सी०बी०आई० की विशेष अदालत ने टू-जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए०राजा और डीएमके सांसद कणिमोझी सहित सभी अन्य आरोपियों को बरी किया
लोकसभा ने पूरक अनुदान मांगों और विनियोग विेधेयक-2017 को मंजूरी दी
लोकसभा में आज भोजनावकाश के बाद 2017-18 के लिए सरकार ने विभिन्न मदों के तहत 66 हजार 113 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खर्च का प्रस्ताव किया है। चर्चा की शुरूआत करते हुए कांग्रेस के वीरप्पा मोइली ने आरोप लगाया कि देश की आर्थिक स्थिति खराब है और सरकार को इसे बेहतर बनाने के लिए कदम उठाने चाहिए।
साहित्य अकादमी के वर्ष 2017 के लिए पुरस्कारों की घोषणा
साहित्य अकादमी ने वर्ष 2017 के लिए पुरस्कारों की आज घोषणा कर दी। चौबीस भाषाओं के लिए दिए जाने वाले इन पुरस्कारों में सात उपन्यास, कविता और लघु कथाओं के पांच-पांच संग्रह, पांच साहित्यिक आलोचनाएं, एक नाटक और एक निबंध पुस्तक को पुरस्कार के लिए चुना गया।
उर्दू में साहित्य अकादमी पुरस्कार बेग एहसास की कहानी संग्रह दखमा को प्रदान किया जाएगा। असमिया में जयंत माधव बरा के उपन्यास मरियाहोला, बंगला में आफसार आमेद के उपन्यास सेइ निखोंज मानुषटा और तमिल में स्वर्गीय इंकलाब की कविता कानधल नाटककल को प्रदान किया जाएगा।साहित्य अकादमी पुरस्कारों का वितरण अगले साल 12 फरवरी को वार्षिक साहित्य उत्सव के दौरान किया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में आज इज़राइल की राजधानी येरूशलम को अमरीका द्वारा मान्यता देने के फैसले के खिलाफ मतदान
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि येरूशलम को इस्रायल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के फैसले के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव का समर्थन करने वाले देशों की वित्तीय सहायता रोक देंगे। व्हाइट हाउस में श्री ट्रम्प ने कहा कि कई देश लाखों-करोड़ों डॉलर अमरीका से लेते हैं और वे अमरीका के खिलाफ मतदान की बात करते हैं। श्री ट्रम्प की ये प्रतिक्रिया संयुक्त राष्ट्र महासभा में आज येरूशलम को इस्राइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के मुद्दे पर मसौदा प्रस्ताव पर मतदान से पहले आई है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में आज उस प्रस्ताव पर मतदान किया जाना है, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से आग्रह किया गया है कि वे येरूशलम को इस्राइल की राजधानी की मान्यता दिए जाने के अपने फैसले को वापस ले लें।.
