जीएसटी परिषद ने लगभग तीस वस्तुओं पर कर में कटौती की। रिटर्न फाइल करने की समय-सीमा एक महीना बढ़ाई।
जीएसटी परिषद ने जीएसटी रिटर्न दाखिल करने की तिथि दस अक्टूबर तक बढ़ा दी है।हैदराबाद में परिषद की 21वीं बैठक के बाद श्री अरूण जेटली ने बताया कि तीस वस्तुओं पर जीएसटी में कटौती की गई हैं। इनमें भुने हुए चने, इडली-दोसा पेस्ट, खली, रेनकोट और रबरबैंड शामिल हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि जीएसटी से अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। सत्तर प्रतिशत से अधिक करदाताओं से लगभग 95 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि 15 मई तक ट्रेड मार्क पंजीकृत करने वाली कंपनियों को पांच प्रतिशत जीएसटी देना होगा। नए अप्रत्यक्ष कर नेटवर्क में 21 लाख नए व्यापारी और डीलर शामिल किए गए हैं।
स्वदेश में निर्मित तीसरी पीढ़ी की टैंकरोधी निर्देशित मिसाइल-नाग के विकास परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न।
भारत की अत्याधुनिक स्वदेशी टैंकरोधी गाइडेड मिसाइल नाग का परीक्षण सफल रहा। रक्षा अनुसंधान विकास संगठन ने कल दूसरी बार राजस्थान में इसका सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय की विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस मिसाइल ने सटीक तरीके से विभिन्न अवस्थाओं में अपने लक्ष्यों को भेदा। इस परीक्षण के साथ ही नाग मिसाइल अपनी प्रक्षेपण प्रणाली के साथ संचालन सिद्ध हो गई है।
भारत ने स्वदेशी उद्योगों के हितों की रक्षा के लिए चीन के कुछ स्टील उत्पादों पर 5 साल के लिए प्रतिकारी शुल्क लगाया।
चीन से सस्ते स्टील आयात से स्वदेशी उद्योगों के हितों की रक्षा के लिए उसके कुछ स्टील उत्पादों पर पांच वर्ष के लिए प्रतिकारी शुल्क - सी वी डी लगाया गया है। डंपिंग रोधी और संबद्ध शुल्क महानिदेशालय की सिफारिशों पर वित्त मंत्रालय ने यह फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार चीन से आयातित स्टेनलेस-स्टील उत्पादों पर अगले पांच वर्ष तक 18 दशमलव नौ-पांच प्रतिशत प्रतिकारी शुल्क लगाया गया है। चीन में इन उत्पादों पर सब्सिडी की वजह से भारतीय बाजारों में इनकी कीमत कम हो जाती है और स्वदेशी उद्योग को नुकसान उठाना पड़ता है।
ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप के अंतिम दिन भारत ने दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।
आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल युवा, जूनियर एवं सीनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप के पांचवें और अंतिम दिन भारत ने दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। भारत ने प्रतियोगिता में 23 स्वर्ण समेत कुल 37 पदक जीते। प्रदीप सिंह ने आज 105 किलोग्राम वजन वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया। इसके अलावा पुरुषों के जूनियर 105 किलोग्राम वर्ग में लवप्रीत सिंह ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि तेजपाल सिंह को कांस्य पदक मिला। गुरदीप सिंह ने भी एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से पांच करोड़ पचास लाख रोज़गार सृजन में मदद मिली
इस योजना के अंतर्गत छोटे कारोबारियों को ऋण दिया जाता है। एक रिपोर्ट के अनुसार कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र जैसे औद्योगिक राज्यों को इस योजना से बहुत फायदा हुआ है। अब तक आठ करोड़ से अधिक लोगों को तीन लाख बयालीस करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है। इनमें अधिकांश छोटे उद्यमी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अप्रैल, 2015 को इस योजना का शुभारम्भ किया था।
