गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 93 सीटों के लिए मतदान कल
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में कल 93 सीटों के लिए वोट डाले जायेंगे। मतदान सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। प्रमुख उम्मीदवारों में उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल मेहसाणा से, कांग्रेस उम्मीदवार अल्पेश ठाकोर राधनपुर से और निर्दलीय उम्मीदवार जिग्नेश मेवाणी वडगाम से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के नेता मोहन सिंह रथवा जनजातीय सीट छोटा उदयपुर से उम्मीदवार हैं।कल के मतदान में अहमदाबाद, बडौदरा, गांधीनगर और आणंद जैसे शहरी क्षेत्रों के साथ उत्तर और मध्य गुजरात का बडा ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल है। मतदान के लिए 25 हजार से अधिक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
सरकार ने आधार के साथ पैन तथा अन्य वित्तीय सेवाओं को जोड़ने की समयसीमा अगले साल 31 मार्च तक बढ़ाई
सरकार ने बैंकों में खाता खोलने जैसे कई वित्तीय लेन-देन के मामलों में उपभोक्ता द्वारा आधार, पैन संख्या अथवा फार्म-60 का उल्लेख करने संबंधी अंतिम सीमा को अगले वर्ष 31 मार्च तक बढ़ा दिया है। आधार और पैन संख्या का उल्लेख करने की अनिवार्यता वाले नियम में संशोधन भी किया गया है।
धन शोधन निवारण अधिनियम-2002 में संशोधन करते हुए यह फैसला किया गया है। इस महीने की सात तारीख को आधार और पैन संख्या का उल्लेख करने की अंतिम तिथि को तीन महीने और बढ़ाकर अगले वर्ष 31 मार्च किया गया था। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग की अधिसूचना से बैंक खाता खोलने जैसे कामों में आधार संख्या का उल्लेख करने की बाध्यता फिलहाल समाप्त हो गई है।
मोहाली में दूसरे एकदिवसीय क्रिकेट मैच में भारत ने श्रीलंका को 141 रन से हराया। कप्तान रोहित शर्मा के नाबाद 208 रन
मोहाली में दूसरे एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत ने श्रीलंका को 141 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला एक-एक से बराबर कर ली है। जीत के लिए 393 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 251 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा ने दोहरा शतक लगाते हुए 208 रन बनाए और आउट नहीं हुए। एकदिवसीय मैचों में यह उनका तीसरा दोहरा शतक है। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दुबई वर्ल्ड सुपर सीरीज बैडमिन्टन फाइनल्स आज से शुरू
दुबई वर्ल्ड सुपर सीरीज़ बैडमिंटन फाइनल्स आज से शुरू हो रहे हैं। दुबई रैंकिंग में विश्व के नम्बर दो खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और नम्बर चार पी.वी. सिंधु इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाले दो भारतीय खिलाड़ी हैं। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष सिंगल्स में केवल शीर्ष आठ खिलाड़ी ही खेल सकेंगे।
