गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की लगातार छठी बार जीत। कांग्रेस ने भी अपनी स्थिति में सुधार किया
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में 99 सीटों पर जीत दर्ज की है, जो 182 सदस्यीय विधानसभा में पूर्ण बहुमत से सात सीट अधिक है। कांग्रेस को 77 सीटों पर विजय मिली है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एक तथा भारतीय ट्राइबल पार्टी ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। तीन सीटों पर निर्दलीय जीते हैं। विजयी उम्मीद्वारों में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल शामिल हैं, लेकिन विजय रूपाणी सरकार के छह मंत्री चुनाव हार गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष रामलाल वोरा भी चुनाव हार गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस से सत्ता छीनी
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने 44 सीटें जीतकर कांग्रेस से सीटें छीन ली हैं। 68 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को दो तिहाई बहुमत के लिए केवल दो सीटें कम हैं। कांग्रेस ने 21 सीटों पर विजय प्राप्त की है। राज्य से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का एक उम्मीद्वार भी जीता है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चुनाव जीत गए हैं। जबकि भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल चुनाव हार गए हैं\
योगी सरकार ने पेश किया 11,388 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट
विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सोमवार को भाजपा सरकार ने 11,388 करोड़ रुपये का अपना पहला अनुपूरक बजट पेश किया। इसके जरिये राज्य सरकार ने उन योजनाओं को गति देने की कोशिश की है, जो पिछले बजट में किसानों की कर्जमाफी के दबाव में सुस्त पड़ गई थीं। अनुपूरक बजट में मुख्य रूप से केंद्रीय योजनाओं, सेवानिवृत्त कर्मियों के भुगतान की व्यवस्था की गई है। गन्ना बकाया जैसी कुछ योजनाएं जिनके लिए आकस्मिकता निधि से पैसा खर्च किया गया, प्रतिपूर्ति भी की गई है।वाराणसी में 40 करोड़ रुपये से गंगा घाट से विश्वनाथ मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी इसमें शामिल है।अनुपूरक बजट पूर्व में पारित 362649.48 करोड़ रुपये के मूल बजट के अतिरिक्त है।
जोहानिसबर्ग में राष्ट्रमण्डल कुश्ती चैम्पियनशिप में भारत ने दूसरे दिन नौ स्वर्ण सहित बीस पदक जीते
भारत ने कल दक्षिण अफ्रीका में कॉमनवेल्थ कुश्ती चैम्पियनशिप के दूसरे दिन नौ स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक जीते। जोहानिसबर्ग में कल भी भारतीय पहलवानों का दबदबा कायम रहा। 74 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग के फाइनल में सुशील ने न्यूजीलैंड के आकाश खुल्लर को हराकर स्वर्ण पदक जीता। साक्षी मलिक ने भी इस चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। 72 किलोग्राम भारवर्ग में किरण, 68 किलो में दिव्या काकरन, 65 किलो में ऋतु मलिक ने स्वर्ण पदक जीते।
अब रेलवे की भर्ती प्रक्रिया सिर्फ छह महीने में पूरी हुआ करेगी
कर्मचारियों की भर्ती में लगने वाले दो वर्षों के समय को कम करने के लिए रेलवे गंभीरता से विचार कर रहा है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो कर्मचारियों की नियुक्ति में सिर्फ छह महीनों का वक्त लगेगा. इसके लिए आॅनलाइन परीक्षाओंं के अलावा अन्य विकल्प भी अपनाए जाएंगे. प्रतिदिन लगभग दो करोड़ से भी ज्यादा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाली भारतीय रेल इन दिनों स्टाफ की कमी से जूझ रही है.रेलवे में सी और डी श्रेणी के दो लाख 25 हजार पदों पर भर्ती होनी है. उसे एक लाख 22 हजार सुरक्षा कर्मियों की जरूरत भी है. साथ ही ड्राइवर और गार्ड के अलावा दूसरे तकनीकी स्टॉफ की भी हजारों की संख्या में नियुक्ति होनी है.
