12वां भारत-जापान वार्षिक सम्मेलन कल गांधीनगर में होगा।
गांधीनगर में 12वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे दोनों नेता भाग लेंगे।गुजरात के मुख्य सचिव जे एन सिंह ने कहा है कि लगभग 15 जापानी कंपनियां गुजरात में बड़ा निवेश करने जा रही हैं। इनमें से तीन ने राज्य सरकार से जमीन लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रस्तावित निवेश के लिए सहमति पत्र पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की उपस्थिति में कल महात्मा मंदिर में हस्ताक्षर किये जायेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अहमदाबाद में एक भव्य रोड शो में हिस्सा लिया।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे का आज अहमदाबाद पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस यात्रा को भारत और जापान के सबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।अपनी दोस्ती और गर्मजोशी के लिए जाने-जाने वाले विश्व के दो नेताओं का एक अनोखा रोड शो था। आठ किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान भारत और जापान के कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य दोनों देशों के बीच सबंधो की गहराई दर्शाता था।
हलीमा याकूब सिंगापुर की पहली महिला राष्ट्रपति बनी।
सिंगापुर में हलीमा याकूब को राष्ट्रपति निर्वाचित घोषित किया गया है। उनके नामांकन पत्र सही पाये गये हैं। वे सिंगापुर की पहली महिला राष्ट्रपति और 47 वर्ष में पहली मलय राष्ट्र प्रमुख होंगी। प्रधानमंत्री कार्यालय की विज्ञप्ति में बताया गया है कि हलीमा कल शाम इस्ताना में देश के आठवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। राष्ट्रपति चुनाव आयोग ने उन्हें एकमात्र पात्र उम्मीदवार प्रमाणित किया था और चूंकि उनका कोई विरोधी नहीं है, इसलिए चुनाव नहीं कराये जायेंगे।
खुदरा महंगाई दर अगस्त में बढ़कर तीन दशमलव तीन छह प्रतिशत पांच महीने के उच्च स्तर पर।
सब्जियों और फलों की कीमतों में बढ़ोत्तरी की वजह से खुदरा महंगाई दर अगस्त में तीन दशमलव तीन-छह प्रतिशत हो गई है। यह पिछले पांच महीने में सबसे अधिक है। केन्द्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आकड़ों के अनुसार उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति पिछले महीने दो दशमलव तीन-छह प्रतिशत थी जबकि इस वर्ष मार्च में यह तीन दशमलव आठ-नौ प्रतिशत दर्ज की गई थी।
प्रधानमंत्री जन-धन योजना के अंतर्गत जीरो बैलेंस खातों की संख्या 77 प्रतिशत से घटकर 20 प्रतिशत हुई।
वित्त मंत्री अरूण जेटली ने बताया है कि जनधन योजना के अंतर्गत राशि रहित यानी जीरो बैलेंस खातों की संख्या 77 प्रतिशत से घटकर 20 प्रतिशत रह गई है। संयुक्त राष्ट्र की ओर से नई दिल्ली में आयोजित वित्तीय समावेशन सम्मेलन में श्री जेटली ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 30 करोड़ खाते खोले गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने बैंकों के सहयोग से देशभर में प्रधानमंत्री जन-धन योजना शुरू की थी।
तीन अंतरिक्ष यात्री अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना
अमेरिका के दो और रूस के एक अंतरिक्ष यात्री पांच महीने के अभियान के लिए बुधवार सुबह कजाखस्तान में बायकोनूर कोस्मोड्रोम से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र रवाना हो गए।जून 2010 के बाद यह पहला मौका है जब अमेरिका के दो अंतरिक्ष यात्री रूस के बायकोनूर से एक अभियान पर एक साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन रवाना हुए हैं। अकाबा (50) ने दो से ज्यादा अभियानों में अंतरिक्ष में करीब 138 दिन बिताए हैं जबकि 50 वर्षीय वैंदे हेइ ने अंतरिक्ष यात्री के तौर पर प्रशिक्षण लेने से पहले इराक में अमेरिकी सेना में सेवाएं दी हैं।
