पांच सौ और एक हजार रूपये के नोट को अमान्य ठहराये जाने का एक वर्ष पूरा
पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट अमान्य किए जाने का आज एक वर्ष पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल 8 नवम्बर को रात आठ बजे नोटबंदी की घोषणा की थी।सरकार ने कहा है कि इस कदम से समानान्तर अर्थव्यवस्था पर अंकुश लगाने तथा गैर-कानूनी गतिविधियों और आतंकवाद के लिए मुहैया कराये जा रहे अवैध और जाली नोटों के इस्तेमाल पर कार्रवाई करने में सफलता मिली है।
नोटबंदी के बाद लगभग 18 लाख संदिग्ध मामलों की पहचान की गई जिनमें जमा की गई राशि जमाकर्ताओं के कर भुगतान से मेल नहीं खाती थी। साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि के साथ तेइस लाख से अधिक बैंक खाते जांच के दायरे में हैं।नोटबंदी के बाद कश्मीर में पथराव की घटनाओं में 75 प्रतिशत तक कमी आई। वामपंथी उग्रवाद की घटनाओं में भी पिछले वर्ष के मुकाबले 20 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।
इसके अलावा सात लाख साठ हजार की जाली मुद्रा का पता चला। करदाताओं की संख्या में भी 26 दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष अगस्त में 87 करोड़ के मुकाबले डिजिटल लेनदेन 138 करोड़ पर पहुंच गया है। यूपीआई लेन-देन अप्रैल में 38 लाख था, जो बढ़कर इस वर्ष अक्टूबर में 7 करोड़ 70 लाख पर पहुंच गए। गत एक वर्ष में मोबाइल ट्रांजेक्शन की वॉल्यूम दो सौ 18 प्रतिशत बढ़ी है। डेबिट कार्ड की ट्रांजेक्शन की वॉल्यूम एक सौ तीन प्रतिशत बढ़ी है।
भारतीय जनता पार्टी आज नोटबंदी का एक साल होने पर कालाधन रोधी दिवस मनाया। विपक्ष इसे काला दिवस दिवस बताया
भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार के उपायों की जानकारी देने के लिए भारतीय जनता पार्टी आज इस दिन को देशभर में काला धन रोधी दिवस के रूप में मनाया।सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी व्यापारियों और उपभोक्ताओं को डिजिटल लेनदेन अपनाने को प्रोत्साहित करने के लिए डिजिटल रथ रवाना करेंगी। कांग्रेस, वामदल और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी दल ने इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाया |
हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के मतदान बाद के सर्वेक्षण- एग्ज़िट पोल पर 14 दिसम्बर की शाम तक प्रतिबंध लगा
निर्वाचन आयोग ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के मतदान बाद के सर्वेक्षण- एग्ज़िट पोल पर 14 दिसम्बर की शाम तक प्रतिबंध लगा दिया है। हिमाचल प्रदेश में 68 सदस्यों की विधानसभा चुनाव के लिए कल वोट डाले जाएंगे। जबकि गुजरात विधानसभा चुनाव में नौ और चौदह दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे। आयोग ने कल कहा कि हिमाचल प्रदेश चुनाव के संभावित नतीजों पर एग्जि़ट पोल गुजरात विधानसभा चुनाव के दोनों चरण पूरे होने तक नहीं दिखाये जा सकते।
दिल्ली सरकार दो वर्ष में 70 विश्व स्तरीय कौशल केंद्र खोलेगी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 70 विश्व स्तरीय कौशल केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नोटबंदी और जीएसटी से ‘‘ढुलमुल अर्थव्यवस्था’’ के बीच रोजगार सृजन के लिये हर संभव कदम उठायेगी। नये कौशल केंद्र अगले दो वर्ष में पूरे कर लिये जायेंगे और इनकी क्षमता 70,000 छात्रों को प्रशिक्षित करने की होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नये कौशल केंद्र दिल्ली सरकार द्वारा सिंगापुर की मदद से विवेक विहार में बनाए गए मॉडल के आधार पर बनाए जाएंगे। दिल्ली के श्रम एवं रोजगार मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दो दिवसीय ‘रोजगार मेले’ में 11,500 युवकों को नौकरी मिलने की उम्मीद है।
हल्दिया में उर्वरक कारोबार 375 करोड़ रुपये में बेचेगी टाटा केमिकल्स
टाटा केमिकल्स पश्विम बंगाल में अपनी हल्दिया की उर्वरक इकाई को नीदरलैंड की इंडोरामा होल्डिंग्स बीवी को 375 करोड़ रुपये में बेचने जा रही है। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने फॉस्फेट उर्वरक कारोबार को इंडोरामा होल्डिंग्स की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी आईआरसी एग्रो केमिकल्स को बेचने की मंजूरी दी है। कंपनी ने कहा कि इस सौदे में हल्दिया संयंत्र का स्थानांतरण, थोक और गैर थोक उर्वरक ट्रेडिंग कारोबार, चल और अचल संपत्तियां शामिल हैं|
एम.सी. मैरीकॉम ने वियतनाम में एशियाई महिला मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीता
पांच बार की विश्व चैंपियन मैरी कॉम ने एशियाई महिला बॉक्सिंग के 48 किलोग्राम वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया है। वियतनाम के हो चि मिन्ह शहर में मैरी कॉम ने उत्तर कोरिया की किम ह्यांग मि को हरा दिया। पांचों रैफरियों ने उनके पक्ष में फैसला दिया। 2014 के एशियाई खेलों के बाद मैरी कॉम ने पहली बार अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता है।
सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में एच०एस०प्रणय ने पुरूष सिंगल्स खिताब और सायना नेहवाल ने महिला सिंगल्स का खिताब जीता
एच.एस. प्रणय और सायना नेहवाल ने 82वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में अपने-अपने वर्गों का खिताब जीत लिया है। नागपुर में खेले गए पुरूष सिंगल्स फाइनल में प्रणय ने किदाम्बी श्रीकांत को 21-15, 16-21, 21-7 से पराजित किया। महिला सिंगल्स में सायना ने पी.वी. सिंधु को 21-17, 27-25 से हराया। अश्विनी पोनप्पा और सात्विक साईराज ने प्रणव जेरी चौपडा और एन सिक्की रेड्डी को हराकर मिकस्ड डबल्स खिताब अपने नाम किया।
