श्री मोदी ने निवेश बंधु पोर्टल की शुरूआत की
इस वर्ष का ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रख्यात हिंदी साहित्यकार कृष्णा सोबती को दिया जाएगा
साहित्य के क्षेत्र में देश का सर्वोच्च सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार इस वर्ष हिन्दी के प्रख्यात उपन्यासकार कृष्णा सोबती को दिया जाएगा। भारतीय ज्ञानपीठ के निर्णायक मंडल की आज नई दिल्ली में हुई बैठक में उन्हें यह पुरस्कार देने का फैसला किया गया। यह बैठक हिन्दी के सुप्रसिद्ध आलोचक डॉक्टर नामवर सिंह की अध्यक्षता में हुई। सन् 1925 में अब के पाकिस्तान में जन्मी कृष्णा सोबती ने अपनी साहित्यिक जीवन की शुरूआत वर्ष 1950 में प्रकाशित कहानी लामा से की।92 वर्षीय सोबती ने, विभाजन, भारतीय समाज के बदलते परिवेश से लेकर मानवीय मूल्यों में धीरे-धीरे आ रही गिरावट जैसे विषयों पर भी अपनी कलम चलाई है।
अमरीकी ने भारत में अमरीका के अगले राजदूत के लिए श्री केनथ जेस्टर के नाम की पुष्टि की
अमरीकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट ने केनेथ जस्टर को भारत में अमरीका के अगले राजदूत के रूप में नियुक्ति के प्रस्ताव की ध्वनिमत से पुष्टि कर दी है। 62 वर्षीय श्री जस्टर को भारतीय मामलों का लम्बा अनुभव है और उन्होंने ऐतिहासिक भारत-अमरीका असैन्य परमाणु संधि संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री डोनॉल्ड ट्रम्प के अमरीकी राष्ट्रपति चुने जाने के साथ ही भारत में अमरीकी राजदूत रिचर्ड आर. वर्मा ने इस्तीफा दे दिया था और 20 जनवरी से यह पद खाली पड़ा है।
गेविन विलियम्सन को ब्रिटेन का नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया
गेविन विलियम्सन को ब्रिटेन का नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया। उन्होंने अनुचित यौन व्यवहार के आरोपों पर इस्तीफा देने वाले माइकल फैलन की जगह ली है।उनका इस्तीफा ऐसे वक्त हुआ है जब उनके खिलाफ एक पत्रकार ने शोषण का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने अपने भरोसेमंद मुख्य सचेतक विलियम्सन को रक्षा मंत्री के पद की जिम्मेदारी दी है।साउथ स्टेफोर्डशायर से सांसद, 41 साल के विलियम्सन पिछले साल से प्रधानमंत्री के संसदीय दल में अनुशासन बनाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
शीर्ष न्यायालय ने शिक्षा संस्थानों पर पत्राचार के माध्यम से तकनीकी शिक्षा देने पर रोक लगाई
उच्चतम न्यायालय ने व्यवस्था दी है कि तकनीकी शिक्षा पत्राचार पाठ्यक्रमों के जरिये नहीं दी जा सकती। शीर्ष न्यायालय ने शिक्षा संस्थाओं को इंजीनियरी जैसे पाठ्यक्रमों की शिक्षा दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के जरिये देने पर रोक लगा दी है। उच्चतम न्यायालय ने इस संबंध में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के निष्कर्षों की पुष्टि की और उड़ीसा उच्च न्यायालय के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसमें पत्राचार से तकनीकी शिक्षा की इजाजत दी गई थी।
भारतीय महिला टीम एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची
भारत की टीम महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई है। जापान के काकामिगहरा में खेले गए सेमीफाइनल में उसने मेजबान जापान को 4-2 से हराया। फाइनल में भारत का सामना चीन से होगा।
ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाजों ने 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सभी मुकाबले जीते
ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारतीय प्रकाश नानजप्पा, अमनप्रीत सिंह और जीतू राय ने 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा के तीनों पदक जीत लिये हैं। प्रकाश ने स्वर्ण, अमनप्रीत ने रजत और जीतू ने कांस्य पदक जीता। कल, ओलंपिक कांस्य पदक विजेता गगन नारंग ने रजत पदक जीता था। स्वपनिल सुरेश कुसाले ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था।
