खुदरा मुद्रास्फीति एक दशमलव तीन शून्य प्रतिशत बढ़कर नवम्बर में चार दशमलव आठ-आठ हुई
खुदरा मुद्रास्फीति एक दशमलव तीन शून्य प्रतिशत बढ़कर नवम्बर में चार दशमलव आठ-आठ हुई। औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर घटकर तीन महीने के न्यूनतम स्तर दो दशमलव दो प्रतिशत पर आ गई।पिछले महीने यह तीन दशमलव पांच-आठ प्रतिशत थी और पिछले वर्ष नवम्बर में खुदरा मुद्रास्फीति तीन दशमलव छह-तीन प्रतिशत थी। हालांकि, दालों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
बांग्लादेश में डिप्थिरिया रोग से नौ रोहिंजियाओं की मृत्यु, शरणार्थियों के बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू
बांग्लादेश में आज रोहिंज्या शरणार्थियों के बच्चों में डिप्थिरिया रोग से बचाव के लिए बड़े पैमाने पर टिकाकरण अभियान शुरु किया गया। नौ शरणार्थियों की मृत्यु और सात सौ से अधिक लोगों के संक्रमित होने की आशंका के बाद ये अभियान शुरु किया गया। स्वास्थ्य कार्यक्रताओं ने बताया कि दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश में रोहिंज्या शरणार्थियों शिविरों में इस विषाणु जनित बीमारी के फैलने के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। इन शिविरों में छह लाख से अधिक रोहिंज्या रह रहे हैं। बांग्लादेश स्वास्थ्य विभाग ने बताया की संक्रमित सात सौ शरणार्णियों में अधिकतर बच्चे हैं। सरकार और संयुक्त राष्ट्र एजेंसियां इन शिविरों और म्यामां से लगे सीमा के आस-पास की बस्तियों में सात वर्ष से कम आयु के लगभग दो लाख पचास हजार बच्चों को टीके लगा रही हैं।डिप्थिरिया श्वसन संबंधी संक्रामक रोग है और समुचित ईलाज न होने पर घातक साबित हो सकता है।
संसद का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर से होगा शुरू
संसद का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर से शुरू होगा। सत्र से पहले सरकार ने 14 दिसंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। शीतकालीन सत्र पांच जनवरी तक चलेगा। संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने विपक्ष सहित सभी पार्टियों से संसद की कार्यवाही सुचारू चलाने में सहयोग का अनुरोध किया है, ताकि सत्र में काम-काज हो सके। इस सत्र में 14 कार्यदिवस होंगे।
नेपाल में संसदीय और प्रांतीय चुनावों में वाम गठबंधन को पूर्ण बहुमत
नेपाल में सीपीएन-यूएमएल और सीपीएन-माओवादी के वाम गठबंधन ने संसद और प्रांतीय असेम्बलियों के लिए हुए सीधे चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। गठबंधन ने प्रतिनिधि सभा और सात असेम्बलियों में दो-तिहाई सीटें जीत ली हैं। इसने संसद के लिए 165 सीटों में से 113 और राज्य विधानसभाओं की 330 सीटों में से 237 सीटों पर विजय हासिल की। सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस को संसद के लिए 21 और प्रांतीय असेम्बलियों के लिए चालीस सीटें ही मिल सकीं।
राष्ट्रीय पोषण अभियान के लिए लोगो और टैग लाइन प्रतियोगिता शुरू
महिला और बाल विकास मंत्रालय ने राष्ट्रीय पोषण अभियान के लिए लोगो और टैग लाइन प्रतियोगिता शुरू की है जिसमें पुरस्कार राशि एक लाख रुपये होगी। मंत्रालय की सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह उन नागरिकों के लिए एक अवसर है जो राष्ट्रीय मंच पर अपने बनाए डिजाइन को देखने के इच्छुक हैं। मंत्रालय ने कहा कि केंद्र ने राष्ट्रीय पोषण अभियान को मंजूरी दी है ताकि गर्भवती महिलाओं, जननी और बाल सुरक्षा के लिए पर्याप्त पोषण और विकास सुनिश्चित किया जा सके।प्रतियोगिता में प्रविष्टियां भेजने का पता है- एनएनएम.एम डब्ल्यू सी डी एट जी-मेल डॉट कॉम। प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तारीख 17 दिसम्बर है।
भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान गुरूदेव सिंह गिल हुए सम्मानित
खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर ने नई दिल्ली में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान गुरूदेव सिंह गिल को सम्मानित किया। कर्नल राठौर ने भारतीय फुटबॉल में सर्वोत्कृष्ठ योगदान के लिए 67 वर्षीय श्री गिल को एक शॉल, प्रतीक चिन्ह और पांच लाख रुपये का चेक प्रदान किया। गुरूदेव सिंह ने उन्नीस सौ 1978 के बैंकॉक-एशियाई खेलों में भारतीय फुटबॉल टीम की कप्तानी की थी।
