भारतीय रिजर्व बैंक ने ब्याज दरों को पूर्ववत रखा। आर्थिक वृद्धि दर में कमी, छह दशमलव सात प्रतिशत रहने का अनुमान।
भारतीय रिजर्व बैंक ने अपनी प्रमुख ब्याज दरों को पूर्ववत् रखा है। रेपो रेट छह प्रतिशत तथा रिवर्स रेपो रेट पांच दशमलव सात पांच प्रतिशत पर यथावत् रखे गए। रिजर्व बैंक ने वर्तमान वित्त वर्ष के लिये आर्थिक वृद्धि दर में संशोधन करते हुये इसके छह दशमलव सात प्रतिशत रहने की आशा व्यक्त की है। जबकि अगस्त में वृद्धि दर सात दशमलव तीन प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गयी थी। भारतीय रिजर्व बैंक ने मुद्रा स्फीति बढने के संकेत दिये हैं। बैंक ने कहा है कि इस वर्ष की दूसरी छमाही में मुद्रा स्फीति की दर चार दशमलव दो से लेकर चार दशमलव छह प्रतिशत के बीच में रहने की संभावना है।
वैज्ञानिक य़ाक दुबोशे, युआखिम फ्रैंक और रिचर्ड हैंडसर्न को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा।
रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार स्विटजरलैंड के याक दुबोशे, अमरीका के युअखिम फ्रैंक और ब्रिटेन के रिचर्ड हेंडर्सन को संयुक्त रूप से दिया जाएगा। उन्हें यह पुरस्कार क्रायो-इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी के क्षेत्र में दिया जा रहा है। यह न्यूनतम तापमान की स्थिति में जैव अणुओं की संरचना को सरल और बेहतर प्रदर्शित करने का तरीका है। नोबेल समिति ने कहा है कि अब जैव अणुओं की त्रिआयामी संरचना आसान हो जाएगी।
अमरीका ने सभी श्रेणियों की एच-1बी कार्य वीजा प्रक्रिया फिर शुरू की।
अमरीका में सभी श्रेणियों के एच-1बी कार्य वीजा देने की प्रक्रिया फिर शुरू कर दी गई है। कुछ महीने पहले, इस वीजा के लिए बड़ी संख्या में आए आवेदन निपटाने का काम अस्थायी तौर पर स्थगित कर दिया गया था। भारत के सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लोगों के बीच यह वीजा बड़ा लोकप्रिय है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने न्यूयॉर्क में पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन के दौरान अमरीकी विदेश मंत्री रेक्स टिलर्सन से अलग से बातचीत में वीजा का मुद्दा उठाया था। एच-1बी वीजा के अंतर्गत अमरीकी कंपनियों को सैद्धांतिक या तकनीकी विशेषज्ञता वाले विदेशी लोगों को नौकरी देने की अनुमति मिलती है।
जेटली की यात्रा पर भारत, बांग्लादेश 4.5 अरब डॉलर के करार पर करेंगे हस्ताक्षर
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली तीन दिवसीय यात्रा पर बांग्लादेश पहुंचे। जेटली की यात्रा के दौरान बांग्लादेश और भारत तीसरी ऋण सुविधा (एलओसी) समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। इस समझौते के तहत बुनियादी ढांचे और सामाजिक क्षेत्र के विकास पर 4.5 अरब डॉलर खर्च किये जायेंगे। जेटली की यात्रा के दौरान के 4.5 अरब डॉलर के ऋण सुविधा समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिसकी घोषणा प्रधानमंत्री शेख हसीना की नई दिल्ली यात्रा के दौरान की गयी थी।निवेश संवर्धन और संरक्षण को लेकर दोनों देशों के बीच एक और समझौता होने की भी उम्मीद है।
भारत और स्विट्जरलैंड के बीच रेल क्षेत्र में तकनीकी सहयोग पर समझौता ज्ञापन को मंत्रिमंडल की स्वीकृति। लिथुआनिया के साथ प्रत्यर्पण संधि की भी पुष्टि।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने भारत और स्विटजरलैण्ड के बीच रेल क्षेत्र में तकनीकी सहयोग पर समझौता ज्ञापन को स्वीकृति दे दी है। मंत्रिमंडल के अन्य फैसलों में भारत और म्यामां के बीच म्यामां के यामेतिन में महिला पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र को आधुनिक बनाने का समझौता ज्ञापन शामिल है। मंत्रिमंडल ने भारत और लिथुआनिया के बीच प्रत्यर्पण संधि की पुष्टि भी की है। इस संधि से लिथुआनिया से आतंकवादियों, आर्थिक और अन्य अपराधियों के प्रत्यर्पण के लिए कानूनी व्यवस्था हो सकेगी। इस समझौते के लागू होने से भारत में अपराध करके भागे अपराधियों को लिथुआनिया से प्रत्यर्पण करके उन पर आपराधिक मुकदमा चलाया जा सकेगा।
आइडिया-वोडाफोन का विलय मार्च में होने की संभावना
वोडाफोन इंडिया और आइडिया सेल्यूलर के बीच विलय सौदा अगले साल मार्च में पूरा होने की उम्मीद है। उस समय तक दोनों कंपनियों को सभी नियामकीय मंजूरी मिल जाने की संभावना है।दोनों कंपनियां मंजूरी को लेकर फिलहाल राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के समक्ष हैं। उसके बाद उन्हें दूरसंचार विभाग से अंतिम मंजूरी लेनी है। आइडिया सेल्यूलर शेयरधारकों और ऋणदाताओं के साथ 12 अक्तूबर को बैठक करेगी और वोडाफोन इंडिया के कारोबार में विलय को लेकर मंजूरी लेगी।सके साथ देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी अस्तित्व में आएगी जिसका मूल्य 23 अरब डालर से अधिक तथा बाजार हिस्सेदारी 35 प्रतिशत होगी।
