RBI ने मौद्रिक ब्याज दरें छह प्रतिशत के स्तर पर कायम रखीं
भारतीय रिजर्व बैंक ने मौद्रिक ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। मौद्रिक नीति समिति की बैठक में रेपो दर को छह प्रतिशत के स्तर पर बरकरार रखा है। रिवर्स रेपो दर भी पांच दशमलव सात पांच के स्तर पर बनी रहेगी।
रिजर्व बैंक ने कहा है कि नीतिगत ब्याज दरों में बदलाव न करने का फैसला उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के मध्यम अवधि लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए किया गया है। कुछ राज्यों में किसानों ऋण माफी योजना लागू होने, पेट्रोलियम उत्पादों पर उत्पाद शुल्क और वैट की आंशिक वापसी और कई वस्तुओं की वस्तु और सेवाकर दरों में कटौती से सरकार के वित्तीय संसाधानों में कुछ कमी आ सकती है।
भारत बनेगा अंतरराष्ट्रीय अंतरसरकारी संगठन
भारत के वैश्विक पहल, अंतरराष्ट्रीय सौर गठजोड़-आईएसए से संधि आधारित अंतरराष्ट्रीय अंतरसरकारी संगठन बन जाएगा। आईएसए का उद्देश्य सदस्य देशों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है। संगठन का मुख्यालय भारत में है और इसका सचिवालय हरियाणा के गुरुग्राम में राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान के परिसर में है। इस अभियान की शुरुआत नवम्बर 2015 में 21वें पेरिस जलवायु सम्मेलन-सीओपी-21 से अलग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा औलांद ने मिलकर की थी। मकर रेखा और कर्क रेखा के बीच पूर्ण या आंशिक रूप से स्थित देशों में सौर ऊर्जा की मांग से जुड़ी रुकावटों से निपटने में बेहतर समन्वय और संग्रह के लिए यह गठबंधन कार्य करता है। नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में हुए 250 अरब डॉलर के निवेश में से 1 सौ अरब डॉलर का निवेश सौर ऊर्जा में हुआ है।
संविधान निर्माता डॉ० भीम राव आम्बेडकर की 62वीं पुण्यतिथि आज
डॉ. भीमराव आम्बेडकर के 62वें महापरिनिर्वाण दिवस पर आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। अन्य नेताओं और गणमान्य लोगों ने भी डॉ. आम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी।
भारतीय टीम ने तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला एक-शून्य से जीती
दिल्ली में भारत और श्रीलंका के बीच तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला का अंतिम मैच ड्रॉ हो गया। विराट कोहली को प्लेअर ऑफ द मैच और प्लेअर ऑफ द सीरीज दोनों घोषित किया गया।
भारत ने जीती पहली दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय बैडमिन्टन टीम चैम्पियनशिप
भारत ने पहली दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशीप जीत ली है। गुवाहाटी में फाइनल में भारत ने नेपाल को 3-0 से हराया। लड़कों के सिंगल्स फाइनल में आर्यमान टंडन ने दीपेश धामी को हराया। वहीं लड़कियों के सिंगल्स फाइनल में, अश्मिता चलीहा ने रशीला महार्जन को मात दी।
लड़कों के डबल्स में अरिन्ताप दास गुप्ता और कृष्णा प्रसाद की जोड़ी ने दीपेश धामी और नबिन श्रेष्ठ की जोड़ी को 19-21, 21-14, 21-11 से हराया।
