प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों के कारपेट एरिया में वृद्धि को मंजूरी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मध्य आय वर्ग के लिए ऋण सब्सिडी योजना के अंतर्गत ब्याज पर सब्सिडी की पात्रता के लिए मकानों के कारपेट एरिया में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। मध्य आय वर्ग वन के लिए कारपेट एरिया का क्षेत्र 90 वर्गमीटर से बढ़ाकर 120 वर्गमीटर तथा मध्यम आय वर्ग-टू श्रेणी के लिए 110 वर्गमीटर से बढ़ाकर 150 वर्गमीटर कर दिया गया है।
केन्द्र सरकार ने हटाया दालों के निर्यात पर प्रतिबंध
कैबिनेट कमेटी ऑन इक्नोमिक्ल अफेयर्स ने आज दाल के निर्यात पर सारे प्रतिबंध हटा दिए हैं। 16-17 में 23 मिलियन टन दाल की खेती हुई थी। जिसमें 20 लाख टन गर्वन्मेंट ने प्रोक्योर किया था। भारत के किसान अपनी दालों के उत्पाद को बाहर भी निर्यात कर सकते हैं।
इस फैसले से किसानों को अपनी दाल बेचने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। खाद्य और सार्वजनिक वितरण सचिव की अध्यक्षता वाली समिति दालों की आयात और निर्यात नीति की समीक्षा करेगी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भारतीय वायुसेना के 223 स्क्वाड्रन और 117 हेलीकॉप्टर यूनिट को ध्वज प्रदान किये
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पंजाब के आदमपुर स्थित वायुसैनिक अड्डे पर भारतीय वायुसेना के 223 स्क्वाड्रन और 117 हेलीकॉप्टर यूनिट को ध्वज प्रदान किये। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि सशस्त्र बलों की क्षमताओं और साहस का भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है। श्री कोविंद ने कहा कि भारत शांति के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है लेकिन राष्ट्र की सुरक्षा के लिए हम अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल करने के लिए दृढ़प्रतिज्ञ हैं।
भारत सायबर स्पेस पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 नवंबर को इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सायबर जगत में अत्याधुनिक पद्धतियों और सुरक्षा उपायों को समझना तथा आपसी सहयोग बढ़ाना है। श्री प्रसाद ने कहा कि सम्मेलन में डिजिटल इंडिया और नागरिकों के डिजिटल समावेशन के बारे में भी चर्चा की जाएगी।
पी वी सिंधु चाइना ओपन सुपर सीरिज बैडमिन्टन के क्वार्टर फाइनल में
पी. वी. सिंधु चायना ओपन सुपर सीरिज प्रीमियर बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। चीन के फुजोउ में प्री-क्वार्टर फाइनल में सिंधु ने चीन की हान युई को हराया। क्वार्टर फाइनल में सिंधु का मुकाबला चीन की ही गाओ फैंगजी से होगा। इससे पहले सायना नेहवाल और एच. एस. प्रणॉय अपने-अपने मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
