भारत आंख के संक्रामक रोग रोहे से हुआ मुक्त
वासेनार संधि संगठन में भारत होगा शामिल
विशिष्ट निर्यात नियंत्रण के लिए बने वासेनार संधि संगठन ने भारत को नए सदस्य के रूप में शामिल करने का फैसला किया है। भारत ने भले ही परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नही किए हैं, लेकिन इस निर्यात नियंत्रण संगठन की सदस्यता से परमाणु अप्रसार के क्षेत्र में भारत की विश्वसनीयता बढ़ेगी। इससे 48 सदस्यों के परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में भारत के प्रवेश का दावा मजबूत होने की उम्मीद है।औपचारिकताएं पूरी होते ही भारत इस संगठन का 42वां सदस्य बन जाएगा। वासेनार संगठन पारंपरिक हथियारों और दोहरे उपयोग की वस्तुओं और प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण में अधिक पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता है। पिछले साल जून में भारत मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था-एम.टी.सी.आर. का पूर्ण सदस्य बना था जो निर्यात नियंत्रण का एक अन्य महत्वपूर्ण संगठन है। अमरीका के साथ असैन्य परमाणु समझौते के बाद से ही भारत परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह-एनएसजी में शामिल होने का प्रयास कर रहा है।
विशाखापट्टनम में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी शाखा को राष्ट्रपति ध्वज मिला
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विशाखापट्टनम में पूर्वी नौसेना कमान मुख्यालय में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी शाखा को राष्ट्रपति का ध्वज प्रदान किया। राष्ट्रपति ध्वज देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रदान किये जाते हैं। विशाखापट्टनम में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी शाखा की आधारशिला तत्कालीन नौसेना प्रमुख एडमिरल ए.के. चटर्जी ने रखी थी। इसने 1970-71 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। भारतीय नौसेना की पनडुब्बी सेवा अपनी गौरवमयी स्वर्ण जयंती मना रही है। आज ही के दिन आठ दिसम्बर 1967 की सुबह आईएनएस कलवेरी पर तिरंगा लहराया गया था। पहली कलवेरी अब सेवा में नहीं है। इस महीने की 14 तारीख को नई कलवेरी को फिर से शामिल की जाएगी।
लेखिका ममता कालिया को मिलेगा व्यास सम्मान
इस वर्ष का व्यास सम्मान हिंदी की जानी-मानी लेखिका ममता कालिया को उनके उपन्यास दुक्खम-सुक्खम के लिए दिया जाएगा। विख्यात साहित्यकार डॉ. विश्वनाथ प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में चयन समिति ने ममता कालिया को यह सम्मान देने का फैसला किया।
दो नवजात शिशुओं की चिकित्सा के मामले में लापरवाही पर दिल्ली सरकार ने मैक्स अस्पताल का लाइसेंस किया रद्द
शालीमार बाग के मैक्स अस्पताल का लाइसेंस दिल्ली सरकार ने रद्द कर दिया है। सरकार ने अस्पताल को इलाज में लापरवाही बरतने का दोषी पाया है। 30 नवम्बर को अस्पताल ने समय पूर्व जन्मे जुड़वा बच्चों को मृत घोषित कर पोलिथीन बैग में मां-बाप को सौंप दिया था। बच्चों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय पता चला कि उनमें से एक जीवित है। मैक्स शालीमार बाग हॉस्पिटल का दिल्ली सरकार लाइसेंस कैंसिल करती है।
पैन को आधार से लिंक करने की समय सीमा तीन महीने बढ़ाकर 31 मार्च हुई
सरकार ने आधार संख्या को आयकर की स्थायी खाता संख्या पैन से जोड़ने की समय सीमा तीन महीने बढ़ाकर 31 मार्च कर दी है। कुछ करदाता आधार संख्या को पैन के साथ नहीं जोड़ पाये हैं, इसी बात को ध्यान में रखते हुए समय सीमा आगे बढ़ाई गई है। ऐसे सभी कर दाता जिनके पास आधार संख्या या आधार नामांकन संख्या है उन्हें इसे स्थाई खाता संख्या यानी पैन से जोड़ना जरूरी है।
