प्रधानमंत्री ने आसियान शिखर सम्मेलन से अलग अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से द्विपक्षीय बातचीत की।
सभी ग्राम पंचायतों को मार्च 2019 तक ब्रॉडबेंड सेवाएं उपलब्ध कराने के भारतनेट परियोजना का दूसरा और अंतिम चरण शुरू।
सरकार ने मार्च 2019 तक देश की सभी ग्राम पंचायतों में हाईस्पीड ब्रॉडबैंड सेवा मुहैया कराने के लिए भारतनेट परियोजना के दूसरे तथा अंतिम चरण का शुभारंभ किया है। इस परियोजना पर लगभग 34 हजार करोड़ रूपये की लागत आएगी। इलैक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, संचार मंत्री मनोज सिन्हा और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी तथा विभिन्न राज्यों के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रियों ने नई दिल्ली में एक समारोह में इसकी शुरूआत की|
सॉफ्टबैंक से उबर को मिला अरबों डॉलर का निवेश
जापानी प्रौद्योगिकी समूह सॉफ्टबैंक ने अमेरिका की टैक्सी सेवा प्रदान करने वाली उबर में निवेश करने के लिए कंपनी के साथ सौदा किया है। उबर टेक्नोलॉजीज ने इस निवेश के बारे में पुष्टि की थी, लेकिन इस सौदे के बारे में कोई सूचना नहीं दी थी। हालांकि, सौदे के बारे में एक व्यक्ति ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि सॉफ्टबैंक समूह उबर के करीब एक अरब डॉलर के नए शेयर को खरीदेगा। इसके बाद कंपनी (उबर) में अपनी हिस्सेदारी 14 प्रतिशत पहुंचाने के लिए उबर के कर्मचारियों और निवेशकों के शेयरों को खरीदने की पेशकश करेगा।वर्तमान में उबर का बाजार मूल्यांकन 68.5 अरब डॉलर है।
खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में 3.58 % पर
खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में सात महीने के उच्चतम स्तर तीन दशमलव पांच आठ प्रतिशत पर जा पहुंची। इस वर्ष सितंबर में उपभोक्ता मूल्यों पर आधारित मुद्रास्फीति तीन दशमलव दो आठ प्रतिशत रही थी और पिछले वर्ष अक्टूबर में यह चार दशमलव दो प्रतिशत दर्ज हुई थी।
करीबी रक्षा सहयोग के लिए महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर करेगा यूरोपीय संघ
यूरोपीय संघ आज 20 से अधिक देशों के साथ करीबी रक्षा संबंध की दिशा में कदम उठाते हुए एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर करेगा, जिसका लक्ष्य ब्रेक्जिट और क्रीमिया के प्रति रूस के रूख के बाद आपसी सहयोग बढ़ाना होगा। सैन्य संबंध गहरे करने के ऐसे प्रयास दशकों से किये जा रहे थे, लेकिन ब्रिटेन के लगातार विरोध के कारण यह कभी सफल नहीं हो सका। ब्रेक्जिट और रूस के 2014 में क्रीमिया पर संयोजन के बाद मजबूत यूरोपीय सुरक्षा की आवश्यकता एक बार फिर खड़ी हो गई है।ह समझौता ब्रिटेन के अलग होने के बाद जर्मनी और फ्रांस के नेतृत्व में यूरोपीय संघ को फिर खड़ा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। रक्षा सहयोग के संबंध में जून में यूरोपीय संघ ने 5.5 अरब यूरो की रक्षा निधि की घोषणा भी की थी।
लिएंडर पेस और पूरव राजा ने अमरीका में नोक्सविले चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट का पुरुष डबल्स खिताब जीता।
लिएंडर पेस और पूरव राजा ने अमरीका में नोक्सविले चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट का पुरूष डबल्स खिताब जीत लिया है। पेस और राजा की जोड़ी ने अपना पहला खिताब इस वर्ष अगस्त में जीता था।
