भारतीय सेना में किया जाएगा बड़ा सुधार, 57 हजार जवानों-अफसरों की दोबारा होगी तैनाती
भारतीय सेना में सुधार को लागू करने के लिए सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल डी. बी. शेकतकर (सेवानिवृत्त) समिति की सिफारिशों के पहले बैच की 65 सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है, जिसके तहत 57,000 सैन्य कर्मियों की विभिन्न जरूरी कार्यो के लिए दोबारा तैनाती होगी. केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली रक्षा मंत्रालय भी संभाल रहे हैं.उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया कि इन सिफारिशों को साल 2019 के अंत तक लागू कर दिया जाएगा.जेटली ने कहा कि समिति ने सेना में ढांचागत बदलाव के लिये 99 सिफारिशें की थीं जिसमें से 65 सिफारिशों को रक्षा मंत्रालय ने सभी हितधारकों के साथ सलाह-मशविरे के बाद स्वीकार कर लिया. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 31 दिसंबर 2019 तक सुधार किये जाएंगे.
चीन ने जनरल ली जुओचेंग को नियुक्त किया नया सेना प्रमुख
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 63 वर्षीय जनरल ली जुओचेंग को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के ज्वाइंट स्टाफ डिपार्टमेंट का नया प्रमुख नियुक्त किया है. ली जुओचेंग चीन-वियतनाम युद्ध में भी शामिल थे. चीन के रक्षा मंत्रालय ने प्रत्यक्ष रूप से ली की नियुक्ति की घोषणा नहीं की लेकिन पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के साथ बैठक के दौरान उन्हें उनके नए पद से संबोधित किया. उन्होंने जनरल फांग फैंगहुई की जगह ली है.
नोटबंदी से हजार और पांच सौ के नोटों में 40 करोड़ के जाली नोट बाहर
नोटबंदी के बाद बैंकों में जमा हुए एक हजार और पांच सौ रुपये के पुराने नोटों में से 40 करोड़ रुपये के जाली नोट बाहर हुए हैं। वह भी तब जब एक हजार और 500 रुपये के केवल 25 फीसद नोटों को आरबीआइ के करेंसी वेरीफिकेशन एंड प्रोसेसिंग सिस्टम (सीवीपीएस) में शामिल किया गया। अभी तीन चौथाई नोट प्रोसेस होने बाकी हैं। वहीं नोटबंदी के दौरान बैंकों में किए गए संदिग्ध लेनदेन में छह गुना और फाइनैंशल इंस्टीट्यूशन में संदिग्ध लेनदेन में चार गुना का भारी भरकम इजाफा हुआ है।वित्तीय वर्ष 2015-16 में जहां एक हजार और पांच सौ के नोटों में करीब 28 करोड़ रुपये के जाली नोट पकड़े गए थे, वर्ष 2016-17 में यह आंकड़ा बढ़कर 40 करोड़ रुपये हो गया।
बैंकों, बीमा और PSU के अफसरों के बच्चों को नहीं मिलेगा आरक्षण
पब्लिक सेक्टर कंपनियों, बैंकों और बीमा कंपनियों में काम कर रहे पिछड़े वर्ग के अधिकारियों के लिए बुरी खबर है. अब उनके बच्चों को सरकारी नौकरियों और एडमिशन में आरक्षण का फायदा नहीं मिल सकेगा. सरकार ने कैबिनेट की बैठक में ओबीसी आरक्षण के नियमों में अहम बदलाव कर दिया है जिसके बाद अब क्रीमी लेयर में आने वाले लोगों में पीएसयू, बैंक और बीमा कंपनियों के अधिकारी भी शामिल हो गए हैं.
क्रीमी लेयर में आने वाले लोगों को आरक्षण नहीं मिलता है. अभी तक क्रीमी लेयर का नियम सिर्फ केन्द्र सरकार की नौकरियों में लागू होता था. देश में करीब 300 सरकारी कंपनियां हैं. अगर सरकारी बैंकों और बीमा कंपनियों को भी इसमें शामिल किया जाए तो इस फैसले का असर लाखों परिवारों पर पड़ेगा.
इस फैसले के बारे में बताते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि ये फैसला पिछले 24 सालों से लटका हुआ था और इन संस्थानों में काम करने वाले ऐसे वरिष्ठ अधिकारियों के बच्चे भी आरक्षण का गलत फायदा उठा रहे थे जिन्हें दरअसल क्रीमी लेयर में आना चाहिए. इसका नतीजा ये होता था कि जिन निचले स्तर के कर्मचारियों के बच्चे आरक्षण पाने के असल में हकदार थे उनका हक मारा जा रहा था. अब नियमों में बदलाव करके इस गलती को सुधार लिया गया है.
वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिपः गौरव बिधूड़ी ने सेमीफाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास
भारत के युवा बॉक्सर गौरव बिधूड़ी ने एआईबीए वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में 56 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश करने के साथ मेडल पक्का कर लिया है. गौरव ने क्वॉर्टर फाइनल में ट्यूनीशिया के बिलेल महाम्दी को मात दी.24 साल के गौरव इस चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी होंगे. उनसे पहले ओलंपिक मेडल विजेता और अब पेशेवर बॉक्सर बन चुके विजेंदर, विकास कृष्ण और शिव थापा ने भारत को वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल दिलाए हैं.
स्पॉट फिक्सिंग मामले में पीसीबी ने शारजील खान पर लगाया पांच साल का बैन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की एंटी करप्शन यूनिट ने बुधवार को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) स्पॉट फिक्सिंग मामले में शारजील खान पर पांच साल का बैन लगा दिया है. पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज शारजील अब कम से कम 30 महीनों तक किसी भी तरह की क्रिकेट नहीं खेलने पाएंगे. इसके बाद उन्हें बैन की अवधि पूरी होने तक घरेलू क्रिकेट में खेलने की इजाजत होगी.
बांग्लादेश ने ढाका टेस्ट जीतकर रचा इतिहास, दर्ज की ऑस्ट्रेलिया पर पहली टेस्ट जीत
बांग्लादेश ने ढाका में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन बुधवार को ऑस्ट्रेलिया को 20 रन से हराकर इतिहास रच दिया है. ये बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली टेस्ट जीत है. बांग्लादेश से जीत के लिए मिले 265 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी दूसरी पारी में महज 244 रन पर सिमट गई.
बांग्लादेश के लिए ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने यादगार प्रदर्शन करते हुए दोनों पारियों में 5-5 विकेट झटकते हुए मैच में 10 विकेट लिए और साथ ही पहली पारी में 84 रन की जोरदार पारी भी खेली. दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर शाकिब को उनके इस यादगार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया.
