पी. वी. सिंधु कोरिया ओपन सुपर सीरीज जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनी।
पी वी सिंधु कोरिया ओपन सुपर सीरीज जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बन गई हैं। आज सियोल में फाइनल में उन्होंने जापान की नोजोमी ओकुहारा को कड़े मुकाबले में 22-20, 11-21, 21-18 से पराजित किया। सिंधु पिछले महीने ग्लासगो में हुई विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में ओकूहारा से हार गई थीं। इस साल सिंधु का यह दूसरा सुपर सीरीज खिताब है। इससे पहले उन्होंने इंडिया ओपन भी जीता था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में नर्मदा नदी पर बना सरदार सरोवर बांध राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सवेरे गुजरात में नर्मदा जिले के केवडिया में सरदार सरोवर बांध राष्ट्र को समर्पित किया।इस परियोजना से नर्मदा के जल से न सिर्फ गुजरात बल्कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के किसानों को भी लाभ होगा।बांध से गुजरात में नौ हजार गांवों की अठारह लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि की सिचाई हो सकेगी।
सरदार सरोवर बांध की ऊंचाई 138 दशमलव छह आठ मीटर तक बढ़ाने के बाद अब जल संग्रह की कुल क्षमता चार दशमलव सात तीन मिलियन एकड़ फीट की हो गई है। एक दशमलव दो किलोमीटर लंबे और 163 मीटर गहरे सरदार सरोवर बांध के दो ऊर्जा संयंत्रों से कुल चार हजार एक सौ 41 करोड़ यूनिट बिजली पैदा हो चुकी है। इनसे उत्पन्न बिजली मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात को मिलेगी। यह परियोजना से दस लाख किसानों को सिंचाई की और राजस्थान समेत करीब चार करोड़ लोगों को पीने के पानी की सुविधा का लाभ मिलने वाला है। यह बांध से नर्मदा के दोनों तट पर 200 से अधिक गांव और भरूच शहर के साथ करीब 20 हजार हेक्टेयर जमीन को बांध के सामने सुरक्षा मिलेगी।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया देशभर में स्वच्छता अभियान की शुरूआत।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज 68वां जन्मदिन देशभर में भारतीय जनता पार्टी इसे सेवा दिवस के रूप में मना रही है। आज देश भर में स्वच्छता ही सेवा अभियान मनाया गया। नई दिल्ली में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन ने दिल्ली छावनी से विधिवत इस अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और शौचालय बनाने के लिए मंत्रालय ने 50 करोड़ रुपए दिए हैं।
डिफेंस मिनिस्ट्री की ओर से हम तीन ऐसे आब्जेक्टिव रखके 2019 तक इस काम को ले चलेंगे। हाई अलटीट्यूड में माउनटेंस में ग्लेशियरर्स में स्वच्छता के लिए अभियान चलाएंगे और दूसरा यह काम है। कंट्रोलमेंट बोर्ड से कंट्रोलमेंट बोर्ड के अंदर जो भी सीविक एरिया है। उनमें भी साफ सुथरा रखने के लिए काम उठाएंगे। इसलिए हम कुल मिलाकर के 50 करोड़ तक अलोकेशन ऑलरेडी कर चुके हैं।
जनता दल- युनाइटेड के असंतुष्ट गुट ने नीतिश कुमार को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाया
जनता दल- युनाइटेड के शरद यादव गुट ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाकर गुजरात के वरिष्ठ विधायक छोटू भाई वसावा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। असंतुष्ट गुट ने आज नई दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जिसमें यह फैसला लिया गया। पार्टी ने अनुशासन समिति बनाई है जो श्री नीतिश कुमार और अन्य पर कार्रवाई करेगी। पार्टी से निकाले गये नेता अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में श्री नीतिश कुमार के सभी फैसलों को अवैध घोषित किया गया।
75 लाख रुपये तक के टर्नओवर वाले छोटे करदाताओं के लिए संयोजन योजना फिर से शुरू
जीएसटी नेटवर्क ने कहा है कि उसने 75 लाख रुपये तक के टर्नओवर वाले छोटे करदाताओं के लिए संयोजन योजना को चुनने की सुविधा फिर शुरू की है। ऐसे छोटे करदाताओं को इस योजना के लिए इस महीने तक का समय दिया गया है। इस योजना से कारोबार आसान होगा क्योंकि इसमें तिमाही रूप से रिटर्न फाइल करनी होगी।
मार्शल अर्जन सिंह का कल नई दिल्ली में राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा अंतिम संस्कार
भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह का कल नई दिल्ली में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा। अंतिम संस्कार दिल्ली छावनी के बरार स्क्वेयर में होगा। अंतिम संस्कार से पहले बंदूकों की सलामी दी जायेगी और फ्लाई पास्ट होगा। राष्ट्रीय राजधानी में कल सभी सरकारी भवनों पर तिरंगा झुका रहेगा। वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह का कल शाम नई दिल्ली ह्दय गति रूक जाने से निधन हो गया था, वे 98 वर्ष के थे।मार्शल 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अपनी भूमिका के लिए जाने जाते हैं।15 अप्रैल 1919 को जन्में भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह को वायु सेना के नेतृत्व की जिम्मेदारी सिर्फ 44 साल की उम्र में दी गई थी। वे 1965 के भारत -पाकिस्तान के युद्ध में वायु सेना प्रमुख थे। उन्होंने ऑपरेशन ग्रेंड स्लेम चलाया जिसका प्रमुख लक्ष्य अखनुर था। अर्जन सिंह को युद्ध में उनके नेतृत्व के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
देशभर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के लिए नई मेट्रो नीति जारी।
आवास और शहरी कार्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देश के विभिन्न शहरों में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के लिए नई मेट्रो नीति जारी की है। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले महीने इस नीति को मंजूरी दी थी। श्री पुरी ने कल नई दिल्ली में नई मेट्रो रेल नीति जारी की।
