विश्वबैंक भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् को इस वर्ष कृषि क्षेत्र में बड़े शोध कार्यों के लिए ग्यारह अरब रुपये उपलब्ध करायेगा।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् आई सी ए आर विश्वबैंक की मदद से इस वर्ष कृषि क्षेत्र में बड़े शोध कार्य शुरू करेगा। विश्व बैंक इसके लिए ग्यारह अरब रुपये उपलब्ध करायेगा। परिषद् के उप महानिदेशक नरेन्द्र सिंह राठौड़ ने तमिलनाडु में पशु चिकित्सा विज्ञान विश्विविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कहा कि यह राशि देश के दस प्रमुख कृषि और पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय को आवंटित की जाएगी।
नगालैंड में मनरेगा के तहत प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजना इसी वित्त वर्ष से लागू होगी।
नगालैंड में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों के भुगतान के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजना इसी वित्त वर्ष से लागू की जाएगी। राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के सचिव केलई जेलियांग ने बताया है कि दिहाड़ी के भुगतान में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए मजदूरी सीधे ही लोगों के खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक मनरेगा कार्ड धारक को बैंक खाता खुलवाना होगा जो आधार से जुड़ा होगा। नई व्यवस्था के लागू होने पर किसी को भी नकद भुगतान नहीं किया जाएगा।
अमरीकी बैंकिंग विनियामक ने आतंकवादियों को धन उपलब्ध कराने और मनी लांड्रिंग मुद्दे पर पाकिस्तान के हबीब बैंक को न्यूयॉर्क स्थित अपनी शाखा बंद करने का आदेश दिया।
अमरीकी बैंकिंग विनियामक ने पाकिस्तान के हबीब बैंक को न्यूयॉर्क स्थित अपनी शाखा बंद करने का आदेश दिया है। पाकिस्तान के सबसे बड़े बैंक की यह शाखा न्यूयार्क में लगभग 40 वर्षों से काम कर रही है। बैंकिंग विनियामक ने कहा है कि हबीब बैंक आतंकवादियों को धन मुहैया कराने और मनी लॉंड्रिंग मुद्दे पर बार-बार के निर्देशों के बावजूद ध्यान नहीं दे रहा है। बैंक पर 22 करोड़ 50 लाख डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। हबीब बैंक को वर्ष 2006 में अवैध लेनदेन पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया था लेकिन यह निर्देशों का पालन करने में नाकाम रहा।
भारत और अमरीका के बीच संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास इस महीने की 14 से वाशिंगटन में
भारत और अमरीका के बीच संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास इस महीने की 14 से 27 तारीख तक वाशिंगटन में होगा। यह युद्ध अभ्यास दोनों देशों के बीच जारी सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा सहयोग प्रयासों के तहत हो रहा है। रक्षा मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच यह 13वां संयुक्त अभ्यास होगा। इस युद्ध अभ्यास से भारत और अमरीका की सशस्त्र सेनाओं को एकीकृत रूप से ब्रिगेड स्तर पर संयुक्त योजनाओं का बटालियन स्तर तक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस
आज अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस है। लोगों, समाज और समुदायों में साक्षरता के महत्व के बारे में बताने के लिए प्रतिवर्ष 8 सितंबर को यह दिन मनाया जाता है। इस अवसर पर नई दिल्ली में एक समारोह में मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि सरकार अगले साल से ऐसे बच्चों के लिए स्कूल चलो अभियान शुरू करेगी जो किसी न किसी कारण से स्कूल नहीं जा पा रहे।इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय साक्षरता का विषय है- डिजिटल विश्व में साक्षरता।
विश्व कैडेट कुश्ती चैम्पियनशिप में भारतीय पहलवान सोनम ने 43 किलोग्राम भार-वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
एथेंस में विश्व कैडेट कुश्ती चैम्पियनशिप में भारतीय पहलवान सोनम ने कल 43 किलोग्राम भार-वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी जापान की सेना नागामोतो को तीन-एक से पराजित किया। भारतीय पहलवान नीलम ने भी इसी श्रेणी के भार-वर्ग में कांस्य पदक जीता है।
