जी.एस.टी. परिषद ने 27 वस्तुओँ पर कर की दर कम की, तिमाही रिटर्न जमा करने की अनुमति।
वस्तु और सेवाकर - जी एस टी परिषद ने आम आदमी, छोटे व्यापारियों और निर्यातकों को बड़ी राहत देते हुए 27 वस्तुओँ पर जी एस टी कर की दर कम कर दी है और तिमाही रिटर्न जमा करने की अनुमति दे दी है। केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में कल नई दिल्ली में जी एस टी परिषद की बैठक हुई जिसमें सूखे आम, खाखड़ा, सादी रोटी, बिना ब्रांड वाली नमकीन, बिना ब्रांड वाली आयुर्वेदिक दवाइयों और रद्दी कागज पर कर की दर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी है।
स्टेशनरी उत्पादों, मार्बल और ग्रेनाइट को छोड़कर अन्य टाइल्स, डीजल इंजन के पुर्जों और पम्प्स पर कर की दर घटाकर 28 से 18 प्रतिशत कर दी गई है। इनके अलावा जरी की कढाई,आर्टीफिशियल गहनों, खाद्य वस्तुओं और मुद्रण पर पांच प्रतिशत जीएसटी लगेगा। श्री जेटली ने कहा कि डेढ़ करोड़ रूपए तक का कारोबार करने वालों को अब तिमाही आधार पर रिर्टन दाखिल करना होगा।कम्पोजिशन योजना के तहत व्यापारियों को एक प्रतिशत, विनिर्माताओं को दो प्रतिशत और रेस्त्रां को पांच प्रतिशत जी एस टी देना होगा।
छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण के लिए क्लोरीनेटेड प्लास्टिक और पोलीविनाइल फ्लोराइड के इस्तेमाल पर प्रतिबंध।
छत्तीसगढ़ सरकार ने क्लोरीनेटेड प्लास्टिक और पोलीविनाइल फ्लोराइड पी वी सी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। ये फैसला पर्यावरण के संरक्षण और उसमें सुधार के उद्देश्य से किया गया है। इनमें पीबीसी के बैनर, फ्लैग्स, होर्डिंग के अलावा खानपान में काम आने वाली प्लास्टिक की वस्तुओं जैसे कप, प्लेट, गिलास, चम्मच भी शामिल हैं। इस प्रकार की प्लास्टिक जनित वस्तुओं के निर्माण, भंडारण, आयात, विक्रय, उपयोग और परिवहन पर तत्काल प्रभाव से पाबंदी लगा दी गयी है। राज्य सरकार द्वारा जारी की गयी अधिसूचना में कहा गया है कि प्लास्टिक की ऐसी वस्तुओं से गटर और नालियों में रुकावट आती है और इनसे पर्यावरण को अल्पकालीन और दीर्घकालीन नुकसान पहुंचता है।
बीएसएनएल, मोबिक्विक वालेट के जरिए एक करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन
दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल व डिजिटल भुगतान फर्म मोबिक्विक के को-ब्रांडेड मोबाइल वालेट के जरिए पहले 45 दिन में ही एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का लेनदेन हुआ है। एक बयान के अनुसार कंपनियां अगले 12 महीने में सकल वस्तु मूल्य (जीएमवी) में 10 गुना वृद्धि की उम्मीद कर रही हैं। इसके अनुसार ब्रांडेड वालेट के जरिए पहले 45 दिन में ही एक करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है।इस बीएसएनएल वालेट को अगस्त महीने में दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा ने पेश किया था। इसके नेटवर्क पर 15 लाख से अधिक मर्चेंट हैं और यह अपनी तरह का सबसे बड़ा वालेट है।
राजकोट में नया हवाई अडडा और छह लेन के अहमदाबाद-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अनेक परियोजनाअें की आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री ने राजकोट में नए हवाई अड्डे, 6 लेन के अहमदाबाद-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग और चार लेन के राजकोट-मोरबी राजमार्ग का शिलान्यास किया। श्री मोदी ने सूरसागर डेयरी के स्वचालित दुग्ध प्रसंस्करण केन्द्र और पैकेजिंग संयंत्र तथा सुरेन्द्र नगर जिले के जोरवर नगर और रतनपुर में पेयजल की पाइप लाइन को राष्ट्र को समर्पित किया।
भारतीय वायुसेना कल अपना 85वां स्थापना दिवस मनायेगी
भारतीय वायुसेना कल अपना 85वां स्थापना दिवस मनायेगी। मुख्य आयोजन दिल्ली के नजदीक हिंडन वायु सैनिक अड्डे पर होगा। इस अवसर पर वायु सेना दिवस का प्रतीक बन चुके सेना के विभिन्न विमान हवाई करतब दिखायेगें और आकाश गंगा का प्रदर्शन होगा। आकाश गंगा प्रदर्शन में वायु सैनिकों का एक दल विभिन्न रंगों के पैराशूट के साथ ए.एन.-32 विमान से छलांग लगाएंगे। आयोजन के अंत में पुराने विमानों, आधुनिक मालवाहक विमान और लड़ाकू विमानों का हवाई प्रदर्शन होगा।
अमरीका सरकार ने सऊदी अरब को मिसाइल रक्षा प्रणाली बेचने को मंजूरी दी
अमरीका सरकार ने सऊदी अरब को उन्नत टर्मिनल हाई अल्टीटयूड एरिया डिफेंस (थार्ड) मिसाइल रक्षा प्रणाली बेचने को मंजूरी दे दी है। विदेश विभाग ने एक वक्तव्य में कल बताया कि 15 अरब अमरीकी डॉलर के इस समझौते से अमरीका की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति संबंधी हित और सुदृढ़ होंगे। इस मिसाइल रक्षा प्रणाली से ईरान और दूसरे क्षेत्रीय खतरों से सऊदी अरब और खाड़ी की सुरक्षा बढ़ेगी।
