2017 की विश्‍व सुंदरी बनी भारत की मानुषी छिल्‍लर
नवंबर 18,2017भारत की ओर से फिर एक बार मिस वर्ल्‍ड का खिताब जीता गया है. हरियाणा की मानुषी छिल्‍लर ने ये खिताब अपने नाम किया है. उन्‍होंने 118 देशों की सुंदरियों को हराया है. चीन के सायना सिटी एरेना में हुए इस समारोह में मिस वर्ल्‍ड 2016 प्‍यूरटो रिको ने मानुषी को ये सम्‍मान दिया.प्रियंका चोपड़ा के बाद भारत ने 17 साल बाद ये खिताब अपने नाम किया है. मानुषी मेडिकल स्‍टूडेंट हैं. उनके पिता मेडिसिन में एमडी हैं. उनकी मां नीलम भी बायोकेमिस्‍ट्री में एमडी हैं. ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा से लेकर डियाना हेडन तक अब तक छह भारतीय सुंदरियों को मिस वर्ल्ड का खिताब मिल चुका है. 
भारत की रेटिंग में सुधार के बाद मूडीज निवेशक सेवा ने ओ एन जी सी, एन टी पी सी और गेल सहित भारत के नौ सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों की रेटिंग बढ़ाई
मूडी निवेशक सेवा ने 9 सरकारी स्‍वामित्‍व की कंपनियों की रेटिंग बढ़ा दी है। ये हैं - भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड - बी.पी.सी.एल., हिन्‍दुस्‍तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड - एच.पी.सी.एल., इंडियन ऑयल कार्पोरेशन - आई.ओ.सी., पेट्रोनेट एल.एन.जी. लिमिटेड- पी.एल.एल., तेल और प्राकृतिक गैस निगम - ओ.एन.जी.एसी., राष्‍ट्रीय ताप बिजली निगम - एन.टी.पी.सी., भारतीय पनबिजली निगम - एन.एच.पी.सी., भारतीय राष्‍ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण - एन.एच.ए.आई. और गेल इंडिया।
बी.पी.सी.एल., एच.पी.सी.एल., आई.ओ.सी. और पी.एल.एल. की विदेशी मुद्रा रेटिंग बीएए-3 से बढ़ाकर बीएए-2 कर दी गई है। इनकी रेटिंग को अनुकूल से स्थिर घोषित किया गया है।ओ.एन.जी.सी. की रेटिंग बीएए-2 से बढ़ाकर बीएए-1 कर दी गई है, जबकि एन.टी.पी.सी., एन.एच.पी.सी., एन.एच.ए.आई. और गेल इंडिया की रेटिंग को भी बढ़ाकर बीएए-2 स्थिर किया गया है।
केन्‍द्र ने किसानों की सहायता के लिए खाद्य तेलों पर आयात शुल्‍क बढ़ाया
केन्‍द्र ने कच्‍चे पाम ऑयल पर आयात शुल्‍क 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रति‍शत और रिफाइंड ऑयल पर 20 से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया है। अधिसूचना के अनुसार इन वस्‍तुओं के सस्‍ते आयात पर रोक लगाने और किसानों की मदद के लिए घरेलू कीमतें बढ़ाने के लिए ऐसा किया गया है। सोयाबीन तेल, सूरजमुखी तेल, कच्‍चे और रिफाइंड राई तथा सरसों तेल के आयात शुल्‍क में भी वृद्धि की गयी है।
मिस्र ने एक दशक में पहली बार मानवीय आधार पर गाजा से लगी अपनी सीमा खोली
मिस्र ने एक दशक में पहली बार मानवीय आधार पर गाजा से लगी अपनी सीमा चौकी खोल दी है जिससे अब इस पर फिर से फलस्‍तीन का नियंत्रण हो जाएगा।  2007 में हमस ने गाजा पर जबरन कब्‍जा कर लिया था जिससे इस्राइल और मिस्र के बीच एक-दूसरे के खिलाफ पाबंदियों की शुरूआत हुई थी। इसकी वजह से गाजा के करीब बीस लाख निवासियों को आवागमन संबंधी कड़ी पाबंदियों का सामना करना पड़ रहा था।
एटीपी चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट में यूकी भांबरी ने रामकुमार रामनाथन को हराकर खिताब जीता
यूकी भाम्‍बरी ने पुणे चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट का पुरूष सिंगल्‍स खिताब जीत लिया है। आज फाइनल में यूकी ने भारत के ही रामकुमार रामनाथन को 4-6, 6-3, 6-4 से हराया।
नासा ने वैश्‍विक वातावरण की निगरानी के लिए उपग्रह प्रक्षेपित किया
अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने एक अत्‍याधुनिक उपग्रह प्रक्षेपित किया है, जो वैश्‍विक वातावरण की निगरानी करेगा। इससे मौसम के बारे में अधिक सटीक पूर्वानुमान लगाने में मदद मिलेगी। ज्‍वाइंट पोलर सैटेलाइट सिस्‍टम-1 नाम का यह उपग्रह नासा और राष्‍ट्रीय वायुमंडल तथा महासागर प्रशासन का साझा प्रयास है।