ब्रिक्स सम्मेलन में अर्थव्यवस्था और व्यापार, नवाचार और सीमा शुल्क क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर।
चीन के श्यामन में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में चार दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ये हैं- आर्थिक और व्यापारिक सहयोग पर ब्रिक्स का कार्रवाई एजेंडा, नवाचार सहयोग के लिए ब्रिक्स कार्ययोजना, ब्रिक्स सीमा शुल्क सहयोग की रणनीतिक रूपरेखा और ब्रिक्स व्यापार परिषद् तथा न्यू डेवलपमेंट बैंक के बीच रणनीतिक सहयोग पर सहमति पत्र।प्रधानमंत्री मोदी की तीसरी द्विपक्षीय बैठक कल चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग के साथ होगी। कल ही शिखर सम्मेलन का समापन होगा।
उत्तर कोरिया के कल के परमाणु परीक्षण को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आज आपात बैठक।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण को लेकर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं पर विचार के लिए आपात बैठक कर रही है। अमरीकी मिशन ने एक बयान में कहा कि अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस, जापान और दक्षिण कोरिया के आग्रह पर आज भारतीय समय के अनुसार परिषद की बैठक शुरू हुई। परिषद खुले सत्र में इस मुद्देपर विचार कर रही है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतरस ने परमाणु परीक्षण की निंदा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय सुरक्षा अस्थिर होगी। श्री गुतरस ने उत्तर कोरिया से ऐसे परीक्षण रोकने और अंतरराष्ट्रीय नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।
सुरेश प्रभु ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय का कार्यभार संभाला
केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने आज वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री का पदभार ग्रहण कर लिया। उनसे पहले यह पदभार निर्मला सीतारमण के पास था जिन्हें पदोन्नत कर रक्षा मंत्री बनाया गया है। प्रभु वाणिज्य मंत्रालय का पद ऐसे समय में संभाल रहे हैं जब निर्यात की वृद्धि कम हो रही है। जुलाई में निर्यात वृद्धि गिरकर आठ महीने के निचले स्तर 3.94% पर आ गयी जबकि सोने का आयात बढ़ने से व्यापार घाटा 11.44 अरब डॉलर पर पहुंच गया। मंत्रालय के तहत काम करने वाला औद्योगिक नीति एवं संवर्द्धन विभाग (डीआईपीपी) प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) मामलों को देखता है। वित्त वर्ष 2017-18 की पहली तिमाही में एफडीआई 37% बढ़कर 10.4 अरब डॉलर हो गया है।
जेपी इंफ्राटेक को दिवालिया घोषित करने की कार्यवाही पर रोक
उच्चतम न्यायालय ने जेपी इंफ्राटेक को दिवालिया घोषित करने के लिये इलाहाबाद में नेशनल कंपनी लॉ बोर्ड के समक्ष चल रही कार्यवाही पर आज रोक लगा दी। इस रियल इस्टेट फर्म के खिलाफ यह कार्यवाही आईडीबीआई बैंक की पहल पर हो रही है। प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्र, न्यायमूर्ति एएम खानविलकर और न्यायमूर्ति धनन्जय वाई चन्द्रचूड की तीन सदस्यीय खंडपीठ ने इस कंपनी में फ्लैट बुक कराने के बावजूद अभी तक मकान का कब्जा नहीं मिलने की वजह से दायर याचिका पर जेपी इंफ्राटेक और अन्य को नोटिस भी जारी किये।
वसंत नरसिम्हन नोवार्टिस के नये सीईओ नामित किये गये
दवा बनाने वाली वैश्विक कंपनी नोवार्टिस ने वसंत नरसिम्हन को आज अपना अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नामित किया। वह एक फरवरी 2018 से कार्यभार संभालेंगे। नोवार्टिस ने जारी बयान में बताया कि नरसिम्हन जोसेफ जिमेनेज की जगह लेंगे। जिमेनेज इस पद पर आठ साल रहने के बाद 2018 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। नरसिम्हन अभी कंपनी के मुख्य चिकित्सकीय अधिकारी एवं औषधि विकास के वैश्विक प्रमुख हैं। वह कंपनी की कार्यकारी समिति के भी सदस्य हैं।
NTPC का अगस्त महीने में बेहतर प्रदर्शन, बिजली उत्पादन में 12.55% वृद्धि
देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी का बिजली उत्पादन के मामले में इस साल अगस्त महीने में प्रदर्शन बेहतर रहा है। माह के दौरान कंपनी के बिजली उत्पादन में इससे पूर्व वर्ष के इसी महीने की तुलना में 12.55% प्रतिशत की वृद्धि हुई है। माह के दौरान कंपनी का कुल उत्पादन 22.347 अरब यूनिट रहा जो इससे पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में 19.855 अरब यूनिट था। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने आज एक बयान में कहा कि अगस्त 2017 में प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) में 5.58% की वृद्धि हुई।
भारत की कॉनसाम ओर्मिला देवी ने युवा राष्ट्रमण्डल खेलों के वेटलिफ्टिंग स्पर्धा के पहले दिन 44 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
भारत की कॉनसाम ओर्मिला (Konsam Ormila Devi) देवी ने युवा राष्ट्रमण्डल खेलों के वेटलिफ्टिंग स्पर्धा के पहले दिन 44 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता। ऑस्ट्रेलिया के गोल्डकोस्ट में उन्होंने स्नैच में 57 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 76 किलोग्राम वज़न उठाया। उन्होंने कुल 133 किलोग्राम वज़न उठाया, जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
स्टार इंडिया ने आईपीएल मीडिया अधिकार 16, 347 करोड़ रूपये में खरीदे
स्टार इंडिया ने क्रिकेट प्रसारण में अपना एकाधिकार कायम करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग के अगले पांच साल के मीडिया अधिकार 16,347 करोड़ रूपये में खरीद लिये। यह करार 2018 से 2022 के लिये हुआ है जिससे प्रशासनिक संकट से जूझ रहे बीसीसीआई पर धन की बौछार हो जायेगी। इससे पहले सोनी टीवी ने 2008 में दस साल के लिये 8200 करोड़ में प्रसारण अधिकार खरीदे थे। बीसीसीआई को अब हर आईपीएल मैच से 55 करोड़ रूपये मिलेंगे जबकि अंतरराष्ट्रीय मैच के प्रसारण से 43 करोड़ रूपये मिलते हैं।
मीडिया अधिकारों में भारत, मध्य पूर्व, अफ्रीका, यूरोप और अमेरिका के लिये प्रसारण (टीवी) और डिजिटल (मोबाइल और इंटरनेट) अधिकार शामिल हैं। सोनी ने प्रसारण अधिकारों के लिये 11050 करोड़ की बोली लगाई थी जबकि स्टार की बोली 6196 करोड़ रूपये थी।
