उपराष्ट्रपति नायडू ने आंप्र में अंतर्देशीय जलमार्ग का शिलान्यास किया
इसमें पर्यटन स्थलों में चार तैरते हुए टर्मिनल होंगे, विजयवाड़ा में दुर्गा घाट और भवानी द्वीप जबकि वेदादरी और अमरावती में तीर्थयात्रा केन्द्र होंगे। दोनों चरणों में 315 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण होगा जिसकी लागत करीब 7,015 करोड़ रुपये आएगी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जिबूती और इथोपिया की यात्रा पर रवाना
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज चार दिवसीय यात्रा पर जिबूती और इथोपिया के लिए रवाना हो गये। राष्ट्रपति के रूप में रामनाथ कोविंद की यह पहली विदेश यात्रा है।जिबूती के राष्ट्रपति इस्माइल उमर के निमंत्रण पर वह तीन और चार अक्तूबर को वहां का दौरा करेंगे। जिबूती में भारत के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष का यह पहला दौरा होगा। इससे पहले इस देश में भारत की तरफ से राज्य मंत्री ने प्रतिनिधित्व किया है। चार से छह अक्तूबर तक कोविंद इथोपिया में रहेंगे। इससे पहले इस देश में राष्ट्रपति के तौर पर वीवी गिरी(1972 ) ने दौरा किया था।जिबूती हिंद महासागर का एक महत्वपूर्ण देश है जिसके साथ 2016-17 में भारत का द्विपक्षीय व्यापार 28.4 करोड़ डॉलर था।
देश का मूलभूत ढांचा क्षेत्र इस वर्ष अगस्त में 4.9 प्रतिशत की दर से बढ़ा
कोयला और बिजली क्षेत्रों के बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर देश का मूलभूत ढांचा क्षेत्र इस वर्ष अगस्त में चार दशमलव नौ प्रतिशत की दर से बढ़ा जो पांच महीने का उच्चतम स्तर है। पिछले वर्ष अगस्त में वृद्धि की यह दर तीन दशमलव एक प्रतिशत थी और इस वर्ष जुलाई में यह दर दो दशमलव छह प्रतिशत थी।रिफाइनरी उत्पादन दो दशमलव चार प्रतिशत बढ़ा और स्टील के उत्पादन में तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वर्ष 2017 का भौतिकी विज्ञान का नोबेल पुरस्कार अमरीका के तीन वैज्ञानिकों को
वर्ष 2017 का भौतिकी विज्ञान में नोबेल पुरस्कार अमरीका के तीन वैज्ञानिकों को दिया गया है। गुरूत्वीय तरंगों की पहचान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। सुविख्यात वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टाइन ने इनके बारे में जानकारी दी थी और ये तरंग रिलेटिबिटी थियुरी यानी सापेक्षता सिद्धांत का एक बुनियादी निष्कर्ष है। पुरस्कार विजेता लीगो-विरगो बेधशाला के सदस्य हैं और इसी बेधशाला से गुरूत्वीय तरंगों का पता लगाया गया था। कुल 90 लाख क्रोनर पुरस्कार धनराशि में से 45 लाख क्रोनर प्रोफेसर वीज को दिया जायेगा और शेष 45 लाख क्रोनर की रकम में से आधी-आधी राशि बैरिश बैरिश और कीप थॉर्न को मिलेगी।
नवाज शरीफ फिर से पीएमएल-एन पार्टी के प्रमुख निर्वाचित
नवाज शरीफ को पाकिस्तान के सत्तारूढ़ दल पीएमएल-एन का आज फिर से अध्यक्ष चुना गया।संसद ने हाल ही में एक विवादित विधेयक पारित करके, प्रधानमंत्री पद से हट चुके नवाज शरीफ की, राजनीति में वापसी का रास्ता साफ कर दिया है। पनामा पेपर्स कांड में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 28 जुलाई को अयोग्य ठहराये जाने के बाद पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ (67) को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।जन प्रतिनिधित्व कानून, 1976 के तहत अयोग्य ठहराया गया एक व्यक्ति पार्टी में पदाधिकारी के पद पर नहीं रह सकता है।
ओला को दो अरब डॉलर का वित्तपोषण मिला
एप आधारित टैक्सी सेवा कंपनी ओला को साफ्टबैंक समूह और टेन्सेंट होल्डिंग्स सहित निवेशकों के समूह से दो अरब डॉलर का वित्तपोषण मिला है।इस वित्त पोषण से ओला को अपनी अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी उबर से मुकाबला करने में मदद मिलेगी। दोनों कंपनियों के बीच भारतीय बाजार में शीर्ष स्थिति के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा छिड़ी हुई है।
साल 2027 तक 6 ट्रिलियन डॉलर की होगी भारतीय अर्थव्यवस्था: मोर्गन स्टैनले
मोर्गन स्टैनले के अनुमान के मुताबिक आने वाले दशक में भारत की सालाना जीडीपी बढ़ोतरी दर 7.1 फीसदी से 11.2 फीसदी के बीच रहेगी|वैश्विक फर्म की रिपोर्ट के मुताबिक भारत की वार्षिक जीडीपी बढ़ोतरी का रूख लगातार आगे बढ़ने वाला रहा है। 1990 के दशक में यह 5.8 फीसद रहा जो 2000 के दशक में बढ़कर 6.9 फीसद हो गया। इस तरह से अगले दशक में भी इसके बेहतर रहने की तेज संभावना है। मोर्गन स्टैनले का मानना है कि डिजिटलीकरण से जीडीपी ग्रोथ को 50 से 75 बेसिस प्वाइंट की बढ़त देखने को मिलेगी। अनुमान है कि 2026-27 तक भारत की अर्थव्यवस्था 6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (6 हजार अरब डॉलर) की हो जाएगी।
