प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आसियान- शिखर सम्मेलन में भाग लेने फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के सिलसिले में तीन दिन की सरकारी यात्रा पर आज मनीला पहुंचे। प्रधानमंत्री ने वहां आसियान के 50वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में हिस्सा लिया। इसका आयोजन आसियान शिखर सम्मेलन की पूर्व संध्या पर किया गया है।
मनीला में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के महत्वपूर्ण सामरिक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भागीदारी से भारत की एक्ट ईस्ट की नीति को नयी रफ्तार मिलेगी। आसियान के साथ संबंध भारत की विदेश नीति का मजबूत स्तंभ है। 2016-17 में भारत और आसियान देशों के बीच 72 अरब डालर का व्यापार हुआ जबकि इससे पहले साल यह 65 अरब डालर रहा था। इतना ही नहीं दोनों पक्षों के बीच व्यापार में काफी बढ़ोतरी हो रही है।
आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए सरकारी बैंकों में और पूंजी लगाएगी सरकार
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि सरकार ने बैंकिंग प्रणाली मजबूत करने और देश के आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए सरकारी बैंकों में अधिक पूंजी लगाने का फैसला किया है। श्री जेटली ने कहा कि सरकार ने बजट, बाण्ड और बैंकों की इक्विटी पूंजी में विस्तार के जरिए और पूंजी लगाने का फैसला किया है। श्री जेटली ने देश की अर्थव्यवस्था और विकास में सहयोग की बैंकों की क्षमता बढ़ाने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सराहना की|
देश की सभी ग्राम पंचायतों में मार्च-2019 तक तेज गति की ब्रांडबैंड सेवा उपलब्ध कराने की भारतनेट परियोजना के दूसरे चरण की शुरूआत कल से
सरकार मार्च 2019 तक सभी ग्राम पंचायतों में तेज गति की ब्रॉडबैन्ड सेवा उपलब्ध कराने की परियोजना भारतनेट के कल से दूसरे और अंतिम चरण को शुरूआत करेगी। इसे लागू करने के लिए लगभग 34 हजार करोड रुपये खर्च होंगे। दूरसंचार विभाग इस संबंध में नई दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है इसमें भारतनेट के दूसरे चरण को क्रियान्वित करने के लिए राज्यों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस चरण के तहत देश में शेष बची एक लाख पचास हजार ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैन्ड संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा। सम्मेलन में सभी राज्यों के सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री और सचिव तथा सेवा प्रदाता भाग लेंगे।
भारतनेट के पहले चरण में देश के कई राज्यों की एक लाख से अधिक ग्राम पंचायतों में ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई है। इस वर्ष दिसम्बर तक सभी एक लाख ग्राम पंचायतों में भारतनेट ढांचा काम करना शुरू कर देगा। वर्तमान में नब्बे हजार से अधिक पंचायतों में कार्य हो चुका है और अस्सी हजार ग्राम पंचायतों में भी सेवायें जल्द शुरू होंगी।
शीर्ष 10 कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण में 60,422 करोड़ की गिरावट
देश की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार मूल्यांकन में 60,422.54 करोड़ रुपये की कमी आयी। इसमें सर्वाधिक प्रभावित रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। शुक्रवार को समाप्त सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के अलावा एचडीएफसी लि., आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी इंडिया और ओएनजीसी को सबसे अधिक नुकसान हुआ। वहीं दूसरी तरफ टीसीएस, एचयूएल, इंफोसिस और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एमकैप में वृद्धि दर्ज की गयी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में 39,328.34 करोड़ रुपये घटकर 5,59,526.33 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 10,782.84 करोड़ रुपये कम होकर 2,72,402.31 करोड़ रुपये जबकि आईटीसी 4,935.13 करोड़ रुपये घटकर 3,18,468.37 करोड़ रुपये पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक का एमकैप 3,116.2 करोड़ रुपये घटकर 4,70,454.76 करोड़ रुपये जबकि मारुति का बाजार मूल्यांकन 1,554.2 करोड़ रुपये कम होकर 2,46,646.86 करोड़ रुपये हो गया।
आज लोकसेवा प्रसारण दिवस है
यह दिवस प्रत्येक वर्ष राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 1947 में पहली और अंतिम बार आकाशवाणी के दिल्ली केंद्र में आगमन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। 12 नवम्बर 1947 को गांधीजी ने विभाजन के बाद हरियाणा के कुरूक्षेत्र में अस्थायी रूप से बसे विस्थापितों को यहां से संबोधित किया था।
पाक से 2300 से अधिक सिख तीर्थयात्री भारत के लिये रवाना
पाकिस्तान से 2300 से अधिक सिख तीर्थयात्री विशेष ट्रेनों से भारत के लिये रवाना हुए। ये तीर्थयात्री पंजाब प्रांत के ननकाना साहबि में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 549 वीं जयंती में हिस्सा लेने यहां आए थे।तीर्थयात्रियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रेलवे स्टेशन लाया गया था। पाकिस्तान में अपने 10 दिन के प्रवास के दौरान तीर्थयात्रियों ने गुरुद्वारा जन्मस्थान ननकाना साहिब, गुरुद्वारा पंजा साहिब हसन अब्दल और गुरुद्वारा करतार साहिब नारोवाल की यात्रा की।
दोहा में बिलियडर्स चैम्पियनशिप में पंकज अडवाणी ने अपना 17वां विश्व खिताब जीता
दोहा में विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप में भारत के पंकज आडवाणी ने इंग्लैंड के माइक रसेल को हराकर अपने करियर का 17वां विश्व खिताब जीता। फाइनल में आडवाणी ने रसेल को 6-2 से हराया। उन्होंने पिछले वर्ष बंगलुरू में भी खिताब जीता था।
