काला धन रखने वालों की सबसे बड़ी सूची में सात सौ से ज्यादा भारतीयों के नाम शामिल - पैराडाइस पेपर्स
180 देशों की सूची में नामों की संख्या के हिसाब से भारत 19वें स्थान पर है। लीक हुए डाटा में कुल 714 भारतीयों के नाम हैं। इसमें सन टीवी एयरसेल मैक्सिस मामले, एस्सार-लूप टूजी मामले और एसएनसी-लावालिन मामले में संलिप्त कंपनियां शामिल है। राजस्थान एम्ब्यूलेंस घोटाले में शामिल कंपनियां जैसे- जिकुस्ता हैल्थकेयर का नाम भी सूची में है। कांग्रेस नेता सचिन पायलेट और पी. चिदम्बरम के पुत्र कार्ति चिदम्बरम इस कंपनी के स्वतंत्र निदेशक रह चुके हैं.सरकार ने पनामा पेपर लीक मामले की जांच कर रहे बहु-एजेंसी समूह को पैराडाइज पेपर्स मामले की भी जांच करने का आदेश दिया है।
राजधानी में तीन दिवसीय वर्ल्ड फूड इंडिया में 19 अरब डॉलर के निवेश के समझौते।
वर्ल्ड फूड इंडिया के दौरान 19 अरब डॉलर से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। तीन दिन का यह आयोजन कल सम्पन्न हो गया। यह आयोजन बेहद सफल रहा, जिसमें साठ से अधिक देशों ने भागीदारी की। इसमें दुनियाभर की 50 से अधिक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शामिल हुए। आयोजन के दौरान 918 किलोग्राम खिचड़ी बनाई गई जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई।
ये पहला मौका है जब भारत ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए इस सम्मेलन का आयोजन किया, ताकि वह वैश्विक स्तर पर भोजन सामग्री को लेकर अपनी स्थिति मजबूत कर सके। खाद्य सम्मेलन में कंपनियों ने 11 दशमलव 25 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जताई। इसमें करीब ढाई अरब डॉलर के एम.ओ.यू. राज्य सरकारों और हितधारकों के बीच हस्ताक्षर किए गए हैं ताकि देश में खाद्य प्रसंस्करण के स्तर को 10 प्रतिशत बढ़ाने में मदद की जा सके। अमरीका, संयुक्त अरब अमीरात, जर्मनी, नीदरलैंड और फ्रांस ने देश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में बड़े निवेश की घोषणा की है।
राजस्व सचिव हसमुख अढि़या नए वित्त सचिव होंगे
राजस्व सचिव हसमुख अढिया को नया वित्त सचिव नियुक्त किया गया है। केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने इसकी मंजूरी दे दी है। पिछले महीने श्री अशोक लवासा के सेवा निवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त हुआ था। श्री अढिया 1981 के गुजरात कैडर के आई ए एस अधिकारी हैं। परम्परा के अनुसार वित्त मंत्रालय के वरिष्ठतम सचिव को वित्त सचिव नियुक्त किया जाता है।
जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र वार्ता का नया दौर जर्मनी के बॉन में शुरू होगा
जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र वार्ता का नया दौर आज से जर्मनी के बॉन में शुरू हो रहा है। पेरिस जलवायु संधि से अमरीका के अलग होने के फैसले के बाद पहली बार हो रहे इस सम्मेलन में एक सौ 90 से अधिक देश धरती के बढ़ते तापमान की रोकथाम के प्रयासों पर चर्चा करेंगे। 2018 में अगले दौर की वार्ता तक समझौते की शर्तें तय कर लेने की दिशा में बातचीत होगी। कार्बन उत्सर्जन में कमी के प्रयासों की रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। सम्मेलन 17 नवंबर को समाप्त होगा।
कॉमनवैल्थ शूटिंग चैम्पियनशिप में भारत ने 6 स्वर्ण और 7 रजत समेत 20 पदक जीते।
ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रमंडल (कॉमनवैल्थ) निशानेबाजी प्रतियोगिता में सत्येंद्र सिंह ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में स्वर्ण जीता। इस स्पर्धा का रजत संजीव राजपूत को मिला। भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल छह स्वर्ण सात रजत और सात कांस्य सहित 20 पदक जीते। सत्येंद्र और संजीव के अलावा चैन सिंह ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
