ईरान ने विश्व शक्तियों के साथ परमाणु समझौते में किसी प्रकार के बदलाव को नामंजूर किया

ईरान ने विश्व शक्तियों के साथ अपने परमाणु कार्यक्रम पर हुए समझौते में किसी भी बदलाव को खारिज कर दिया है। इससे पहले अमरीकी राष्ट्रपति ने समझौता बनाये रखने के लिए कड़े उपायों की मांग की थी। वर्ष 2015 में अमरीका तथा पांच अन्य विश्व शक्तियों ने ईरान के साथ उसके परमाणु हथियार कार्यक्रम को रोकने के लिए एक समझौता किया था और ईरान को अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और बैंकिंग में छूट दी थी। अमरीकी कानूनों के अनुसार राष्ट्रपति को प्रत्येक 120 दिन के बाद प्रतिबंधों का नवीनीकरण करना होता है। अमरीका चाहता है कि समझौते में शामिल यूरोपीय संघ के देश ईरान के यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम पर स्थायी रूप से प्रतिबंध लगाने के लिए सहमत हो जायें।
टीबी से पीडि़त मरीजों को प्रति माह पांच सौ रुपये देने की योजना
सरकार ने तपेदिक-टीबी से पीडि़त मरीजों की मदद के लिए उन्हें प्रति माह पांच सौ रुपये देने की योजना बनाई है। यह राशि उन्हें इलाज पूरा होने तक पोषक आहार और यात्रा खर्च के लिए दी जायेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रस्ताव के अनुसार तपेदिक से पीडि़त लगभग 25 लाख मरीजों को यह सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आमदनी का स्तर नहीं देखा जायेगा।
ललित कला अकादमी की आज राष्ट्रीय अकादमी पुरस्कारों की घोषणा
ललित कला अकादमी ने अपने 59वें राष्ट्रीय अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी। दृश्य कला के विभिन्न वर्गों में कुल पंद्रह पुरस्कार दिये गये। दस पुरस्कार तीस से पचास आयु वर्ग के लिये और पांच पुरस्कार पचास वर्ष से अधिक आयु वर्ग को दिये गये।प्रत्येक वर्ष एक राष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है, जिसमें देशभर के कलाकार भाग लेते हैं। इस वर्ष अकादमी को तीन हज़ार छह सौ चवालीस प्रवष्टियां मिली थीं, जिनमें से 172 को प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया।
असम में भोगाली बिहू का उत्सव शुरू
असम में भोगाली बिहू के एक दिन पहले आज उरूका मनाया गया। यह फसल कटाई का त्यौहार है। इस अवसर पर रात राज्यभर में सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया ।राज्यपाल जगदीश मुखी और मुख्यमंत्री सर्बानन्द सोनोवाल ने लोगों को बिहू की बधाई दी है।
इस्रायल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतनयाहू छह दिन की भारत यात्रा पर
श्री नेतनयाहू प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ सोमवार को प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस्रायली प्रधानमंत्री का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में रस्मी स्वागत किया जाएगा। वे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे। श्री नेतनयाहू अपनी यात्रा के दौरान आगरा, अहमदाबाद और मुम्बई भी जायेंगे।
छाया मंत्री बनीं ब्रिटेन की पहली महिला सिख सांसद
ब्रिटेन की पहली महिला सिख सांसद प्रीत कौर गिल को विपक्षी लेबर पार्टी के नेता जेरेमी कोर्बिन ने पदोन्नत करके छाया कैबिनेट मंत्री बना दिया है. छाया कैबिनेट वरिष्ठ सांसदों का एक दल होता है जिसे सरकार के कैबिनेट को आईना दिखाने के लिये विपक्ष का नेता चुनता है.44 वर्षीय गिल लेबर पार्टी के टिकट पर पिछले साल आठ जून को हुए मध्यावधि चुनाव में बर्मिंघम एजबेस्टन सीट से चुनाव जीती थीं. जुलाई में उन्हें ब्रिटिश संसद में गृह मामलों की प्रवर समिति के लिये निर्वाचित किया गया था.
दृष्टि बाधित विश्व कप क्रिकेट में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया
दृष्टिबाधित विश्वकप क्रिकेट प्रतियोगिता में दुबई में मौजूदा चैम्पियन भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट पर 282 रन बनाए। भारतीय टीम ने जीत का लक्ष्य 34 ओवर और 5 गेंदों में हासिल कर लिया।