इन्द्रधनुष मिशन में टीकाकरण लक्ष्य का 90 प्रतिशत हासिल करने वाले राज्यों और जि़लों को पुरस्कृत करेगी केंद्र सरकार
केन्द्र की ओर से इन्द्रधनुष मिशन के तहत टीकाकरण के 90 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले राज्यों और जिलों को पुरस्कृत किया जायेगा । मिशन इंद्रधनुष के ज़रिए उन बच्चों के टीकाकरण पर ध्यान देने का अभियान शुरू किया गया था जिन्हें टीके नहीं लगाये गये या जिनका आंशिक टीकाकरण ही हुआ है।चौबीस राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और प्रमुख सचिवों के साथ मिशन इंद्रधनुष की प्रगति की समीक्षा करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने राज्यों से जुड़े विशेष मुद्दे उठाए।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने भविष्य निधि खातों को यूनीवर्सल खाता संख्या के साथ जोड़ने की दी मंजूरी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO)ने अपने साढ़े चार करोड़ से अधिक सदस्यों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत उनके कई भविष्य निधि खातों को मौजूदा यूनीवर्सल खाता संख्या - यू.ए.एन. के साथ जोड़ने की अनुमति मिल जाएगी। इस सुविधा के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अंशदाता अपने पिछले दस खातों को एक बार में ही यूनीवर्सल खाता संख्या से जोड़ सकेंगे।
नेपाल में संसदीय और प्रांतीय चुनावों का दूसरा तथा अंतिम चरण शांतिपूर्वक सम्पन्न
नेपाल में संसदीय और प्रांतीय चुनावों का दूसरा और अंतिम चरण आज शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। 45 जिलों में प्रतिनिधि सभा की 128 और प्रांतीय विधानसभाओं की 256 सीटों के लिए वोट डाले गये। इस चरण में लगभग 67 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नेपाल के संविधान के अनुसार अगले साल 21 जनवरी तक स्थानीय प्रान्त के और संसदीय चुनाव करवाना जरूरी है। स्थानीय चुनाव पहले ही करवाये जा चुके हैं।
आज सशस्त्र सेना झंडा दिवस है
यह दिन सशस्त्र बलों के कर्मियों के कल्य़ाण के वास्ते धन जुटाने के लिए आयोजित किया जाता है।ये दिन हर भारतीय को ये अवसर देता है कि वे देश के वास्ते अपना जीवन त्यागने वाले सपूतों के लिए सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में उदारता से योगदान दें। इस दिन से पहले सशस्त्र सेना सप्ताह मनाया जाता है।
अमरीका ने येरुशलम को इस्राइल की राजधानी के रूप में मान्यता दी
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने येरुशलम को इस्राइल की राजधानी के रूप में मान्यता दे दी है और तल अवीव स्थित अमरीकी दूतावास को येरूशलम ले जाने की घोषणा की है।अमरीकी राष्ट्रपति ने इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष के समाधान के लिए दो राष्ट्र के सिद्धांत पर प्रतिबद्धता दोहराई। अमरीका की यह घोषणा उसकी दशकों पुरानी नीति और अंतरराष्ट्रीय सहमति के खिलाफ है। विश्व नेताओं ने चेतावनी दी है कि इससे शांति प्रयासों में बाधा आयेगी और इस क्षेत्र में अशांति बढ़ेगी।इस बीच, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कल आपात बैठक बुलाई है।
