गुजरात विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के साथ मतदान पुष्टि पर्ची का भी इस्तेमाल होगा - मुख्य निर्वाचन आयुक्त अचल कुमार जोति
ईरान में चाबहार बंदरगाह के पहले चरण का उद्घाटन
ईरान में चाबहार बंदरगाह के पहले चरण का ईरान के राष्ट्रपति हसन रौहानी ने उद्घाटन किया। इससे ईरान, भारत और अफगानिस्तान के बीच आने-जाने का रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्ग खुल गया है। जहाजरानी राज्य मंत्री राधाकृष्णन ने चाबहार में शाहिद बहेश्ती बंदरगाह पर हुए उद्घाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। ईरान की दो दिन की यात्रा के दौरान श्री राधाकृष्णन ने दूसरी भारत-ईरान-अफगानिस्तान मंत्री स्तरीय बैठक में भी हिस्सा लिया।
ओमान की खाड़ी में बनाए जाने वाले बंदरगाह में भारत की विशेष भूमिका है यहां भारत के पश्चिमी तट से आसानी से पहुंचा जा सकता है। इससे भारत, अफगानिस्तान और ईरान के बीच व्यापार बढ़ेगा। पाकिस्तान के रास्ते पहुंच न होने की स्थिति में इस बंदरगाह का विशेष महत्व है।
भोपाल गैस त्रासदी की 33वीं बरसी : 3 दिसम्बर
मध्यप्रदेश में भोपाल गैस त्रासदी को 33वीं बरसी पर याद किया गया | यह दुनिया की सबसे भयंकर औद्योगिक त्रासदियों में से एक थी। 1984 में दो और तीन दिसम्बर की रात में यूनियन कार्बाइड संयंत्र से मिथाइल आईसोसाइनेट गैस (MIC gas)रिसने के कारण 15 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थीऔर लाखों लोगों पर इसका दुष्प्रभाव अब तक बना हुआ है। त्रासदी के पीडि़तों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज सवेरे भोपाल के बरकतुल्ला भवन में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस त्रासदी के शिकार लोग आज भी पूरे न्याय के इंतजार में है।सरकार ने अब तक गैस पीडि़तो को तीन हजार 840 करोड़ रूपये की राशि मुआवजे के तौर पर दी है।
देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की 133वीं जयंती आज
3 दिसम्बर को देश के प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद को उनकी 133वीं जयंती पर याद किया। राजेंद्र प्रसाद का जन्म 3 दिसंबर, 1884 को बिहार के सीवान में हुआ था। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया था।राष्ट्रपति भवन के अशोक हाल में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, राष्ट्रपति सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ प्रसाद के विशाल चित्र के सामने पुष्प चढ़ाकर उन्हें नमन किया।
विराट कोहली कप्तान के रूप में छह दोहरे शतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने
कप्तान के रूप में विराट कोहली छह दोहरे टेस्ट शतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।कप्तान विराट कोहली के रिकॉर्ड दोहरे शतक की बदौलत भारत ने आज अपनी पहली पारी सात विकेट पर पांच सौ 36 रन बनाकर घोषित की।
