जनवरी 12,2018

इसरो ने आंध्रप्रदेश में श्रीहरिकोटा से देश के सौवें कार्टोसेट-टू श्रृंखला के उपग्रह सहित 31 उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण किया
भारत ने मौसम संबंधी जानकारी देने में सक्षम कार्टोसैट-टू श्रेणी के उपग्रह सहित 31 उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण किया। इन्‍हें आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्‍द्र से  पी.एस.एल.वी. रॉकेट के ज़रिए छोड़ा गया। इनमें भारत के कार्टोसैट-टू के अलावा एक माइक्रो तथा एक नैनो सैटेलाइट और 28 विदेशी उपग्रह शामिल हैं। पीएसएलवी के पिछले लांच में जो भी समस्या आई थी, उसका समिति ने गहन अध्ययन किया। इसके बाद उस प्रणाली को अधिक कारगर बनाने के लिए आवश्यक सुधार और उपाय किए।
देश की औद्योगिक उत्‍पाद वृद्धि दर नवम्‍बर में आठ दशमलव चार प्रतिशत के साथ 17 महीनों के उच्‍चतम स्‍तर पर। खुदरा महंगाई दर पांच प्रतिशत से अधिक
दिसम्‍बर महीने के दौरान खुदरा मुद्रास्‍फीति की दर बढ़कर पांच दशमलव दो प्रतिशत हो गई। खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी से महंगाई में यह बढत दर्ज हुई। नवम्‍बर के दौरान मुद्रास्‍फीति की दर चार दशमलव आठ प्रतिशत थी। जारी आंकड़ों के अनुसार खाद्य पदार्थों की महंगाई दर चार दशमलव चार प्रतिशत से बढ़कर चार दशमलव नौ प्रतिशत पर पहुंच गई।
देश में पांच वर्ष की आयु तक के शिशुओं की मृत्‍यु दर में कमी
भारत में पांच वर्ष की आयु तक के शिशुओं की मृत्‍यु दर में उल्‍लेखनीय कमी आई है। 2015 में प्रति हजार शिशु मृत्‍यु दर 43 थी जो 2016 में घटकर 39 पर आ गई। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि यह उपलब्धि सरकार के प्रयासों का नतीजा है। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की  कि 2030 तक प्रति हजार शिशु मृत्‍यु दर 25 पर लाने के लक्ष्‍य को हासिल कर लिया जायेगा।
जम्‍मू-कश्‍मीर सरकार राज्‍य में 17 नये डिग्री कॉलेज खोलेगी
जम्‍मू कश्‍मीर सरकार ने राज्‍य में 17 नये डिग्री कॉलेज खोले जाने के प्रस्‍ताव को मंजूरी दे दी है। प्रदेश के उच्‍च शिक्षा मंत्री अल्‍ताफ बुखारी ने आज विधानसभा में एक सदस्‍य के सवाल के जवाब में बताया कि ये कॉलेज प्रदेश के ऐसे स्‍थानों पर बनाए जाएंगे जहां अभी तक कोई कॉलेज नहीं है। शिक्षा विभाग इन कॉलेजों के लिए जगह की तलाश कर रहा है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग इन कॉलेजों में जल्‍द से जल्‍द अकादमिक गतिविधियां शुरू करने का प्रयास कर रहा है।
पूर्व विश्‍व रजत पदक विजेता सरजू बाला देवी ने हरियाणा के रोहतक में राष्‍ट्रीय महिला मुक्‍केबाजी चैम्पियनशिप में स्‍वर्ण पदक जीता
राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में मणिपुर की सरजूबाला देवी ने फ्लाइटवेट श्रेणी में हरियाण की रितु को 3-2 से हराकर स्‍वर्ण पदक जीता। पूर्व विश्व चैंपियन तथा भारतीय पुलिस टीम की एल सरिता देवी ने 60 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में रेलवे की पवित्रा को हराकर स्‍वर्ण पदक हासिल किया।