संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में, उत्तर कोरिया के छठे और सबसे बड़े परमाणु परीक्षण के बाद नये प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित। कोयला, सीसा, सी-फूड के निर्यात पर प्रतिबंध।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में, उत्तर कोरिया के छठे और सबसे बड़े परमाणु परीक्षण के बाद नए प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गया है। चीन और रूस ने भी अमरीका के मसौदा प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया। प्रस्ताव में कोयला, सीसा और सी-फूड के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया गया है। उत्तर कोरिया ने हाई़ड्रोजन बम बना लेने का दावा किया है और अमरीका को निशाना बनाने की लगातार धमकियां देता रहा है।
भारत और बेलारूस ने तेल और गैस, युवा मामलों और खेलकूद, कौशल विकास तथा उद्यमियता सहित 10 समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
भारत और बेलारूस स्वभाविक क्षमताओं का लाभ उठाते हुए आर्थिक संबंधों में विविधता लाने पर सहमत हो गए हैं। दोनों देश मेक इन इंडिया कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रतिरक्षा क्षेत्र में संयुक्त उत्पादन को बढ़ावा देने को भी सहमत हुए हैं। भारत यात्रा पर आए बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ शिष्टमंडल स्तर की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया |प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की तरफ से बेलारूस ने कुछ खास परियोजनाओं के लिए दिए गए दस करोड़ डॉलर के ऋण के उपयोग के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पिछले साल भारतीय कम्पनियों ने औषधि क्षेत्र में तीन संयुक्त उपक्रम लगाकर एक अच्छी शुरूआत की है।
प्रधानमंत्री मोदी और बेलारूस के राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच तेल और गैस, युवा मामलों और खेल-कूद, कौशल विकास और उद्यमिता, विज्ञान और टेक्नोलाजी तथा कृषि अनुसंधान और शिक्षा तथा संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग के 10 समझौतों पर हस्ताक्षर किये और कागजों का आदान-प्रदान किया।
केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगियों को पहली जुलाई से महंगाई भत्ते की एक प्रतिशत अतिरिक्त किश्त। कैबिनेट ने कर्मचारियों की अधिकतम ग्रेजुएटी बढ़ाकर 20 लाख रुपये की।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को पहली जुलाई से महंगाई भत्ते की एक प्रतिशत अतिरिक्त किस्त जारी करने की मंजूरी दी है। एक अन्य फैसले में कैबिनेट ने निजी क्षेत्र के कर्मचारियों की अधिकतम ग्रेच्युटी बढ़ाने के लिए ग्रेच्युटी भुगतान संशोधन विधेयक 2017 को मंजूरी दी। यह निजी क्षेत्र के अलावा केंद्र सरकार के उपक्रमों और स्वायत्तशासी संगठनों के कर्मचारियों पर भी लागू होगा। सातवें वेतन आयोग को लागू किए जाने के बाद केंद्र सरकार के कर्मचारियों की अधिकतम ग्रेच्युटी दस लाख रूपये से बढ़ाकर बीस लाख रूपये कर दी गई है।
ट्रंप ने अहम कूटनीतिक पद के लिए भारतवंशी मनीषा सिंह को किया नामित
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल की अमेरिकी वकील मनीषा सिंह को आर्थिक कूटनीति का प्रभारी बनाते हुए विदेश मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद के लिए नामित किया है। फ्लोरिडा की सिंह अभी मुख्य काउंसल और सीनेटर डैन सुलिवन की वरिष्ठ नीति सलाहकार हैं। अगर सीनेट में उनके नाम की पुष्टि हो जाती है तो वह आर्थिक मामलों की सहायक विदेश मंत्री के तौर पर चार्ल्स रिवकिन का स्थान लेंगी।
तिब्बत को अमेरिका से एक करोड़ 70 लाख डॉलर मदद मंजूर
अमेरिका में कांग्रेस की दो अहम समितियों ने तिब्बत की संस्कृति को संरक्षित रखने, तिब्बती शरणार्थियों की मदद करने और इसके विकास को प्रोत्साहित करने वाले संस्थाएं विकसित करने के लिए तिब्बत की निर्वासित सरकार के लिए तकरीबन एक करोड़ 70 लाख डॉलर की आर्थिक मदद मंजूर की है। ये प्रावधान पिछले सप्ताह प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों की ‘एप्रोप्रिएशन कमेटी’ की ओर से पारित विदेश मंत्रालय के 2018 वार्षिक बजट का हिस्सा हैं। यह राशि वर्ष 2017 के स्तर के ही समान है।
इस विधेयक के अहम प्रावधानों में तिब्बती स्वायत्तशासी क्षेत्र और चीन में अन्य तिब्बती स्वायत्त क्षेत्रों में तिब्बती समुदायों की सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने और उनके स्थायी विकास एवं पर्यावरणीय संरक्षण को प्रोत्साहित करने की गतिविधियों में मदद करने के लिए 80 लाख डॉलर की सहायता शामिल है।
ब्रिटेन की संसद में ब्रेग्जिट से जुड़ा विधेयक पारित
ब्रिटेन के सांसदों ने यूरोपीय संघ से अपने देश की सदस्यता समाप्त करने वाले एक विधेयक के पक्ष में वोट दिया जो अभूतपूर्व तरीके से शक्तियों का इस्तेमाल करने के विपक्ष के आरोपों के बावजूद सरकार की ब्रेग्जिट रणनीति का अहम हिस्सा है। सांसदों ने 13 घंटे से ज्यादा चली चर्चा के बाद 290 मतों के मुकाबले 326 मतों विधेयक के पक्ष में मतदान किया।
अब यह विधेयक जांच के लिए सांसदों के पास जाएगा। इस विधेयक का उद्देश्य 1972 के कानून को निरस्त करना है जिसके जरिए ब्रिटेन यूरोपीय संघ में शामिल हुआ था। पिछले साल यूरोपीय संघ से अलग होने के पक्ष में हुए ऐतिहासिक जनमत संग्रह को लागू करने का यह अगला कदम है।
कोरिया सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट सिओल में शुरू।
कोरिया सुपर सीरिज बैंडमिंटन टूर्नामेंट आज से सियोल में शुरू हो गया है। विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु आज भारतीय चुनौती की शुरूआत करेंगी। ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली सिंधु ने पिछले महीने ही ग्लासगो में विश्व प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। प्रतियोगिता में सबकी निगाहें सिंधु पर टिकी है क्योंकि साइना और श्रीकांत अगले सप्ताह होने वाले जापान ओपन की तैयारियों के चलते इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रहे।
