ब्रह्मोस मिसाइल का परिक्षण सफल रहा
मोदी कैबिनेट ने दी पंद्रहवें वित्त आयोग के गठन को मंजूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने बुधवार को 15वें वित्त आयोग के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह आयोग देश के कर संसाधनों का अनुमान लगाएगा और केंद्र व राज्यों के बीच कर राजस्व के वितरण का नया फार्मूला सुझाएगा। इस आयोग का अध्यक्ष कौन होगा और यह किन-किन विषयों पर विचार विमर्श करेगा, इस बारे में सरकार आने वाले दिनों में अधिसूचना जारी करेगी।
आयोग की सिफारिशें एक अप्रैल 2020 से लागू होंगी। सरकार जल्द ही इस आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नाम तय करेगी।संविधान के अनुच्छेद 280 के तहत केंद्र और राज्यों के बीच कर राजस्व का बटवारा वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर ही होता है।
एफ.एम.सी.जी. कम्पनियों ने जीएसटी की दरों में कटौती के बाद अपने अनेक उत्पादों की कीमतें घटाईं।
आईटीसी, डॉबर, एचयूएल और मैरिको सहित उपभोक्ता सामान से जुड़ी एफएमसीजी कंपनियों ने कहा है कि उन्होंने आम उपभोक्ताओं को वस्तु और सेवा कर की दरों में कटौती का लाभ देने के लिए विभिन्न उत्पादों की कीमतों में कमी की है। इन कंपनियों ने कल कहा कि वे उन अन्य मदों में भी कटौती करेंगी, जिनके लिए जीएसटी की दर में कमी की गई है। केन्द्रीय उत्पाद और सीमा शुल्क बोर्ड की अध्यक्ष वनजा सरना ने सभी प्रमुख एफएमसीजी कंपनियों को लिखे पत्र में उन सभी उत्पादों पर अधिकतम खुदरा मूल्य तत्काल संशोधित करने को कहा था, जिनके लिए जीएसटी परिषद ने करों मे कटौती की घोषणा की है।
ज़िम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे ने 37 वर्ष के शासन के बाद पद से त्यागपत्र दिया
ज़िम्बाब्वे के राष्ट्रपति राबर्ट मुगाबे ने 37 वर्ष के अपने शासन के बाद पद से त्यागपत्र दे दिया है। उनके खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू किये जाने के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया है। वे 1980 में जिम्बाब्वे की स्वतंत्रता के बाद से शासक रहे हैं। हाल ही में सेना ने उन्हें उनके घर में नजरबंद कर दिया था और उन पर इस्तीफा देने का भारी दबाब बनाया गया था। सत्तारूढ़ जैड ए एन यू-पी एफ पार्टी के सांसदों और विपक्ष ने भी उनके खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू कर दी।
लेबनॉन के प्रधानमंत्री सकुशल स्वदेश लौटे
लेबनॉन के प्रधानमंत्री साद हरीरी देश के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कल रात स्वदेश लौट आये। वे लगभग तीन सप्ताह पहले अचानक इस्तीफा देकर देश छोड़कर चले गये थे। उन्होंने चार नवम्बर को सऊदी अरब से टेलीविजन पर संबोधन में पद छोड़ने की घोषणा की थी। आशा की जा रही है कि श्री हरीरी आज स्वतंत्रता दिवस की सैन्य परेड और राष्ट्रपति भवन के परम्परागत समारोह में शामिल होंगे।
