लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला मामले में दोषी करार दिया गया
सीबीआई की विशेष अदालत ने चारा घोटाला मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और 15 अन्य को दोषी करार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र सहित अन्य छह को बरी कर दिया है। दोषियों को सजा अगले महीने की तीन तारीख को सुनाई जाएगी। यह मामला 1991 से 1994 के बीच देवघर खजाने से नवासी लाख सत्ताइस हजार रूपये की धोखाधड़ी का है।लालू प्रसाद और अन्य दोषियों को हिरासत में ले लिया गया है।
रांची के विशेष सीबीआई अदालत के जज शिवपाल सिंह ने दोपहर के बाद फैसला सुनाया। दोषियों को सजा देने पर बहस आगामी 3 जनवरी होगी। इस केस में कुल 22 आरोपी थे जिनमें छह राजनेता, छह अफसर तथा दस सप्लायर्स शामिल थे। इस मामले में 27 अक्टूबर 1997 को 38 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था।
गुजरात में विजय रूपाणी लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
गुजरात की नई सरकार को 26 दिसंबर को राजधानी गांधी नगर के सचिवालय मैदान में शपथ दिलाई जायेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघानी और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने सरकार के गठन का पत्र राज्यपाल ओ पी कोहली को सौंपा।पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आशा है।
गंगा नदी के किनारे स्थित गांवों के विकास के लिए गंगा ग्राम परियोजना की शुरूआत
केंद्र सरकार ने नई दिल्ली में गंगा ग्राम स्वच्छता सम्मेलन में गंगा ग्राम परियोजना का शुभारंभ किया। यह परियोजना स्वच्छ गंगा मिशन नमामि गंगे का एक भाग है। इसके तहत ग्रामीणों की मदद से गंगा नदी किनारे बसे गांवों का विकास सुनिश्चित किया जाएगा। गंगा तट पर बसे सभी गांवों को गंगा ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। वाराणसी से हल्दिया तक 1680 किलोमीटर का गंगा का पूरा चैनल तैयार किया जा रहा है।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दस खरब पचास अरब डॉलर के कर सुधार कानून को मंजूरी दी
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमरीकी टैक्स कोड में व्यापक सुधार संबंधी कानून पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह कानून साढ़े दस खरब डॉलर के कर सुधार से जुड़ा हुआ है। अमरीकी कांग्रेस ने इसे दो दिन पहले ही मंजूरी दी थी। सत्ता संभालने के बाद श्री ट्रम्प की यह बड़ी विधायी जीत है जिसमें कांग्रेस ने अरबों डॉलर के बड़े कर सुधार को मंजूरी दी है।
एसएसबी ने अपना 54वां स्थापना दिवस मनाया
एसएसबी के मुख्यालय में हुए एक कार्यक्रम में 29 गोल्डन डीजी डिस्क तथा 278 सिल्वर डीजी डिस्क से जवानों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। वर्ष 1963 में स्थापित एसएसबी के जवानों को भारत-चीन सीमा के दूरदराज के इलाकों जैसे लेह-लद्दाख, जम्मू, कीलॉन्ग, लाहौल सहित दूसरे स्थानों पर तैनात किया गया था। कारगिल युद्ध के बाद साल 2003 में इसे गृह मंत्रालय के अधीन करते हुए नेपाल सीमा की सुरक्षा की जिम्मेवारी सौंपी गई, और इसका नाम बदलकर सशस्त्र सीमा बल कर दिया गया।
तीन सीमान्त मुख्यालय, आठ क्षेत्रीय मुख्यालय तथा 25 वाहिनियों से शुरू हुई एसएसबी आज बढ़कर छह सीमान्त मुख्यालय, 18 क्षेत्रीय मुख्यालय तथा 73 वाहिनियों तक पहुंच गई है, जिसकी कुल स्ट्रेंथ 98,965 है। वर्तमान में एसएसबी को नेपाल की 1751 किलोमीटर लम्बी सीमा तथा भूटान की 699 किलोमीटर सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ बिहार, झारखण्ड तथा छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी ऑपरेशन व जम्मू-कश्मीर एवं असम में आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
एम एम एल पार्टी के विरुद्ध हुई पाकिस्तान सरकार
पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद की एक अदालत से अनुरोध किया है कि मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज़ सईद समर्थित मिल्ली मुस्लिम लीग-एम एम एल को राजनीतिक पार्टी के रूप में पंजीकृत करने की याचिका पर विचार नहीं किया जाये। सरकार ने कहा है कि एम एम एल के पंजीकृत हो जाने से राजनीतिक में हिंसा और चरमपंथ को बढ़ावा मिलेगा। सईद ने हाल में कहा था कि उसका संगठन जमात-उद-दावा, एम एम एल के बैनर तले 2018 के आम चुनाव में भाग लेगा।
ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता विजेन्दर सिंह ने सुपर मिडिलवेट मुक्केबाजी का खिताब बरकरार रखा
भारतीय मुक्केबाज विजेन्द्र सिंह ने जयपुर के सवाइमाधोपुर स्टेडियम में एक रोमांचक मुकाबले में अफ्रीकी चैंपियन अर्नेस्ट अमुजु को हरा कर सुपर मिडिलवेट मुक्केबाजी का खिताब बरकरार रखा है |
