राहुल गांधी होंगे कांग्रेस पार्टी के अगले अध्यक्ष
राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के अगले अध्यक्ष होंगे। नई दिल्ली में पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मल्लापल्ली रामाचन्द्रन ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि श्री गांधी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए है। राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने संबंधी पत्र 16 दिसंबर को सौंपा जाएगा।नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुने जाने पर श्री राहुल गांधी को बधाई दी है।
खेलो इंडिया कार्यक्रम शुरू करेगी केन्द्रीय सरकार
केन्द्रीय युवा और खेल राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर ने कहा है कि सरकार वर्ष 2017-18 से 2019-20 तक के लिए खेलो इंडिया कार्यक्रम शुरू करेगी। इस पर एक हजार सात सौ 56 करोड़ रुपये की लागत आयेगी। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत, सामुदायिक, आर्थिक और राष्ट्रीय विकास के लिए खेलों को मुख्य धारा में शामिल करना है। कर्नल राठौर कल भुवनेश्वर में युवा संवर्धन उत्सव को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन नेहरू युवा केन्द्र संगठन ने किया था।
इसमें चुनिंदा खेलों के लिए हर वर्ष एक हजार प्रतिभाशाली युवा एथलीटों का चयन किया जाएगा। कर्नल राठौर ने कहा कि इस योजना के तहत हरेक एथलीट को आठ वर्ष तक हर साल पांच लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।खेलो इंडिया अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में खेलों पर विशेष जोर दिया जाएगा। श्री राठौर ने बताया कि वर्ष 2018 खेल वर्ष के रुप में मनाया जाएगा।
अरब लीग ने येरुशलम मुद्दे पर अमरीका के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय मीडिया अभियान किया शुरू
इस्रायली सैनिक और फलस्तीनियों के बढ़ते टकराव के बीच अरब लीग ने अमरीका से येरूशलम मुद्दे को छोड़ने की बात कही है। काहिरा में हुए अपने इमरजेंसी बैठक में अरब लीग ने कहा कि डोनल्ड ट्रंप द्वारा येरूशलम को इस्राइल की राजधानी के रूप में मान्यता देना अंतरराष्ट्रीय कानून का न केवल उल्लंघन है बल्कि इससे शांति वार्ता को नुकसान पहुंचा है। अरब लीग ने अमरीका के इस फैसले की निंदा करते हुए कहा कि यह फैसला खतरनाक और अस्वीकार्य है। इसके बाद इस्रायल-फलस्तीनी मुद्दे के राजनैतिक समाधान और शांति प्रक्रिया और भी जटिल हो जायेगी।
उत्तर कोरिया की मिसाइलों का पता लगाने के लिए अमरीका, जापान और दक्षिण कोरिया का संयुक्त अभ्यास शुरू
उत्तर कोरिया की मिसाइलों का पता लगाने के लिए अमरीका, दक्षिण कोरिया और जापान ने आज से संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है। उत्तर कोरिया के लंबी दूरी के परमाणु हथियारों के परीक्षण करने की तिथि तय करने के बाद यह संयुक्त सैन्य अभ्यास किया जा रहा है। उत्तर कोरिया की मिसाइलों का पता लगाने के लिए अभ्यास में शामिल तीनों देश सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे। इस अभ्यास में अमरीका के दो जहाज भाग ले रहे हैं।
भारत ने जापान के वाको सिटी में 10 मीटर राइफल पिस्टल प्रतियोगिता में 6 स्वर्ण सहित 21 पदक जीते
जापान के वाको सिटी में 10वीं एशियाई चैंपियनशिप में आज 10 मीटर राइफल पिस्टल प्रतियोगिता में भारत के सौरभ चौधरी ने स्वर्ण और मनु भाकर ने रजत पदक जीते हैं। साथ ही दोनों ने 2018 युवा ओलंपिक खेलों के लिए कोटा स्थान भी हासिल कर लिया। भारत ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन चार पदक जीते जिससे उसे छह स्वर्ण, आठ रजत और सात कांस्य पदक के साथ कुल 21 पदक प्राप्त हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने भुवनेश्वर में हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में अर्जेन्टीना को हराकर स्वर्ण पदक जीता
हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया ने रियो ओलिम्पिक चैम्पियन अर्जेंटीना को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया है। भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में कल ब्लेक गोवर्स और जेरेमी हेवर्ड के गोलों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने अर्जेंटीना पर जीत हासिल की। इससे पहले भारत ने जर्मनी को 2-1 से हराकर दूसरी बार कांस्य पदक हासिल किया।
