संबंधों को मजबूत बनाने के लिये बेल्जियम के राजा फिलिप से प्रधानमंत्री मोदी की वार्ता
भारत बेल्जियम के लिये दूसरा सबसे बड़ा निर्यात केंद्र है और यूरोपीय संघ के बाहर उसका तीसरा सबसे बड़ा व्यापार साझेदार है। वर्ष 2016-17 में द्विपक्षीय कारोबार 13.28 अरब अमेरिकी डॉलर का था। भारत से बेल्जियम को किया जाने वाला निर्यात जहां 5.65 अरब अमेरिकी डॉलर का था वहीं बेल्जियम से भारत आने वाला कुल आयात 6.62 अरब अमेरिकी डॉलर का था।
सरकार का पैराडाइज़ पेपर्स मामले में बहु-एजेंसी समूह से जांच कराने का आदेश
सरकार ने पैराडाइज़ पेपर्स मामलों की बहु एजेंसी समूह से जांच कराने का आदेश दिया है। यह समूह पनामा पेपर लीक मामले की भी जांच कर रहा है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के प्रमुख की अध्यक्षता वाले इस समूह में प्रवर्तन निदेशालय, रिजर्व बैंक और वित्तीय खुफिया इकाई के प्रतिनिधि होंगे। पैराडाइज पेपर्स में जिन 180 देशों की कंपनियों के नाम आए हैं उनमें नामों की संख्या के आधार पर भारत 19वें स्थान पर है। इस सूची में 714 भारतीय कंपनियों और व्यक्तियों के नाम हैं।पनामा पेपर्स लीक मामले में लगभग 7 अरब 92 करोड़ रूपए की अधोषित संपत्ति का पता चला है। पांच मामलों में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है। बहु एजेंसी समूह ने अब तक सात रिपोर्ट सौंपी है और जांच तेजी से जारी है।
‘निर्भय’ सब-सॉनिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया भारत ने
भारत ने स्वदेश निर्मित और लंबी दूरी की सब-सॉनिक क्रूज मिसाइल ‘निर्भय’ का परीक्षण किया। यह मिसाइल 300 किलोग्राम तक के आयुध ले जाने में सक्षम है। ओडिशा तट पर चांदीपुर से मिसाइल का परीक्षण किया गया। यह स्वदेश निर्मित मिसाइल प्रणाली का प्रयोग के तौर पर किया गया पांचवां परीक्षण है। एडवांस्ड सिस्टम्स लैबोरेटरी (एएसएल) द्वारा विकसित ठोस रॉकेट मोटर बूस्टर से संचालित इस मिसाइल की परिचालनगत रेंज 1000 किलोमीटर तक है। यह मिसाइल छह मीटर लंबी, 0.52 मीटर चौड़ी और इसके पंख 2.7 मीटर तक फैले हैं। यह 200 से 300 किग्रा. तक के आयुध ले जा सकती है। ‘निर्भय’ का पहला परीक्षण 12 मार्च 2013 को किया गया था और उस समय मिसाइल के एक हिस्से में खराबी आने के कारण उसने बीच रास्ते में ही काम करना बंद कर दिया था।
दूसरा परीक्षण 17 अक्तूबर 2014 को किया गया जो सफल रहा था। 16 अक्तूबर 2015 को किए गए अगले परीक्षण में मिसाइल 128 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद अपने रास्ते से भटक गई थी। मिसाइल का आखिरी परीक्षण 21 दिसंबर 2016 को किया गया और उस समय भी यह निर्धारित रास्ते से भटक गई थी। ये सभी परीक्षण चांदीपुर से किए गए।
विमुद्रीकरण के बाद देश में पारदर्शी और ईमानदार वित्त व्यवस्था - वित्तमंत्री अरूण जेटली
आयकर विभाग ने वर्ष 2015-16 के मुकाबले इस वर्ष दो गुना से अधिक नकदी जब्त की है। छापों के दौरान लगभग साढ़े 15 हजार करोड़ रूपये की अघोषित आय का पता चला है जो वर्ष 2015-16 के मुकाबले 38 प्रतिशत अधिक है। श्री जेटली ने कहा कि वर्ष 2016-17 में सर्वेक्षण के दौरान 13 हजार सात सौ करोड़ रूपये की अघोषित आय पकड़ी गई है जो पिछले वर्ष पकड़ी गई राशि से 41 प्रतिशत अधिक है। वित्त मंत्री ने कहा कि अभी कुछ लोगों को इनके लाभ दिखाई नहीं दे रहे है। वित्त मंत्री ने कहा कि 8 नवंबर, 2016 भारतीय अर्थव्यवस्था के इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन के रूप में याद किया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र साझेदारी कोष में 10 करोड़ डॉलर की सहायता देगा भारत
भारत ने संयुक्त राष्ट्र साझेदारी कोष में 10 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सहायता देने की प्रतिबद्धता जतायी है। भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी कोष को इस साल की शुरूआत में गठित किया गया था। यह भारत और दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र का कार्यालय (यूएनओएसएससी) के बीच साझेदारी है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के सलाहकार अंजनी कुमार ने विकासात्मक गतिविधियों के लिए संरा शपथ सम्मेलन 2017 में कई वर्षों तक सहयोग देने की घोषणा की। कुमार ने कहा यह सहयोग संयुक्त राष्ट्र के कई अन्य कार्यक्रमों में दी जा रही 105.82 करोड़ डॉलर की सहयोग राशि से अलग है।
CISF ने दिल्ली में जवानों को मुहैया कराए 9000 मास्क
राष्ट्रीय राजधानी में वायु की गुणवत्ता के गिरते स्तर के मद्देनजर सीआईएसएफ ने आईजीआई हवाईअड्डे, दिल्ली मेट्रो और अन्य सरकारी मंत्रालयों पर तैनात अपने कर्मियों को चेहरे ढकने के लिए 9000 से अधिक मास्क मुहैया कराने आदेश जारी किया है। सीआईएसएफ के महानिदेशक (डीजी) ओ पी सिंह ने मास्क मुहैया कराए जाने का आदेश दिया है ताकि खुले स्थानों पर ड्यूटी कर रहे महिला एवं पुरूष गंभीर रूप से जहरीली धुंध का सामना बेहतर तरीके से कर पाए।नमी के साथ प्रदूषक तत्वों के शहर की आबोहवा में फैलने के कारण कल शाम से हवा की गुणवत्ता और दृश्यता तेजी से गिरने लगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सुबह दस बजे तक ‘खराब’ वायु गुणवत्ता दर्ज की जिसका मतलब है कि प्रदूषण अत्यधिक है। दिल्ली सरकार ने राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण सभी प्राइमरी स्कूलों को कल बंद रखने का आदेश दिया। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो यह आदेश बृहस्पतिवार तक बढा दिया जाएगा।
एम.सी. मैरीकॉम और सोनिया लाथर एशियाई महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता के फाइनल में
पांच बार की विश्व चैम्पियन एम. सी. मेरीकॉम और सोनिया लाथेर ने एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 48 किलो वर्ग में मेरीकॉम ने जापान की सुबासा कोमुरा को 5-0 से हराया। फाइनल में उनका मुकाबला उत्तर कोरिया की किम हयांग मि से होगा। एक अन्य मैच में सोनिया लाथेर ने उजबेकिस्तान की योदगोरोय मिर्जाएवा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। एल. सरिता देवी, शिक्षा और प्रियंका चौधरी ने अपने-अपने वर्गों का कांस्य पदक हासिल किया।
