विश्व एड्स दिवस : 1 दिसम्बर
केंद्रीय मंत्रीमंडल की राष्ट्रीय पोषण मिशन की स्थापना को मंजूरी
राष्ट्रीय पोषण मिशन-एन.एन.एम. को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्थापित करने की मंजूरी दी। इसका तीन वर्ष का बजट नौ हजार 46 करोड़ रुपये से अधिक रखा गया है, जिसकी शुरूआत 2017-18 से होगी। इस मिशन द्वारा देश भर में पोषाहार संबंधी कार्यों पर नजर रखी जाएगी, लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे ,और दिशा-निर्देश प्रदान किया जाएगा। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक बच्चे, गर्भवती मां और दूध पिलाने वाली मां को पर्याप्त पौष्टिक आहार मिले, ताकि कुपोषण और बच्चों का विकास अवरूद्ध होना खत्म किया जा सके। यह मिशन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा। वूमेन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट के साथ हेल्थ डिपार्टमेंट का कुपोषण को रोकने के लिए एक बहुत बड़ा कंवर्जन्स का एक कार्यक्रम है।
इस मिशन से आने वाले वक्त में 10 करोड़ से अधिक लोगों का लाभ मिलेगा। सभी राज्यों और जिलों को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जाएगा अर्थात् 2017-18 में 315 जिलों, 2018-19 में 235 जिलों और शेष जिलों को 2019-20 शामिल किया जाएगा।
BJP को निकाय चुनावों में मिली शानदार जीत
उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने भारी जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों में 16 नगर निगमों में से 14 सीट भाजपा ने जीत लीं है, वहीं बसपा के खाते में केवल दो सीटें आई हैं। उत्तर प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है वह कोई भी सीट नहीं जीत पाई।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के विजन और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रणनीतिक कुशलता को दिया।
विश्व उद्यमिता सम्मेलन हुआ समाप्त
3 दिवसीय ग्लोबल आंत्रप्रेन्योरशिप समिट का हैदराबाद में समापन हो गया. सम्मेलन के आखिरी दिन मीडिया और एंटरटेनमेंट को लेकर विशेष सत्र का आयोजन किया गया. सम्मेलन में उद्यमिता, निवेश और नए विश्व और भारत को लेकर विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा किए. महिला उद्यमियों को खास तवज्जो देते हुए ये सम्मेलन महिलाओं को मज़बूत करने के लिए काफी उपयोगी रहा.भारत और अमेरिका के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस सम्मेलन में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने किया.
सशस्त्र बल सप्ताह :1 से 7 दिसम्बर
रक्षामंत्रालय द्वारा आज सशस्त्र बल सप्ताह की शुरूआत की गई । यह पहली दिसम्बर से सात दिसम्बर तक मनाया जाएगा। रक्षामंत्री निर्मला सीतारामण ने देशवासियों से सशस्त्र बल ध्वज लगाने की अपील की है। लोग वेबसाइट www.ksb.gov.in.के जरिए शहीदों की विधवाओं, बच्चों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए दान भी दे सकते हैं।
भारत विश्व पुरूष स्कवॉश चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा
भारत के महेश मन्गांवकर ने जर्मनी को 2-1 से हराकर डब्ल्यू एस एफ वर्ल्ड पुरूष टीम स्कवैश चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। फ्रांस के मार्सीले शहर में महेश ने जर्मनी के वैलेंटिन रैप को 11-6, 11-7, 11-4 से हराया।
