अन्तरमहाद्वीपीय बेलेस्टिक मिसाइल अग्नि-4 का ओडिसा तट से सफल परीक्षण।
भारत ने स्वदेश में निर्मित जमीन से जमीन पर मार करने वाली परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम लंबी दूरी की अन्तर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-4 का सफल परीक्षण किया है। अग्नि-4 मिसाइल टू स्टेज जमीन से जमीन पर मार करने में सक्षम 20 मीटर लंबी और 17 टन के वजन वाली दूसरे चरण की मिसाइल है। यह एक टन परमाणु सामग्री लेकर चार हजार किलोमीटर तक मार कर सकती है। अमरीका की मिसाइलों के मुकाबले अग्नि-चार मिसाइल में विश्व मानकों के अनुसार तकनीकी विशेषताएं हैं। यह मिसाइल देश के किसी भी हिस्से से लंबी दूरी तक मार कर सकती हैं और दुश्मन के लिए इसे ढूंढना और किसी तरह का नुकसान पहुंचाना मुश्किल होगा। इस मिसाइल को समुद्र से भी छोड़ा जा सकता है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ से विकसित मिसाइल का यह छठा और प्रक्षेपण केंद्र से दूसरा परीक्षण होगा।
अर्चना निगम बनीं नई महालेखा नियंत्रक
अर्चना निगम को भारत सरकार की नई महालेखा नियंत्रक (सीजीए- Controlleer General of Accounts) नियुक्त किया गया है. 1981 बैच की आइसीएएस अधिकारी अर्चना निगम 01 जनवरी 2017 से वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में पदभार संभालेंगी. दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से साइकोलॉजी (ऑनर्स) में स्नातक और डीयू से ही लॉ ग्रेजुएट अर्चना, एमजे जोसेफ का स्थान लेंगी.
अनीता, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में पारदर्शिता की पक्षधर हैं. उन्होंने 2007-08 में पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी. पीएफएमएस योजनाओं को ट्रैक करने की वेब आधारित व्यवस्था है.
सभी तरह के आभूषणों पर हॉलमार्क लगाना अनिवार्य
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने सोने के गहनों के लिए हॉलमार्किंग से जुड़े मानक को सुधार कर इसे एक जनवरी से लागू कर दिया है। हॉलमार्क गाइडलाइंस में तीन अहम बदलाव किए गए। बीआईएस की ओर से जारी नए हॉलमार्किंग नॉर्म्स में कहा गया कि अब सोने की हॉलमार्किंग सिर्फ तीन कैटिगरी में होगी। यानि 14, 18 और 22 कैरेट के गहनों पर ही हॉलमार्क का निशान लगाया जाएगा। अब तक 9, 16, 17, 19, 20, 21, 23 कैरेट के गहनों पर भी हॉलमार्क लगता था। दूसरे अहम बदलाव के तहत फिटनेस मार्क के साथ कैरेट संख्या भी दर्ज होगी। मसलन 22 कैरेट के सोने पर अब 22K916 लिखा होगा। तीसरे बदलाव के तहत हॉलमार्किंग से गहने के मैन्युफैक्चरिंग वर्ष को हटा दिया गया है।
न्यायाधीश साकिब निसार पाकिस्तान के 25वें मुख्य न्यायाधीश नियुक्त
न्यायाधीश मियाँ साकिब निसार ने पाकिस्तान के 25वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली. उन्हें देश के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में शपथ दिलाई. न्यायाधीश निसार ने न्यायाधीश अनवर ज़हीर जमाली का स्थान लिया है जो सितम्बर 2015 में अपनी नियुक्ति के बाद से इस पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे.
सुप्रीम कोर्ट ने अनुराग ठाकुर को BCCI के अध्यक्ष पद से हटाया
बीसीसीआई के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को सुप्रीम कोर्ट ने उनके पद से हटा दिया है। उनके साथ अजय शिर्के को भी बीसीसीआई सचिव पद से सुप्रीम कोर्ट ने हटा दिया है। अनुराग ठाकुर पर लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों को नहीं मानने का आरोप है। अनुराग पर गलत हलफनामा देने का भी आरोप है। कोर्ट ने अनुराग ठाकुर को अदालत की न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने का दोषी पाया है। करीब डेढ़ साल से सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के बाद यह फैसला आया है। पूरे मामले की सुनवाई करते आए चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर रिटायर होने से पहले इस पर फैसला सुनाया है।
गुरू गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाशोत्सव का हुआ आगाज
सिखों के दसवें और अंतिम गुरू, गुरू गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाशोत्सव के आगाज से बिहार में तख्तश्री हरिमंदिर साहिब, गुरू का बाग सहित गुरूजी से जुडे सभी स्थल सहित राजधानी पटना के सभी गुरूद्वारों में गुरूवाणी से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। गुरूद्वारों में विशेष गुरूवाणी और शबद-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य प्रभातफेरी निकाली जा रही है। प्रकाशोत्सव का मुख्य समारोह पांच जनवरी को ऐतिहासिक गांधी मैदान में है।
