प्रधानमंत्री द्वारा आइजॉल में 60 मेगावाट क्षमता की तुइरियल जल विद्युत परियोजना का उद्घाटन
श्री मोदी ने मिजोरम की राजधानी आइजॉल में 60 मेगावाट क्षमता वाली तुइरियल जल विद्युत परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया । इसके शुरू होने से मिजोरम पूर्वोत्तर में सिक्किम और त्रिपुरा के बाद अतिरिक्त बिजली पैदा करने वाला तीसरा राज्य बन गया है। प्रधानमंत्री ने शिलांग-नांगस्टाइन-रोंगजिंग-तुरा सड़क परियोजना का भी उद्घाटन किया। इससे सड़कों को जोड़ने का काम बेहतर होगा तथा आर्थिक प्रगति को और मजबूती मिलेगी।
राहुल गांधी ने संभाला कांग्रेस अध्यक्ष का पद
कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में श्री राहुल गांधी ने अपना पद संभाल लिया है। नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने उन्हें औपचारिक रूप से इस आशय का पत्र सौंपा। कुछ दिनों पूर्व ही उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया था। इससे पहले श्रीमती सोनिया गांधी इस पद पर थीं। वे 1998 में पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद से 19 वर्ष तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं।
भारतीय सेना की जीत का विजय दिवस आज
1971 के युद्ध में भारत की पाकिस्तान पर जीत की स्मृति में आज के दिन विजय दिवस मनाया जाता है | इस अवसर पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन ने सेना के तीनों अंगों के अध्यक्षों के साथ नई दिल्ली में इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
16 दिसम्बर 1971 को पाकिस्तानी सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ए.ए.के. नियाजी ने 93 हजार सैनिकों के साथ गठबंधन सेना के सामने समर्पण किया था। गठबंधन सेना में भारतीय सैनिक और मुक्ति वाहिनी शामिल थे, जिनका नेतृत्व पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा ने किया। उसी शाम पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने संघर्षविराम की एकतरफा पेशकश की, जिसे पाकिस्तान ने अगले दिन स्वीकार कर लिया था। भारत ने 6 दिसंबर, 1971 को बंगलादेश को एक देश के रूप में मान्यता दी।बंगलादेश ने आज अपना 46वां स्वतंत्रता दिवस मनाया|
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 80 प्रतिशत से अधिक बस्तियां सड़कों से जोड़ी गईं
देश में 80 प्रतिशत से अधिक बस्तियां प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत बारहमासी सड़कों से जुड़ चुकीं हैं। ग्रामीण विकास मंत्रालय के वक्तव्य के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वर्तमान में एक लाख 31 हजार आवासीय बस्तियों को सड़कों से जोड़ा गया है जबकि 14 हजार छह सौ 20 बस्तियों को राज्य सरकार के कार्यक्रमों के तहत सड़कों से जोड़ा गया है।
उच्चतम न्यायालय ने तीन सौ उन्चास औषधियों को दोबारा जांच के लिए औषधि तकनीक सलाहकार बोर्ड को भेजा
उच्चतम न्यायालय ने औषधि तकनीकी सलाहकार बोर्ड-डीटीएबी को निर्धारित खुराक के मिश्रण वाली 349 दवाओं को पुन: जांच के लिए कहा है। इन दवाओं में जाने-माने ब्रांड कोरेक्स कफ सिरप, विक्स एक्शन 500 एक्स्ट्रा और मधुमेह के इलाज की कई एंटी डायबिटीस दवाएं शामिल हैं। न्यायालय ने इस मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश को खारिज कर दिया जिसने इन दवाओं को प्रतिबंधित किए जाने के केंद्र सरकार के फैसले को रद्द किया था।केंद्र सरकार ने औषधि अधिनियम की धारा 26 ए के तहत निर्धारित खुराक के मिश्रण वाली 349 दवाओं को प्रतिबंधित किया था|
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और तीन अन्य को कोयला घोटाला मामले में तीन वर्ष कारावास की सज़ा सुनाई
सीबीआई की एक विशेष अदालत ने कोयला घोटाला मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पूर्व कोयला सचिव एच.सी. गुप्ता को तीन वर्ष कारावास की सज़ा सुनाई है। अदालत ने मधु कोड़ा पर 25 लाख रुपये और एच सी गुप्ता पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।मामले में झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव ए.के. बसु और मधु कोड़ा के करीबी सहयोगी विजय जोशी को तीन वर्ष कैद की सज़ा सुनाई गई है। अदालत ने कोलकाता की कंपनी विनी आयरन एंड स्टील उद्योग लिमिटेड को भी दोषी मानते हुए उस पर पचास लाख रुपये जुर्माना लगाया है। इस फैसले को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी जा सकती है।
