जनवरी 01,2017
भारतीय स्‍टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने ब्‍याज दर में शून्‍य दशमलव नौ प्रति‍शत तक की कटौती की।
भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने आज अपनी बैंचमार्क ब्याज दरें शून्य दशमलव नौ प्रतिशत तक घटा दी। भारतीय स्‍टेट बैंक ने कहा है कि बैंचमार्क ब्याज दर एक वर्ष की अवधि के लिए आठ दशमलव नौ शून्य प्रतिशत से घटाकर आठ प्रतिशत कर दी गई हैं। नई दरें एक महीने, तीन महीने और छह महीने की अवधि पर भी लागू होंगी। संशोधित बैंचमार्क दरों के अनुसार दो वर्ष की अवधि के लिए ब्याज दर आठ दशमलव एक शून्य प्रतिशत और तीन वर्ष की अवधि के लिए आठ दशमलव एक पांच प्रतिशत होगी।
सीरिया में राष्ट्र व्यापी संघर्ष विराम के प्रस्ताव को मंजूरी
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सीरिया में राष्ट्र व्यापी संघर्ष विराम के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। रूस द्वारा तैयार किया गया यह प्रस्ताव कल रात रूस और तुर्की ने पेश किया था। सुरक्षा परिषद ने रूस और तुर्की के प्रयासों का समर्थन किया। इसका उद्देश्य सीरिया में हिंसा रोकना और राजनीतिक प्रक्रिया शुरू करना है।
प्रोफेसर डेविड आर सिम्लिह को यूपीएससी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया
प्रसिद्ध इतिहासकार और शिक्षाविद प्रोफेसर डेविड आर सिम्लिह को संघ लोक सेवा आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने आयोग के सदस्य प्रोफेसर सिम्लिह को इस पद पर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति चार जनवरी से प्रभावी होगी।
भारतीय मूल के ब्रिटिश प्रोफेसर नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित
भारतीय मूल के ब्रिटिश प्रोफेसर शंकर बालसुब्रमण्यम को ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ (द्वितीय) ने विज्ञान और चिकित्सा क्षेत्र में कार्य के लिए नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया है. कैंब्रिज विश्वविद्यालय में मेडिसिनल केमिस्ट्री के प्रोफेसर बालसुब्रमण्यम अगली पीढ़ी की डीएनए सिक्वेंसिंग के को-रिसर्चर के रूप में जाने जाते हैं. उन्होंने नाइटहुड को अपने लिए बड़ा सम्मान बताया है.
सोमदेव देववर्मन ने पेशेवर टेनिस से सन्‍यास लेने की घोषणा की।
सोमदेव देववर्मन ने पेशेवर टेनिस से संन्यास लेने की घोषणा की है। भारत के शीर्ष सिंगल्‍स खिलाड़ी रहे सोमदेव ने कंधे में बार- बार की चोट से परेशान होकर संन्‍यास का फैसला किया। ऐसा अनुमान है कि वह अब कोचिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। उन्‍होंने 2008 में टेनिस में पदार्पण किया था।