केंद्रीय मंत्रिपरिषद में नौ नए मंत्री शामिल किए गए। चार को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया।
केन्द्रीय मंत्रिपरिषद का पुनगर्ठन कर इसमें चार मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है और नौ नये राज्य मंत्री बनाये गये हैं। श्रीमती निर्मला सीतारमण को नया रक्षा मंत्री और श्री पीयूष गोयल को रेल मंत्री बनाया गया है। श्री गोयल, कोयला मंत्रालय भी संभालेंगे। श्री धर्मेन्द्र प्रधान को कौशल विकास मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। श्री सुरेश प्रभु नये वाणिज्य और उद्योग मंत्री होंगे। श्री नितिन गडकरी को जल संसाधन मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख सत्यपाल सिंह को मानव संसाधन विकास तथा जल संसाधन राज्य मंत्री बनाया गया है। मध्यप्रदेश से लोकसभा सांसद वीरेन्द्र कुमार महिला तथा बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री नियुक्त किए गये हैं। कर्नाटक से लोकसभा सांसद अनंत कुमार हेगड़े कौशल विकास तथा उद्यमिता मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान से लोकसभा सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री होंगे। बिहार से लोकसभा सांसद अश्विनी कुमार चौबे को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में सांसद शिव प्रताप शुक्ला नये वित्त राज्य मंत्री होंगे। पूर्व राजनयिक हरदीप सिंह पुरी नये आवास और शहरी कार्य मंत्री बनाये गये हैं। पूर्व गृहसचिव आर के सिंह को ऊर्जा, नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से शुरू हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने चीन के श्यामन शहर पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौंवे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन के श्यामन शहर पहुंचे। श्यामन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चीन के सहायक विदेशमंत्री कोंग जुआनयू, भारत में चीन के राजदूत लोयू झाओहुई, फुजियान के उपगर्वनर झाऊ लियानक्विंग और शियामेन के उप-महापौर हान जिंगयई ने श्री मोदी की अगवानी की।ब्रिक्स सम्मेलन की मुख्य विषय वस्तु है - बेहतर भविष्य के लिए सुदृढ़ भागीदारी। सम्मेलन में आतंकवाद के मुद्दे पर प्रमुखता से चर्चा होने की संभावना है।
उत्तर कोरिया ने हाईड्रोजन बम परीक्षण का दावा किया।
उत्तर कोरिया ने एक ऐसे हाइड्रोजन बम के सफल परीक्षण का दावा किया है जिसका उपयोग लंबी दूरी के प्रक्षेपास्त्रों में किया जा सकता है। उत्तर कोरिया ने कहा कि इस परीक्षण के कारण ही आज देश भर में दो भूकंप के झटके महसूस किए गए। जापान ने इस परीक्षण के खिलाफ उत्तर कोरिया से विरोध दर्ज कराया है। दक्षिण कोरिया की सेना ने भी कहा है कि पहला भूकंप कृत्रिम वजहों से हुआ। दक्षिण कोरिया सरकार ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई है।
ईरान ने स्वदेशी हवाई रक्षा प्रणाली का परीक्षण किया
ईरान ने स्वदेशी हवाई रक्षा प्रणाली का परीक्षण किया है। यह प्रणाली रूस की एस - 300 के मुकाबले की बताई जा रही है। ईरान के वायु रक्षा विभाग के प्रमुख फरज़ाद इस्माइली ने बताया कि बावर-373 प्रणाली पूरी तरह से ईरान में ही तैयार की गई है और इसके कुछेक पुर्जे एस - 300 से अलग हैं। उन्होंने कहा कि इसका मिसाइल परीक्षण भी कर लिया गया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एकदिवसीय क्रिकेट मैचों में सौ स्टम्पिंग करने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बने।
भारतीय विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी एकदिवसीय मैचों में 100 स्टम्पिंग करने वाले दुनिया के पहले विकटकीपर बन गए हैं।दूसरे नंबर पर श्रीलंका के कुमार संगाकारा हैं, जिन्होंने वनडे करियर में 99 स्टम्पिंग की थीं। धोनी ने ये कीर्तिमान 301 मैचों में हासिल किया।ये लगातार दूसरा मैच है जिसमें धोनी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले सीरीज के चौथे वनडे में नॉटआउट रहते हुए उन्होंने वनडे हिस्ट्री में सबसे ज्यादा बार नॉटआउट रहने का रिकॉर्ड बनाया था।
आखिरी वनडे में भी भारत की जीत, श्रीलंका में पहली बार 5-0 से किया क्लीन स्वीप
टीम इंडिया ने सीरीज के आखिरी वनडे में श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने वनडे सीरीज को 5-0 से जीत लिया। ये पहला मौका है जब भारत ने वहां पांच मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। आखिरी मैच में पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंका की टीम 238 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में भारत ने 46.3 ओवर में 239 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली (110*) ने सेन्चुरी तो केदार जाधव (63) ने फिफ्टी लगाई।
विराट अब वनडे हिस्ट्री में मोस्ट सेन्चुरी लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोन्टिंग (30 सेन्चुरी) की बराबरी कर ली।सेन्चुरी लगाने का रिकॉर्ड भारत के सचिन तेंडुलकर के नाम पर हैं। जिन्होंने 452 वनडे इनिंग में 49 सेन्चुरी लगाई थीं।
