प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल अपने मंत्रिपरिषद का पुनर्गठन करेंगे। कई मंत्रियों ने फेरबदल की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए त्याग पत्र दे दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल अपनी मंत्रिपरिषद का पुनर्गठन करेंगे। नये मंत्रियों को राष्ट्रपति भवन में सवेरे साढ़े दस बजे शपथ दिलाई जाएगी।नरेन्द्र मोदी मंत्रिमंडल के इस तीसरे विस्तार में कल आधे दर्जन से अधिक नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। बेहतर काम करने वाले कुछ मंत्रियों के पद में बढ़ोतरी हो सकती है। रक्षा, पर्यावरण, शहरी विकास और रेलवे जैसे बड़े मंत्रालयों को नए मंत्री मिलने की संभावना है। उम्मीद की जा रही है कि एनडीए के घटक दलों में शामिल टीडीपी और शिवसेना से भी नए मंत्री बनाए जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री चीन और म्यामां की यात्रा पर कल रवाना होंगे। श्री नरेन्द्र मोदी चीन के षियामेन शहर में 9वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चीन और म्यामां की यात्रा पर कल रवाना होंगे। पहले चरण में वे तीन दिन के लिए चीन जाएंगे। चीन के तटवर्ती व्यावसायिक शहर षियामेन में नौवें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ब्रिक्स देश के नेता पांच देशों, ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के उद्योगपतियों की वाणिज्य परिषद के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
केन्या के उच्चतम न्यायालय ने पिछले महीने हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे रद्द किये। साठ दिन के भीतर नये चुनाव होंगे।
केन्या की सुप्रीमकोर्ट ने पिछले महीने हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे को यह कहते हुए रद्द कर दिया है कि चुनाव में गड़बडि़यां हुई थीं। सुप्रीमकोर्ट ने साठ दिन के भीतर फिर चुनाव कराने का आदेश भी दिया है। मुख्य न्यायाधीश डेविड मारागा ने फैसले में कहा कि यह चुनाव संविधान के प्रावधानों के अनुरूप नहीं करवाया गया था इसलिए इसे अवैध और रद्द घोषित किया जाता है। उधर राष्ट्रपति केन्याटा ने कहा कि वे न्यायालय के फैसले का सम्मान करेंगे लेकिन उन्होंने न्यायाधीशों की आलोचना की।
सरकार 2020 के तोक्यो ओलम्पिक खेलों सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं के लिए 13 सदस्यीय संचालन समिति का गठन करेगी।
खेल मंत्रालय ने 13 सदस्यों की अधिकार प्राप्त संचालन समिति के गठन को मंजूरी दे दी है। यह समिति 2020 के तोक्यो ओलंपिक खेलों सहित कई स्पर्धाओं के लिए भारत की तैयारी का प्रबन्धन करेगी।सरकार को यह रिपोर्ट इस वर्ष 22 मई को सौंपी गई थी। संचालन समिति का कार्यकाल 31 दिसम्बर, 2020 तक होगा। यह समिति राष्ट्र मंडल खेलों, एशियाई खेलों और ओलम्पिक खेलों की मुख्य स्पर्धाओं के लिए प्राथमिकताओं की समीक्षा भी करेगी।
भारतीय हॉकी टीम के कोच ओल्टमेन्स को पद से हटाया
भारतीय हॉकी टीम के राष्ट्रीय कोच रोलेंट ओल्टमेन्स को उनके पद से हटा दिया गया है। नए कोच के चयन तक टीम के हाई प्रफोरमेंस डायरेक्टर डेविड जॉन, ओल्टमेन्स का कार्यभार संभालेंगे। हॉकी इंडिया की एक उच्च समिति की दिल्ली में आज संपन्न हुई तीन दिन की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
