प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस की तीन दिन की यात्रा पर कल मनीला रवाना होंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फिलीपींस की तीन दिन की यात्रा पर कल सवेरे मनीला के लिए रवाना होंगे। फिलीपीन्स की पहली द्विपक्षीय यात्रा के दौरान वे आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फिलीपींस की यह पहली सरकारी यात्रा है। वे वहां आसियान भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में चौथी बार भाग लेंगे।
इसी वर्ष भारत आसियान वार्ता भागीदारी के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। आसियान शिखर सम्मेलनों में भारत 15 वर्ष से भाग ले रहा है और आसियान देशों के साथ महत्वपूर्ण भागीदारी वो भी पूरे पांच वर्ष हो गए हैं। इस दौरान श्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के साथ बैठक करेंगे और अन्य विश्व नेताओं से भी मिलेंगे। श्री मोदी आसियान संगठन की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
बंगलादेश के मुख्य न्यायाधीश सुरेन्द्र कुमार सिन्हा ने इस्तीफा दिया
बंगलादेश के मुख्य न्यायाधीश सुरेन्द्र कुमार सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया है। न्यायाधीशों को कदाचार और अक्षमता के आधार पर हटाने के संसद के अधिकार को समाप्त करने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद सरकार ने उनकी आलोचना की थी। इसके बाद वे पिछले महीने की 13 तारीख को अवकाश पर ऑस्ट्रेलिया चले गए थे और वहीं से उन्होंने आज अपना इस्तीफा राष्ट्रपति अब्दुल हमीद को भेजा है। उनका कार्यकाल अगले वर्ष जनवरी में समाप्त होना था। न्यायाधीश न्यायमूर्ति सिन्हा के ऑस्ट्रेलिया रवाना होने के एक दिन बाद 14 अक्तूबर को सर्वोच्च न्यायालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा था कि उन पर मनीलॉड्रिंग और भ्रष्टाचार सहित ग्यारह आरोप हैं।
उत्तर कोरिया को चेतावनी देने के लिए अमरीका और दक्षिण कोरिया का संयुक्त नौसैनिक अभ्यास
अमरीका और दक्षिण कोरिया की नौसेनाओं ने संयुक्त नौसैनिक अभ्यास शुरू किया। इसमें अमरीका के तीन विमान वाहक युद्धपोत हिस्सा ले रहे हैं। सैन्य अधिकारियों ने इसे उत्तर कोरिया को स्पष्ट चेतावनी बताया है। चार दिन चलने वाला यह अभ्यास दक्षिण कोरिया के पूर्वी तट के समुद्र में किया जा रहा है। दक्षिण कोरिया की संयुक्त सेनाओं के प्रमुख ने कहा कि इसका नेतृत्व करने वाले यूएसएस रोनाल्ड रीगन, टीरूजवेल्ट और निमित्ज मंगलवार तक अभ्यास करेंगे। जापान ने कल घोषणा की कि कोरियाइ प्रायद्वीप के समुद्र में अमरीका के विमान वाहक युद्ध पोतों के साथ अभ्यास के लिए वह अपने सबसे बड़े युद्ध पोतों को शामिल करेगा। इस सैन्य प्रदर्शन का उद्देश्य उत्तर कोरिया पर दबाव बनाना है।
गृहमंत्रालय ने कट्टरवाद और साइबर अपराधों से निपटने के लिए दो नये प्रभाग बनाये
गृह मंत्रालय ने कट्टरता और साइबर अपराध की सुरक्षा चुनौतियों के निपटने के लिए नए आतंकवाद रोधी और कट्टरवाद रोधी प्रभाग और साइबर सूचना सुरक्षा प्रभाग का गठन किया है। इसके लिए मंत्रालय के कुछ प्रभागों का विलय किया गया है।आतंकरोधी प्रभाग अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखेगा और उनके दुष्प्रचार से निपटने की कार्यनीति तैयार करेगा। कट्टरवार रोधी प्रभाग ऑनलाइन अपराधों, धोखाधड़ी और हैकिंग सहित अन्य आशंकित खतरों पर निगरानी रखेगा।
दिल्ली सरकार ने सोमवार से शुरू होने वाली सम-विषम योजना लागू करने का फैसला वापस लिया
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण -एनजीटी- के सम-विषम योजना के तहत कुछ वाहनों को दी जाने वाली रियायतें हटाने के आदेश के बाद राजधानी में सोमवार से लागू की जाने वाली योजना आज वापस ले ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में यह फैसला किया गया।दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बताया कि एनजीटी के निर्देश को देखते हुए सरकार ने यह फैसला किया है।
लिएण्डर पेस और पूरव राजा अमरीका में नॉक्जवेले चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में
लिएंडर पेस और पूरव राजा की जोड़ी अमरीका में नॉक्सविल्ले चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट के पुरूष डबल्स फाइनल में पहुंच गई है। आज खेले गए सेमीफाइनल मैच में पेस और पूरव की जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के रूवान रोलेस्फे और ब्रिटेन के जो सेलिसबरी की जोड़ी को 7-6, 6-3 से हराया।
