1993 के मुम्बई बम विस्फोट मामले में विशेष टाडा अदालत ने ताहिर मर्चेंट और अब्दुल राशिद खान को फांसी की सजा सुनाई, अबु सालेम सहित दो को उम्रकैद
मुंबई की विशेष टाडा अदालत ने 1993 के मुंबई बम विस्फोट के दोषी ताहिर मर्चेंट और फिरोज अब्दुल राशिद खान को मौत की सजा सुनाई है। गैंगस्टर अबू सालेम और करीमुल्लाह खान को उम्रकैद की सजा दी गई है। पांचवे दोषी रियाज सिद्दकी को दस वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है। अदालत ने दोषियों को दंडित करने के बारे में सुनवाई पिछले महीने की दस तारीख को पूरी कर ली थी। इन सभी पर आपराधिक षडयंत्र रचने, सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और लोगों की हत्या जैसे कई आरोप थे।
इस मामले में इस वर्ष 16 जून 2017 को न्यायाधीश जी ए सनप ने अबू सलेम, मुस्तफा दोसा, करीमुल्लाह खान, फिरोज अब्दुल राशिद खान, रियाज सिद्दीकी और ताहिर मर्चेंट को धमाकों का षड़यंत्र रचने के लिए दोषी माना था, जबकि एक आरोपी अब्दुल करीम को इस मामले से बरी कर दिया गया था। इस केस में एक और आरोपी याकूब मेनन को पहले ही फांसी दी जा चुकी है और आरोपी मुस्तफा दौसा की मौत हो चुकी है। 12 मार्च, 1993 को हुए मुंबई में सिलसिलेवार बम धमाकों में 257 लोगों की मौत हो गई थी और करीब सात सौ से घायल हुए थे। यह मुकदमे का दूसरा चरण था। पहला चरण, 2007 में पूरा हो गया था और टाडा अदालत ने 100 आरोपियों को सजा सुनाई थी जबकि 23 लोग बरी कर दिए गए थे।
श्रीमती निर्मला सीतारामन ने रक्षा मंत्री का पदभार संभाला
श्रीमती निर्मला सीतारामन ने आज रक्षा मंत्री का पदभार संभाल लिया है। वित्तमंत्री श्री अरूण जेटली के पास इस मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार था। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि वे सैन्य बलों की तैयारियों पर विशेष रूप से ध्यान देंगी। मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि देश के सैन्य बलों को उनके कर्तव्य निर्वहन के लिए बेहतरीन उपकरण उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है।
भारत और जापान टेक्नोलोजी के दोहरे इस्तेमाल सहित रक्षा उत्पादन में सहयोग पर सहमत
भारत और जापान ने दोहरे उपयोग वाली प्रौद्योगिकी सहित रक्षा उत्पादन में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। दोनों देशों ने विशेष द्विपक्षीय सामरिक ढांचे के तहत समग्र सैन्य सम्पर्क बढ़ाने पर भी सहमति जतायी है। संयुक्त वक्तव्य में कहा गया है कि जापान यात्रा पर गए रक्षा मंत्री अरुण जेटली और जापान के रक्षा मंत्री इत्सुनोरी ओनेडेरा के बीच कल विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। वार्षिक मंत्री स्तरीय वार्ता के तहत दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों के बीच बातचीत में अमरीका के जल-थल-नभ में चलने वाले विमान यू एस-2 का मुद्दा भी उठा।भारत और जापान ने आतंकवाद से निपटने में सहयोग बढ़ाने के अलावा नौसेना, वायुसेना और थलसेना के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री दो देशों की यात्रा के बाद स्वदेश पहुंचे
प्रधानमंत्री दो देशों की यात्रा के बाद स्वदेश पहुंच गये हैं। इससे पहले आज सवेरे प्रधानमंत्री विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्मारकों को देखने गए। प्रधानमंत्री ने शहीद स्मारक में भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस स्मारक में जनरल आंग सान और उनके छह साथियों के अवशेष है। नई दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री अंतिम मुगल सम्राट और 1857 में भारत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के नायक बहादुरशाह जफर का मकबरा भी देखने गये।
गुजरात सरकार और अमूल ने बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए समझौते पर किए हस्ताक्षर
गुजरात सरकार और गुजरात दुग्ध विपणन संघ-अमूल ने आंगनवाडी के बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए एक आपसी समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी उपस्थित थे। समझौते के अनुसार टेक होम राशन के तहत जिला डेरिया अमूल के सहयोग से 53 हजार से अधिक आंगनवाडि़यों के 42 लाख से अधिक बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जायेगा।
श्रीलंका सरकार ने कोलम्बो के पास तरल प्राकृतिक गैस टर्मिनल स्थापित करने का किया फैसला
श्रीलंका सरकार ने भारत और जापान की कंपनियों के सहयोग से कोलम्बो के पास तरल प्राकृतिक गैस-एलएनजी टर्मिनल स्थापित करने का फैसला किया है। पिछले सप्ताह विदेश मंत्री सुषमा स्वराज श्रीलंका की यात्रा के दौरान इस बारे में समझौते को अंतिम रूप दिया गया। यह परियोजना दोनों देशों के बीच इस साल आर्थिक परियोजनाओं में सहयोग के समझौता ज्ञापनों का ही हिस्सा है। परियोजना प्रारंभिक औपचारिकताओं के बाद दो साल में पूरी कर लिए जाने की संभावना है।
