ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल को 40 सुखोई युद्धक विमानों में लगाने की प्रक्रिया शुरू
ध्वनि की गति से भी तेज मार करने वाले युद्धक प्रक्षेपास्त्र ब्रह्मोस को सुखोई युद्धक विमानों में लगाने का काम शुरू हो गया है। ऐसे चालीस विमानों में ये प्रक्षेपास्त्र प्रणाली लगाई जाएगी। इसके लिए हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड की कार्यशालाओं में सुखोई विमानों की संरचना में संशोधन किया जाएगा। यह काम 2020 तक पूरा हो जाने की संभावना है। विमान से प्रक्षेपित किए जाने वाले ब्रम्होस मिसाइल का सफल परीक्षण पिछले महीने सुखोई-30 युद्धक जेट विमान से छोड़कर किया जा चुका है। अचूक निशाना लगाने के मामले में इसे भारतीय वायुसेना की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
वायुसेना ने एम आई- 8 प्रताप हेलीकॉप्टर को सेवानिवृत्ति दी
वायुसेना के कई अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एम आई- 8 प्रताप हेलीकॉप्टर को आज बेंगलूरू के वायु सैनिक हवाई अड्डे पर एक समारोह में सेवानिवृत्ति दे दी गई। इन हेलीकॉप्टरों को वायुसेना में 1972 से 1988 के बीच शामिल किया गया।इस अवसर पर मार्शल एस आर के नायर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने भारती एयरटेल और एयरटेल भुगतान बैंक के ई-के.वाई.सी. के जरिए आधार से जुड़े सिम के सत्यापन पर रोक लगाई
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने भारती एयरटेल और एयरटेल भुगतान बैंक को मोबाइल उपभोक्ताओं के आधार नंबर के जरिए सिम कार्ड का सत्यापन कराने से अस्थाई तौर पर रोक दिया है। भारती एयरटेल पर अपने ग्राहकों को सूचित किए बिना ई-के.वाई.सी. प्रक्रिया के जरिए उनके भुगतान बैंक खाते खोलने का आरोप है। प्राधिकरण ने एलपीजी सब्सिडी लेने के लिए इन खातों के इस्तेमाल के आरोपों पर भी कड़ी आपत्ति की है। प्राधिकरण ने प्राइसवाटर हाउस कूपर्स कम्पनी को भारती एयरटेल और एयरटेल भुगतान बैंक का आडिट कराने का आदेश दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे आधार अधिनियम का पालन कर रहे हैं या नहीं।
रेल यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए 12 हजार करोड़ के प्रॉजेक्ट को मंजूरी
भारतीय रेलवे ने इलेक्ट्रिक इंजनों को यूरोपियन ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम से लैस करने के लिए 12 हजार करोड़ रुपये के प्रॉजेक्ट को मंजूरी दे दी है।15 दिसंबर को एक बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड ने 6 हजार इलेक्ट्रिक इंजनों में लेटेस्ट यूरोपियन ट्रेन कंट्रोल सिस्टम (ETCS) लेवल-2 लगाने की योजना को हरी झंडी दी है। इससे ट्रेन के पायलट दुर्घटनाओं को रोक सकेंगे|इसके अलावा बोर्ड ने चार मेट्रो शहरों को जोड़ने वाले 9,054 किलोमीटर लंबे स्वर्णिम चतुर्भुज रूट पर ETCS लेवल-2 सिस्टम लगाने का फैसला किया है ताकि इसे दुर्घटना मुक्त कॉरिडोर बनाया जा सके। इस पूरे प्रॉजेक्ट पर 12 हजार करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।
पी.वी.सिंधू को दुबई वर्ल्ड सुपर-सीरीज फाइनल्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में जीता रजत पदक
पी वी सिन्धु को दुबई विश्व सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। महिला सिंगल्स फाइनल में सिन्धु को जापान की अकाने यामागूची ने 21-15, 12-21, 19-21 से हराया।
भारत ने श्रीलंका को हराकर तीन एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला दो-एक से जीती
भारत ने विशाखापत्तनम में श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला दो - एक से जीत ली है। भारतीय टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाकर जीत हासिल की। शिखर धवन 100 और दिनेश कार्तिक 26 रन बनाकर नॉट आउट रहे। इससे पहले श्रीलंका की टीम 44 ओवर और 5 गेंद में सिर्फ 25 रन ही बना पाई और सारे विकेट गंवा दिए।
राष्ट्रमंडल कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारतीय महिला पहलवानों ने नौ स्वर्ण सहित 20 पदक जीते
दक्षिण अफ्रीका के जोहानेसबर्ग में राष्ट्रमंडल कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारतीय महिला पहलवानों ने नौ स्वर्ण सहित बीस पदक जीते। भारतीय पहलवानों ने ग्रीको रोमन स्पर्धा के सभी दस वर्गों में नौ स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक जीते। 72 किलो में किरन, 68 किलो में दिव्या काकरान और 65 किलो में ऋतु मलिक ने स्वर्ण जीता। वहीं पूजा ने 76 किलो वर्ग में जबकि रविता ने 59 किलो में रजत पदक जीता। कांस्य पदक 76 किलो में कविता और 72 किलो में मनु तोमर ने जीता।
