असम में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर-एनआरसी का पहला मसौदा हुआ प्रकाशित
असम में अवैध नागरिकों का पता लगाने के लिए बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर-एनआरसी का पहला मसौदा कल रात प्रकाशित कर दिया गया। इसमें एक करोड 90 लाख आवेदकों के नाम हैं। असम देश का अकेला ऐसा राज्य है जहां राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर बनाया गया है। बंगलादेश से बड़ी मात्रा में शरणार्थियों के राज्य में पहुंचने की वजह से ऐसा किया गया है।
1991 की राष्ट्रीय नागरिक संधि एनआरसी को अपडेट करने का निर्णय 2005 में केन्द्र सरकार, असम सरकार और ऑल असम स्टूडेंट के बीच में हुई त्रिपक्षीय वार्ता में लिया गया था। वर्षो की कानूनी लडाई के बाद बीती रात एनआरसी का पहला मसौदा प्रकाशित किया गया।
भारत और पाकिस्तान ने परमाणु प्रतिष्ठानों और केंद्रों की सूची का आदान-प्रदान किया
भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला नहीं करने के समझौते के तहत अपने-अपने परमाणु प्रतिष्ठानों और केंद्रों की सूची का आदान-प्रदान किया है। इस समझौते पर 1988 में 31 दिसंबर को हस्ताक्षर किए गए थे और इसे 27 जनवरी, 1991 से लागू कर दिया गया था।
पाकिस्तान को अब और अमरीकी मदद नहीं
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अमरीका अब पाकिस्तान को और सहायता नहीं देगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान उन आतंकवादियों को सुरक्षित शरणस्थली उपलब्ध कराता है, जिनका अमरीका, अफगानिस्तान में सफाया करना चाहता है। नववर्ष के पहले दिन आज अमरीका ने पाकिस्तान की जमकर आलोचना की। श्री ट्रंप ने अपने ट्वीट में कहा कि अमरीका ने पिछले 15 वर्षों में पाकिस्तान को 33 अरब डॉलर से अधिक की सहायता दी है, लेकिन उसके बदले पाकिस्तान ने अमरीकी नेताओं को बेवकूफ बनाया है।
अमरीका के राष्ट्रपति ने पाकिस्तान को जो कड़ा संदेश दिया है, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कूटनीति का नतीजा है।
श्री विजय केशव गोखले नये विदेश सचिव नियुक्त
श्री विजय केशव गोखले नए विदेश सचिव होंगे। वे डॉ. एस जयशंकर का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल इस महीने की 28 तारीख को पूरा हो रहा है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति की स्वीकृति दे दी है। श्री गोखले 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं वर्तमान में वे विदेश मंत्रालय में आर्थिक मामलों के सचिव का कार्य देख रहे हैं।
अरुणाचल प्रदेश खुले में शौच की कुप्रथा से मुक्त होने वाला पूर्वोत्तर का दूसरा राज्य बना
अरूणाचल प्रदेश ने अक्टूबर 2019 के राष्ट्रीय लक्ष्य से एक वर्ष पहले ही खुले में शौच से मुक्त राज्य का दर्जा हासिल कर लिया है। पूर्वोत्तर राज्यों में सिक्किम के बाद ये दूसरा राज्य है, जिसे यह दर्जा मिला है।प्रदेश सरकार ने केन्द्र द्वारा प्रति शौचालय निर्माण के लिए दी जाने वाली 20 हजार रूपये की सहायता राशि के अलावा आठ हजार रूपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी थी।
सऊदी अरब तथा संयुक्त अरब अमारात ने पहली बार मूल्य संवर्द्धित कर यानी वैट लागू किया
सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमारात ने पहली बार अपने यहां मूल्य संवर्द्धित कर यानी वैट लागू कर दिया है। अधिकतर वस्तुओं और सेवाओं के लिए पांच प्रतिशत का वैट लागू किया गया है। एक अनुमान के अनुसार पहले वर्ष में वैट से करीब बारह अरब दिरहम की आय होगी। अब तक टैक्स फ्री माने जाने वाले संयुक्त अरब अमीरात और सउदी अरब में 2018 एक नये युग की शुरूआत लेकर आया है। स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं, स्कूल फीस तथा मूल भोजन पदार्थ को छोड़कर हर तरह की सेवा या बिक्री कर पांच प्रतिशत निधार्रित वैट यहां लागू किया जा रहा है।
गिरते तेल कीमत की वजह से यहां की सरकार वैट प्रणाली द्वारा अपने राजस्व को बढ़ाना चाहती है। यहां रह रही आबादी इस वैट रिजिम में बढ़ते मूल्यों को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
भारतीय स्टेट बैंक ने आधार और मुख्य ऋण दरों में तीस आधार अंकों की कमी की
भारतीय स्टेट बैंक ने आधार दर और मुख्य ऋण दरों में शून्य दशमलव तीन प्रतिशत यानी 30 पैसे की कमी की है, इससे करीब 80 लाख ग्राहकों को लाभ होगा। बैंक ने मौजूदा ग्राहकों के लिए आधार दर आठ दशमलव नौ पांच प्रतिशत से घटाकर आठ दशमलव छह पांच प्रतिशत कर दी है। मुख्य ऋण दर 13 दशमलव सात प्रतिशत से घटाकर, 13 दशमलव चार प्रतिशत कर दी गई है। नई दरें आज से प्रभावी होंगी।
विदर्भ ने दिल्ली को नौ विकेट से हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता
विदर्भ ने पहली बार रणजी ट्रॉफी क्रिकेट का खिताब जीत लिया है। इंदौर में फाइनल मैच के आज चौथे दिन उसने दिल्ली को 9 विकेट से हराया। विदर्भ रणजी चैंपियन बनने वाली 17वीं टीम बन गयी है।
