निर्वाचन आयोग ने ई. पलानीसामी और ओ. पनीरसेल्वम गुट के विलय को मान्यता देते हुए पार्टी को दो पत्तियों वाला चुनाव चिन्ह दिया।
निर्वाचन आयेाग ने ऑल इंडिया अन्ना डी एम के पार्टी के ई. पलानीसामी और ओ. पनीरसेल्वम दोनों गुटों के विलय को मान्यता देते हुए पार्टी को दो पत्तियों वाला चुनाव चिन्ह दे दिया। आयोग ने कहा कि विलय के बाद इस दल को संगठन और विधायिका के अधिकांश सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। नए गुट ने वी के ससिकला को ए आई ए डी एम के पार्टी के महासचिव बनाए जाने के फैसले को चुनौती दी थी।
यह दूसरा मौका है जब दो पत्ती चुनाव चिन्ह पर रोक लगाई गई और दोबारा पार्टी को दे दिया गया। दो पत्ती निशान पहली बार उस समय जब्त किया गया था, जब पार्टी के संस्थापक एम.जी. राम चन्द्रन के निधन के बाद पार्टी में विभाजन हुआ। दूसरी बार दो पत्ती चिन्ह जय ललिता के निधन के बाद ओ. पनीर सेल्वम और ईके पलनीसामी के नेतृत्व में 22 मार्च को पार्टी के दो गुटों में बंटने पर जब्त किया गया। हालांकि अगस्त में दोनों गुटों के बीच विलय हो गया।
श्री मोदी ने साइबर स्पेस पर विश्व सम्मेलन का उद्घाटन किया।
साइबर स्पेस के बारे में दो दिन का विश्व सम्मेलन आज नई दिल्ली में शुरू हुआ। भारत में इसका आयोजन पहली बार किया जा रहा है। 124 देशों के प्रतिनिधि और 31 देशों के 33 मंत्रिस्तरीय शिष्टमंडल सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।श्री मोदी ने उमंग नाम के मोबाइल ऐप की भी शुरूआत की, जो भारत सरकार के कई मोबाइल ऐप का संयुक्त मंच है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने मध्यप्रदेश के व्यापम परीक्षा घोटाले में 592 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो- सी बी आई ने मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाला मामले में पांच सौ 92 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए हैं। ये आरोप पत्र प्री मेडिकल टेस्ट 2012 की परीक्षा की सी बी आई जांच के संबंध में है। सी बी आई ने 9 जून 2015 को उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद यह जांच शुरू की थी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिवालियापन और धनशोधन अक्षमता संशोधन अधिनियम 2016 में संशोधन संबंधी अध्यादेश को मंजूरी दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिवालियापन और धनशोधन अक्षमता संशोधन अधिनियम-2016 को मंजूरी दे दी है। यह संहिता, जो पिछले साल चलन में आई, एक बाजार निर्धारित और समयबद्ध दिवाला संकल्प प्रक्रिया प्रदान करती है। इस अध्यादेश का उद्देश्य अनैतिक और अवांछित व्यक्तियों को संहिता के प्रावधानों का दुरूपयोग करने या उससे विचलित होने को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय प्रदान करना है।
म्यामां और बंगलादेश के बीच रोहिंजा शरणार्थियों की स्वदेश वापसी पर समझौता।
बंगलादेश और म्यामां ने रोहिंजा की स्वदेश वापसी के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें समय सीमा का उल्लेख नहीं है, लेकिन इससे काफी उम्मीद की जा रही है कि शरणार्थी अगले दो महीने के अंदर स्वदेश लौटना शुरू कर देंगे। आज म्यामां की राजधानी नाएप्यीडॉ में बंगलादेश के विदेश मंत्री अबुल हसन महमूद और म्यामां की विदेश मंत्री आंग सान सू ची के बीच लम्बी बातचीत के बाद ये समझौता हुआ।
पी०वी०सिंधु हांगकांग ओपन सुपरसीरीज बैडमिंटन चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
पी. वी. सिंधु हांगकांग ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। अंतिम चार में जगह बनाने के लिए सिंधु को अब पांचवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जापान की अकाने यामागुची से खेलना है। सायना नेहवाल चीन की चेन यूफेई से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। वहीं पुरूष सिंगल्स में भी भारतीय चुनौती समाप्त हो गयी है। आज एच. एस. प्रणय को जापान के काजुमासा साकाई से 21-11, 10-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।
