट पांच सौ पांच किलोमीटर की ऊंचाई पर सूर्य-समकालिक कक्षा में इन उपग्रहों को छोडेगा। पी एस एल वी की यह लंबी उड़ान दो घंटे बाईस मिनट जारी रहेगी। इस प्रक्षेपण में कनाडा, फिनलैंड, फ्रांस, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और अमरीका के 28 छोटे उपग्रह हैं। दो उपग्रह भारत के हैं।
पी.एस.एल.वी. सी 40 प्रक्षेपण, रॉकेट की 42वीं तथा इसरो के लिए इस साल की पहली उड़ान होगी। इस प्रक्षेपण के साथ ही इसरो के अध्यक्ष डॉक्टर ए.एस. किरन कुमार का कार्यकाल पूरा हो जायेगा। कार्टोसैट-2 उपग्रह इसी श्रृखंला का यह सातंवा दूर संवेदी उपग्रह है और यह पांच वर्ष तक काम करेगा। इस उपग्रह का प्रयोग शहरी और ग्रामीण इलाकों में विकास अनुप्रयोगों, तटीय भूमि उपयोग को विनियमित करने, सड़क नेटवर्क और जल वितरण जैसी सेवाओं का प्रबंधन, भौगोलिक परिस्थियों में हो रहे परिवर्तन का पता लगाने तथा नक्शे का इस्तेमाल करके भूमि उपयोगिता के लिए किया जायेगा।
आयकर विभाग ने 3,500 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्तियां संपत्तियां की जब्त
आयकर विभाग ने 3,500 करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य की 900 से अधिक बेनामी संपत्तियां जब्त की हैं. इसमें फ्लैट, दुकानें, आभूषण और वाहन इत्यादि शामिल हैं. यह कानून एक नवंबर 2016 से प्रभावी हुआ है. इस कानून के तहत पहले चल-अचल किसी किस्म की बेनामी संपत्तियों को फौरी तौर पर कुर्क करने और फिर उनको पक्के तौर पर जब्त करने की कार्रवाई करने के प्रावधान है.इसके तहत दोषियों को सात साल तक का सश्रम कारावास और संपत्ति के उचित बाजार मूल्य के 25% तक जुर्माने का भी प्रावधान है. आयकर विभाग ने मई 2017 में देशभर में अपने अन्वेषण निदेशालय के तहत 24 खास बेनामी रोकथाम इकाइयां गठित की हैं, ताकि इस कानून का अनुपालन आसान किया जा सके.
हिन्दू ग्रंथों की आडियो-टेक्स्ट सर्विस शुरू की IIT कानपुर ने
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-कानपुर (आईआईटी-के) ने एक अनूठी पहल के तहत हिन्दू धर्मग्रंथों की लिपिबद्ध एवं आडियो सेवा शुरू की है. श्रीमद् भगवद्गीता, श्रीराम चरित मानस, ब्रह्मा सूत्र, योग सूत्र, श्री राम मंगल दास तथा नारद भक्ति समेत नौ पवित्र ग्रंथों को आईआईटी ने अपने पोर्टल www.gitasupersite.iitk.ac.in.पर डाला है. यह सेवा शुरू करने वाला वह पहला इंजीनियरिंग संस्थान है. पोर्टल पर वाल्मीकि रामायण के सुंदरकांड और बालक कांड को भी अपलोड किया गया है.
पूर्व विश्व मुक्केबाजी चैम्पियन एल०सरिता देवी, 60 किलोग्राम और विश्व रजत पदक विजेता सोनिया लाथेर 57किलोग्राम वर्ग के फाइनल में
पूर्व विश्व और एशियाई चैंपियन एल. सरिता देवी और विश्व रजत पदक विजेता सोनिया लाठेर रोहतक में राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गई हैं। सरिता ने 60 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा की मोनिका को पांच-शून्य से हराया। सोनिया ने 57 किलोग्राम वर्ग में अखिल भारतीय पुलिस टीम की संध्या रानी को पांच-शून्य से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कपः पाकिस्तान से भिड़ेगी टीम इंडिया
ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें 12 जनवरी को दुबई के अजमान क्रिकेट ग्राउंड में भिड़ेंगे. पाकिस्तानी धरती पर क्रिकेट खेलने के भारत के इनकार के बाद इस मैच को दुबई में आयोजित किया जा रहा है. इस साल ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप टूर्नामेंट का आयोजन सात से 21 जनवरी तक पाकिस्तान और दुबई में हो रहा है. भारत के अलावा, पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं.
