H-1B वीजा: 5 महीने बाद फिर प्रीमियम प्रोसेसिंग शुरू, भारतीयों को मिलेगा फायदा
अमेरिका ने H-1B वीजा की सभी श्रेणियों में त्वरित प्रक्रिया (प्रीमियम प्रोसेसिंग) फिर से शुरू कर दी है. इस प्रक्रिया के शुरू होने का सबसे ज्यादा फायदा भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स को मिलेगा. दरअसल आईटी क्षेत्र में काम करने वाले भारतीयों के बीच H-1B वीजा काफी प्रचलित है.अमेरिकी सरकार ने 5 महीने पहले बड़ी संख्या में प्रीमियम प्रोसेसिंग के लिए आवेदन आने के बाद इसे स्थगित कर दिया था. इस प्रक्रिया को फिर से सोमवार को शुरू कर दिया है. दअरलस प्रीमियम प्रोसेसिंग के तहत आए आवेदन को 15 दिन के भीतर निपटा दिया जाता है. किसी वजह से अगर ऐसा नहीं होता है, तो 15 दिन के बाद इसके लिए भरी गई फीस वापस लौटा दी जाती है. हालांकि आवेदन को तेजी से निपटाने का काम जारी रहता है.
करीब 40 लाख भारतीय-अमेरिकी अमेरिका में रह रहे हैं और 7,00,000 अमेरिकी नागरिक भारत में रहते हैं. पिछले साल अमेरिकी सरकार ने करीब 10 लाख वीजा भारतीय नागरिकों को जारी किया और 17 लाख भारतीय नागरिकों के अमेरिका यात्रा को सुगम बनाया.
इलाहाबाद हाईकोर्ट में 19 नये जजों की नियुक्ति
इलाहाबाद हाईकोर्ट में 19 नये न्यायाधीश नियुक्त हुए हैं। नव नियुक्त न्यायाधीशों में दिल्ली में रहने वाले और सुप्रीम कोर्ट में वकालत करने वाले उत्तर प्रदेश के एडीशनल एडवोकेट जनरल दिनेश कुमार सिंह व उत्तर प्रदेश के स्थायी अधिवक्ता तथा छत्तीसगढ़ के एडीशनल एडवोकेट जनरल चंद्र धारी सिंह भी शामिल हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत न्यायाधीश आरपी मिश्रा के पुत्र राजीव मिश्रा भी न्यायाधीश नियुक्त हुए हैं। इन सभी की नियुक्ति दो वर्ष के लिए एडीशनल जज के रूप मे हुई है। ये सभी शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे।राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 224 (1) की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए 19 वकीलों की इलाहाबाद हाईकोर्ट में एडीशनल जज के पद पर नियुक्ति की है।
म्यॉंमा की स्टेट काउंसलर आंग सांग सू ची ने कहा-राखिन प्रांत में अशांति फैलाने वालों को कानून का सामना करना पड़ेगा
म्यांमा की स्टेट काउंसलर आंग सां सू ची ने मानवाधिकार के सभी तरह के उल्लंघनों की निंदा की है। राखिन में भड़की हिंसा के बाद पहली बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए सू ची ने कहा कि म्यांमा को अंतर्राष्ट्रीय जांच से कोई डर नहीं है और देश संघर्ष का स्थायी समाधान चाहता है। उन्होंने ये भी कहा कि सरकार क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के सभी प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने और मानवाधिकारों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जापान ओपन सुपर सीरिज बैडमिंटन टूर्नामेंट तोक्यो में शुरू
जापान ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट मैच तोक्यो में खेले जा रहे हैं। आज क्वालीफाई मुकाबलों के अलावा कुछ मिश्रित युगल मुकाबले खेले जायेंगे। रविवार को कोरिया ओपन का खिताब जीतने वाली पी वी सिंधु इस छह दिवसीय स्पर्धा में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। रियो ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता चौथी वरीयता प्राप्त सिंधु का मुकाबला जापान की मिनात्सु मितानी से कल होगा।
नेपाल ने मनाया संविधान दिवस
नेपाल में आज संविधान दिवस मनाया गया । देश में 2015 में आज ही के दिन नया संविधान लागू किया गया था। इस अवसर पर राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी, उप राष्ट्रपति नंदा बहादुर पून और प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने देशवासियों को बधाई दी है।
