फिर से अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन परिषद का सदस्य बना भारत
लंदन में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन - आई.एम.ओ. में भारत को परिषद का फिर से सदस्य चुन लिया गया। ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त वाई.के. सिन्हा ने इस बैठक में भाग लिया। भारत को सदस्य देशों से 144 जबकि जर्मनी को सबसे अधिक 146 मत मिले।
आन्ध्र प्रदेश में कापू समुदाय के लोगों को पांच प्रतिशत आरक्षण देने वाला विधेयक पारित
आंध्र प्रदेश की विधानसभा ने कापू समुदाय के लोगों को शिक्षा और रोजगार में 5 प्रतिशत आरक्षण देने के विधेयक को सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया तथा इस समुदाय को पिछड़ी जातियों की सूची में भी शामिल कर लिया गया है। न्यायमूर्ति मंजूनाथ आयोग की सिफारिश पर कापू समुदाय को आरक्षण दिया गया है। कापू समुदाय को आरक्षण मिलने से राज्य में कुल आरक्षण 55 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा, जो उच्चतम न्यायालय द्वारा आरक्षण के लिए निर्धारित 50 प्रतिशत की अधिकतम सीमा से ज्यादा है। कापू समुदाय को आरक्षण देने के फैसले से पिछड़ी जातियों के मौजूदा आरक्षण पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
कोणार्क नृत्य महोत्सव हुआ शुरू
पांच दिन चलने वाले कोणार्क नृत्य महोत्सव की शुरूआत हो गई है। यह वार्षिक महोत्सव ओडिशा के प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर के निकट आरंभ हुआ। इस विशाल सूर्य मंदिर के निकट देश-विदेश की दस लोकप्रिय शास्त्रीय मंडली हिस्सा ले रही हैं।
तीन तलाक विधेयक में पति को तीन साल की जेल का होगा प्रावधान
तीन तलाक को गैर-कानूनी ठहराने वाले विधेयक के मसौदे में इस कुरीति को रोकने के लिए पति को तीन वर्ष की जेल की सजा तय की गई है। मुस्लिम महिला निकाह संरक्षण अधिकार विधेयक का मसौदा राज्य सरकारों की राय जानने के लिए भेजा गया है। इस विधेयक को 15 दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में रखे जाने की संभावना है। प्रस्तावित कानून केवल तुरंत तीन तलाक यानी पर लागू होगा और इसमें पीड़िता को अपने नाबालिग बच्चों के लिए गुजारा भत्ते के वास्ते मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील करने का अधिकार दिया जायेगा। प्रस्तावित विधेयक के मसौदे के तहत एक झटके में बोलकर, लिखकर या ई-मेल अथवा एस एम एस जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिये तीन बार तलाक कहना अवैध होगा। तुरंत तीन तलाक गैर जमानती और संज्ञेय अपराध होगा।
इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रबंध निदेशक होंगे सलिल एस. पारेख
भारत की दूसरी सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इंफोसिस ने सलिल एस. पारेख को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है. पारेख दो जनवरी 2018 को अपना पदभार ग्रहण करेंगे. कंपनी के निदेशक मंडल के चेयरमैन नंदन नीलेकणि ने कहा, ‘‘उनके पास सूचना प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र में लगभग तीन दशक काम करने का अनुभव है. कई कारोबारों को बनाने और कई अधिग्रहणों को सफलतापूर्वक प्रबंध करने का उनका शानदार रिकॉर्ड है.’’
दिल्ली टेस्ट में कोहली और मुरली विजय के शतक से भारत मजबूत स्थिति मैं
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में श्री लंका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने चार विकेट के नुकसान पर 371रन बना लिए हैं। भारत के कप्तान विराट कोहली 156 और रोहित शर्मा 6 रन बनाकरक्रीज़ पर हैं | मुरली विजय ने भी 155 रन बनाए।
