अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में श्री दलवीर भंडारी के फिर न्यायाधीश चुने गए
भारत प्रतिभाओं को संरक्षित करने की दृष्टि से विश्व रैंकिंग में 51वें स्थान पर
भारत प्रतिभाओं को आकर्षित करने, उसका विकास करने और प्रतिभा पलायन रोकने की दृष्टि से विश्व रैंकिंग में 51वें स्थान पर पहुंच गया है। विश्व के प्रमुख बिज़नेस स्कूल आई एम डी की सूची में स्विट्ज़रलैंड पहले स्थान पर है। स्विट्जरलैंड, डेनमार्क और बेल्जियम के सबसे अधिक प्रतिस्पर्धात्मक देश होने से रैंकिंग में यूरोप की प्रधानता बनी हुई है।
ब्रिक्स देशों में चीन सबसे आगे है। उसका स्थान 40वां है। रूस 43वें और दक्षिण अफ्रीका 48वें स्थान पर है। ब्राजील भारत के बाद 52वें स्थान पर है।
सरकार ने संभार तंत्र यानी लाजिस्टिक्स को आधारभूत ढांचे का दर्जा दिया
सरकार ने संभार तंत्र यानी लॉजिस्टिक्स को अधोसंरचना क्षेत्र का दर्जा प्रदान किया है।इस निर्णय से लाजिस्टिक्स क्षेत्र को दीर्घकालीन अवधि के लिए बेहतर शर्तों पर वित्तीय संस्थानों से कर्ज मिल सकेगा। लाजिस्टिक्स यानी संभार तंत्र क्षेत्र में औद्योगिक पार्क, वेयर हाउस, कोल्ड स्टोरेज और परिवहन साधन सम्मिलित हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि लॉजिस्टिक्स उत्पादन के क्षेत्र में भारत 2017 में विश्व बैंक के लाजिस्टिक्स सूचकांक में 54 से उठकर 35 वें पायदान पर आ गया है।
संसद का शीत कालीन सत्र अगले महीने होगा
संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने कहा है कि संसद का शीतकालीन सत्र अगले महीने होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी कुछ चीजों को जानबूझकर भूल जाने की बीमारी का शिकार है क्योंकि यू पी ए शासन में 2008 और 2013 में दिसंबर के महीने में शीतकालीन सत्र आयोजित किए गए थे।
सरकार ने बनाई जी एस टी समिति
सरकार ने जी एस टी नेटवर्क के अध्यक्ष अजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में दस सदस्यों की समिति बनाई है, जो मौजूदा वित्त वर्ष में जी एस टी विवरणी भरने संबंधी आवश्यकताओं पर विचार करेगी। इस समिति में गुजरात, कर्नाटक, पंजाब और आंध्र प्रदेश के कर आयुक्तों को शामिल किया गया है। समिति अगले, कानूनों और कर विवरणी के प्रारूप में बदलाव समेत विभिन्न परिवर्तनों के बारे में सुझाव देगी। समिति अगले महीने की 15 तारीख तक अपनी रिपोर्ट देगी।
जिम्बाब्वे की संसद ने राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे पर महाभियोग की कार्रवाई शुरू की
जिम्बाब्वे की संसद ने रोबर्ट मुगाबे के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई चलाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। संसद के अध्यक्ष ने सदन में घोषणा की कि राष्ट्रपति को कार्यालय से हटाने के लिए वार वेटरेन नेता क्रिस मुतस्वांगवा ने एक प्रस्ताव पेश किया है, जिसका विपक्षी नेता ने समर्थन किया है। पूर्ण प्रस्ताव में श्री मुगाबे पर सत्ता हथियाने में अपनी पत्नी की मदद करने और अधिक उम्र हो जाने के कारण सही ढंग से जिम्मेदारियों का र्निवहन करने में नाकाम रहने के आरोप लगाये जाने की संभावना है।
अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में भारतीय पेनोरामा का उद्घाटन
48वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में आज भारतीय पेनोरामा का उद्घाटन किया गया। यह समारोह का सबसे लोकप्रिय खण्ड है। जानीमानी अभिनेत्री श्रीदेवी ने पणजी में दर्शकों से खचाखच भरे हॉल में भारतीय पेनोरामा की शुरूआत की घोषणा की।भारतीय पैनोरमा में 26 फीचर फिल्में और 16 गैर फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी।
भारत की चार महिला मुक्केबाज अपने-अपने वर्गों के क्वार्टर फाइनल में पहुँची
गुवाहाटी में महिला युवा मुक्केबाजी विश्व चैम्पियनशिप में आज भारत की चार मुक्केबाज अपने-अपने वर्गों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। अंकुशिता बोरो ने 64 किलो वजन वर्ग के, शशि चोपड़ा ने 57 किलो वजन वर्ग के, ज्योति गुलिया ने 51 किलो वजन वर्ग के और नीतू ने 48 किलो वजन वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले नेहा यादव और अनुपमा सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए पहले ही दो पदक पक्के कर चुकी हैं।
