वरिष्ठ राजनयिक अजय बिसारिया पाकिस्तान में भारत के नये उच्चायुक्त।
वरिष्ठ राजनयिक अजय बिसारिया को पाकिस्तान में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। कल विदेश मंत्रालय के बयान में यह जानकारी दी गई। श्री बिसारिया 1987 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। वे गौतम बम्बावले का स्थान लेंगे, जिन्हें पिछले महीने पाकिस्तान से चीन भेज दिया गया। श्री बिसारिया फिलहाल पोलैंड में भारत के राजदूत हैं।
डब्ल्यूईएफ के महिला-पुरुष समानता सूचकांक में भारत 21 पायदान फिसला
विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के महिला पुरुष समानता सूचकांक में भारत 21 पायदान फिसलकर 108वें स्थान पर आ गया है। अर्थव्यवस्था और कम वेतन में महिलाओं की भागीदारी निचले स्तर पर रहने से भारत अपने पड़ोसी देशों चीन और बांग्लादेश से भी पीछे है। डब्ल्यूईएफ ने सबसे पहले 2006 में इस तरह की सूची प्रकाशित की थी। उस समय के हिसाब से भी भारत 10 स्थान पीछे है। डब्ल्यूईएफ की स्त्री-पुरुष असमानता रिपोर्ट-2017 के अनुसार, भारत ने 67 प्रतिशत महिला-पुरुष असमानता को कम किया है। यह उसके कई समकक्ष देशों से कम है। इस सूची में बांग्लादेश 47वें और चीन 100वें स्थान पर है।
चंदा कोचर, प्रियंका चोपड़ा दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं में
आईसीआईसीआई बैंक की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक चंदा कोचर तथा बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा सहित पांच भारतीय महिलाएं फोर्ब्स की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। इस सूची में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल पहले स्थान पर हैं।इस सूची में चंदा 32वें तथा एचसीएल कॉरपोरेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रोशनी नादर मल्होत्रा 57वें स्थान तथा बायोकॉन की संस्थापक चेयरमैन किरण मजूमदार शॉ 71वें स्थान पर हैं।
सूची में हिंदुस्तान टाइम्स मीडिया लिमिटेड की चेयरपर्सन शोभना भरतिया 92वें और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा 97वें स्थान पर हैं। कुल मिलाकर मर्केल 12 बार इस सूची में पहले स्थान पर रही हैं। मर्केल के बाद ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरिजा मे दूसरे स्थान पर हैं।
अफगानिस्तान के लिए सहायता के रूप में भारत से गेहूं की पहली खेप ईरान के चाबहार बंदरगाह पहुंची।
अफगानिस्तान के लिए सहायता के रूप में भारत से गेहूं की पहली खेप ईरान के चाबहार बंदरगाह पहुंच गई है। कल खेप पहुंचने पर आयोजित समारोह में भारत, ईरान और अफगानिस्तान के उच्चाधिकारी शामिल हुए।
बीआरओ ने लद्दाख में दुनिया की सबसे ऊंची सड़क बनाई
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में मोटर वाहन चलने लायक दुनिया की सबसे ऊंची सड़क बनाई है। यह सड़क 19,300 फुट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित ‘उमलिंगला टॉप’ से होकर गुजरती है। बीआरओ की ‘हिमांक परियोजना’ के तहत यह कामयाबी हासिल की गई। बीआरओ के प्रवक्ता ने बताया कि यह लेह से 230 किमी दूर हानले के पास स्थित है। चिसुमले और देमचक गांवों को जोड़ने वाली 86 किमी लंबी सड़क रणनीतिक महत्व की है।गर्मियों में तापमान शून्य से 15-20 डिग्री सेल्सियस कम रहता है जबकि सर्दियों में यह शून्य से 40 डिग्री नीचे चला जाता है।इस ऊंचाई पर ऑक्सीजन की मात्रा सामान्य स्थानों से 50 फीसदी कम रहती है।
वर्ल्ड फूड इंडिया 2017 नई दिल्ली में कल से शुरू
तीन दिन के इस मेले में खाद्य गुणवत्ता से जुड़े सभी हितार्थी एक मंच पर एकत्र होंगे तथा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और तकनीकी जानकारियों का आदान प्रदान किया जायेगा। केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने आकाशवाणी को विशेष भेंटवार्ता में बताया कि इस मेले में 30 से ज्यादा देशों के प्रतिभागी आयेंगे और देश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की संभावनाओं का पता लगायेंगे।
बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग: श्रीकांत करियर के सर्वश्रेष्ठ दूसरे नंबर पर, पीवी सिंधू अपने दूसरे स्थान पर कायम
ताजा बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में श्रीकांत दो पायदान की छलांग से अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ दूसरे नंबर की रैंकिंग पर पहुँच गये हैं .श्रीकांत इस सत्र में पांच फाइनल्स में पहुंचे हैं और चार खिताब जीत चुके हैं. उनके 73,403 अंक हैं जिससे वह विश्व चैम्पियन डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन से 4527 अंक दूर हैं जो रैंकिंग सूची में शीर्ष पर हैं. उन्होंने इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया में लगातार खिताब जीते और इसके बाद उन्होंने डेनमार्क और फ्रांस में ट्रॉफी अपने नाम की.महिला एकल में पीवी सिंधू अपने दूसरे स्थान पर बरकरार है जो फ्रांस में सेमीफाइनल में भी पहुंची थी जबकि दुनिया की पूर्व नंबर एक साइना नेहवाल 11वें स्थान पर कायम हैं.
महिला हॉकी एशिया कप में भारत कज़ाखिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में।
भारतीय महिला हॉकी टीम एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। जापान के काकामिगाहारा में भारतीय महिला टीम ने कजाख्स्तिान को 7-1 से हराया। गुरजीत कौर ने 3 और नवनीत कौर ने 2 गोल किए। भारत ने इस टुर्नामेंट में अब तक अपने सभी मैच जीते हैं।
